हरीश रावत ने फिर लगाई विधायकों की बोली, एक और स्टिंग आया सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा में शक्ति परीक्षण और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से सीबीआई की होने वाली पूछताछ से ठीक एक दिन पहले सामने आए एक और स्टिंग ने उत्तराखंड में सियासी हड़कंप मचा दिया है।
पहले भी पूर्व सीएम रावत के खिलाफ स्टिंग कर चुके एक न्यूज चैनल ने रविवार को नया स्टिंग जारी कर कांग्रेस के 12 विधायकों को एकजुट रखने के लिए लाखों रुपये दिए जाने का दावा किया है। दावे के मुताबिक इन विधायकों को ‘खर्चा पानी’ के नाम पर 25-25 लाख रुपये दिए गए।
चैनल का दावा है कि इससे संबंधित सारा खुलासा कांग्रेस के बागी विधायक हरक सिंह रावत की पूर्व सीएम रावत के करीबी विधायक मदन बिष्ट से बातचीत में हुआ। प्रेस कांफ्रेंस में दिखाए गए स्टिंग में कहीं भी हरक सिंह का चेहरा सामने नहीं आया, जबकि मदन बिष्ट का चेहरा कई बार सामने आया। चैनल ने दावा किया कि स्टिंग एक सप्ताह पूर्व किया गया है।
गौरतलब है कि चैनल ने इससे पहले भी रावत का स्टिंग किया था। इसी मामले में पूर्व सीएम रावत से सोमवार को सीबीआई पूछताछ करने वाली है, जबकि मंगलवार को उत्तराखंड विधानसभा में बहुमत परीक्षण होना है। सीबीआई इस दूसरे स्टिंग का भी संज्ञान लेगी। जांच एजेंसी ने उक्त चैनल के प्रमुख उमेश कुमार को स ोमवार सुबह 10:30 बजे स्टिंग का टेप लेकर बुलाया है।
वह पहले की तरह दूसरे स्टिंग का भी संज्ञान लेगी CBI
स्टिंग में हरक सिंह विधायक बिष्ट से खुद का खेल खराब होने पर कई सवाल पूछते हैं। विधायक बिष्ट का दावा है कि इस मामले में राज्य की प्रभारी महासचिव अंबिका सोनी, अहमद पटेल और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का फोन आने के बाद वह मोर्चे पर जुटे।
बिष्ट ने यह भी दावा किया कि एक दर्जन विधायक उनके पास खर्चा पानी के लिए रो रहे थे। इसके बाद उन्होंने पूर्व सीएम रावत से बात की। बिष्ट ने दावा किया कि रावत खनन से कमाए धन विधायकों पर खर्च कर रहे हैं।
इन विधायकों को पहली किश्त के रूप में 10-15 लाख रुपये दिए गए। इसके बाद दूसरी किश्त के रूप में भी इतनी ही रकम दी गई। बिष्ट के मुताबिक इन विधायकों को और रकम दी जानी है। भले ही बहुमत परीक्षण के मामले में कांग्रेस भाजपा पर बढ़त बनाती दिख रही हो, मगर इस पूरे खेल में पूर्व सीएम रावत की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पहले ही एक स्टिंग मामले में सीबीआई जांच का सामना कर रहे रावत अब दूसरे स्टिंग की जद में हैं। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि वह पहले की तरह दूसरे स्टिंग का भी संज्ञान लेगी।