रुड़की। लिब्बरहेड़ी शुगर मिल ने दस दिन का गन्ना भुगतान लिब्बरहेड़ी गन्ना समिति को जारी कर दिया है, जो जल्द ही किसानों के खातों में पहुंच जाएगा। मिल अधिकारियों ने जल्द ही बाकी भुगतान भी करने का दावा किया है।
उत्तम चीनी मिल में किसानों की समस्याओं को लेकर लिब्बरहेडी गन्ना समिति के निदेशक एवं चेयरमैन प्रतिनिधि सुशील राठी के नेतृत्व में मिल अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान कम इंडेंट आने के कारण किसानों को गन्ना बुवाई में हो रही देरी और गन्ना भुगतान को लेकर भी चर्चा की गई। इस पर मिल महाप्रबंधक लोकेंद्र लांबा ने 21 से 30 अप्रैल तक के गन्ना भुगतान के लिए करीब 9.76 करोड़ के चेक बैठक में उपस्थित गन्ना समिति के सचिव जय सिंह को दिए। वहीं बाकी बचे 14 मई तक के गन्ने का भुगतान शीघ्र करने का आश्वासन दिया। सुशील राठी ने मिल प्रबंधन के अधिकारियों को कहा कि गन्ना लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए, और यदि घटतौली की जाती है तो संबंधित एवं मिल के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस अवसर पर समिति के निदेशक ब्रजपाल सिंह, राजदीप सिंह, प्रेम सिंह, समिति के सचिव जय सिंह, किसान अनिल कुमार, मोहित चौधरी, राजवीर सिंह, पारुल कुमार, अवनीश कुमार, गन्ना प्रबंधक अनिल सिंह आदि उपस्थित रहे।