देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जनप्रतिनिधि शिकायत कर रहे हैं कि ऊर्जा निगम समेत अन्य कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी फोन नहीं उठा रहे हैं।
शनिवार को विकास भवन में आयोजित बैठक में विधायक विनोद कंडारी ने ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। कहा कि अघोषित विद्युत कटौती से जनता दोहरी मार झेल रही है। मुंडोली में सड़क पर झूलते तार को हटाने, क्षेत्र के प्रत्येक गांव की लाइन को बंच केबल में बदलने, हिंडोलाखाल और पौड़ीखाल में आपूर्ति नियमित करने, लक्षमोली नलकूप का संचालन, कमांद, तोली-चपोली में नया नलकूप लगाने के निर्देश दिए। ग्रामीण निर्माण विभाग की ईई मीनल गुलाठी को ब्लॉक भवन कीर्तिनगर का कार्य पूरा करने, मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल हिंडोलाखाल ब्लॉक भवन की डीपीआर शासन को भेजने, पटवारी चौकियों का जल्द निर्माण पूरा करने, सिंचाई विभाग को देवप्रयाग, चौरास में तीन स्टेज में आस्था पथ बनाने, मलेथा, बडकोट, सिरसेड, जुयालगढ़ में नहरों की मरम्मत के निर्देश दिए। सीडीओ नमामी बंसल ने कहा कि बैठक में हुए निर्णय का कार्यवृत्त जारी कर कृत कार्रवाई से विधायक और उन्हें अवगत कराएं। इस मौके पर एसडीएम सोनिया पंत, डीडीओ सुनील कुमार, जल संस्थान के ईई नरेशपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र कुंवर, नरेंद्र भंडारी, अमित मेवाड़, रणजीत जाखी, वासुदेव भट्ट, प्रमोद पंवार, महावीर कठैत आदि मौजूद थे।