उत्तराखंडः 'अज्ञात वास' पर निकली बर्खास्त हरीश रावत सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में सियासी महाभारत के बीच ‘अज्ञात वास’ पर निकली बर्खास्त हरीश रावत सरकार इन दिनों हिमाचल के सिरमौर जिले के जमटा में मंथन कर रही है।
नई सरकार बनाने के लिए यहीं से जोड़तोड़ भी चल रहा है। नाहन के समीप जमटा स्थित होटल ग्रेंड व्यू में निवर्तमान सीएम हरीश रावत के साथ आधा दर्जन मंत्री और 19 कांग्रेस विधायक रुके हैं। मेजबान वीरभद्र सरकार है। सभी मेहमानों का खास ख्याल रखा जा रहा है।
कड़ी सुरक्षा के बीच दिन में तफरीह के बाद यहां देर रात तक सरकार बनाने के लिए मंत्रणा हो रही है। होटल में छठी आईआरबी के डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में 24 घंटे हिमाचल पुलिस पहरा दे रही है। किसी को भी भीतर मोबाइल और कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं है।
विजय बहुगुणा के भी नाहन में होने की सूचना
सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस के बागी विधायकों के अगुवा विजय बहुगुणा का एक करीबी विधायक भी रविवार को जमटा में हुई मंत्रणा के दौरान मौजूद रहा। हालांकि, यह विधायक कुछ देर ठहरने के बाद रविवार को ही देहरादून लौट गया।
खुद विजय बहुगुणा के भी नाहन में होने की सूचना है। जमटा में हो रही मंत्रणा में विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल मौजूद नहीं हैं। उधर, सोमवार को आधा दर्जन विधायक कुछ समर्थकों के साथ पर्यटन स्थल रेणुका और एक दर्जन विधायक अपने समर्थकों के साथ कांगड़ा में बैजनाथ मंदिर, ज्वाला जी मंदिर में दर्शनों के लिए रवाना हुए हैं।
होटल ग्रैंड व्यू के मैनेजर सुभाष कुमार ने उत्तराखंड से विधायकों और मंत्रियों के रुकने की पुष्टि तो की लेकिन उन्होंने कहा कि वे किसी को पहचानते नहीं हैं। यहां विधायकों का रात-दिन आना जाना लगा हुआ है।