चीनी मांझे की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की गर्दन और मुंह बुरी तरह कट गया। इस बीच दोनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। दोनों बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रुड़की के इमली रोड निवासी कलीम और फिरोज खान शनिवार दोपहर बाइक से गंगनहर की पटरी से होते हुए किसी काम से लिब्बरहेड़ी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह गंगनहर पुल के पास पहुंचे तो अचानक कहीं से उड़कर आए मांझे की चपेट में आ गए। मांझे की चपेट में आकर दोनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। मांझे से फिरोज खान का मुंह और कलीम की गर्दन बुरी तरह से कट गई। दोनों को लहूलुहान हालत में देख राहगीरों ने सूचना मंगलौर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही घटना की सूचना परिजनों को दी। वहीं, आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि गंगनहर किनारे रोजाना कुछ युवक चीनी मांझे से पतंग उड़ाते हैं। चीनी मांझे से पूर्व में भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने चीनी मांझा बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि चीनी मांझा बेचने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।