कार और कैदियों की तलाश में दिनभर दौड़ी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटियाला की नाभा जेल से फरार कैदियों और उन्हें भगाने वालों की तलाश में पुलिस टीम शुक्रवार दिनभर भागदौड़ करती रही। साथ ही होंडा सिटी कार की तलाश में जुटी रही। लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
दो दिन पहले मोहम्मदपुर झाल से पंजाब पुलिस की वर्दी और अन्य सामान भरा बैग मिलने के बाद से आशंका जताई जा रही है कि बैग उन्हीं बदमाशों का है जिन्होंने नाभा जेल ब्रेक कर कैदियों को फरार कराया है। मामले की पड़ताल में मंगलौर, कोतवाली रुड़की, कोतवाली गंगनहर पुलिस के साथ-साथ एसओजी, एटीएस और एसटीएफ भी जुटी हुई है। यही नहीं पंजाब पुलिस की टीम ने भी रुड़की में डेरा डाला हुआ है। शुक्रवार को पुलिस टीम शहर और आसपास की सभी कार पार्किंगों में सफेद रंग की होंडा सिटी कार की तलाश करती रही। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए लेकिन, कार के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। इसके अलावा रुड़की, मंगलौर, भगवानपुर और झबरेड़ा आदि के गांवों में भी संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। होटल और लॉज आदि से भी जानकारी ली गई, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
गलत निकली सूचना
बीटी गंज बाजार में तीन दिन पहले पंजाब पुलिस देखे जाने की सूचना गलत निकली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि बीटी गंज बाजार की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। उसमें पंजाब पुलिस की वर्दी में कुछ युवकों के घूमने की जो बात सामने आई थी वह पुष्ट नहीं हो पाई है। फुटेज में एक पुलिसकर्मी नजर आ रहा है। वह कर्मी एक व्यक्ति का गनर है।
रातभर चला चेकिंग अभियान
नाभा जेल ब्रेक करने वाले क्षेत्र में हो सकते हैं इसकी आशंका को देखते हुए बृहस्पतिवार पूरी रात पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाली सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न चेक पोस्ट पर चेकिंग की। सभी वाहनों को चेकिंग के बाद जाने दिया गया। आरपीएफ और जीआरपी ने भी ट्रेनों की सघन चेकिंग की लेकिन, कोई संदिग्ध नहीं मिला। जबकि देहरादून से आई एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार शाम को मोहम्मदपुर झाल पहुंचकर जांच पड़ताल की।