पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गांधी जयंती संकल्प दिवस के रूप में मनाई। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली की मांग को पूरा करने के लिए आंदोलन से जुड़े कर्मचारियों और शिक्षकों ने चंद्रशेखर चौक पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रखा जाएगा। इसके बाद सभी ने रामधुन गाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन से जुड़े शिक्षक और कर्मचारी शुक्रवार सुबह चंद्रशेखर चौक पर एकत्र हुए। जिला अध्यक्ष रोहित शर्मा के नेतृत्व में सभी ने अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रोहित शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था तत्काल लागू हो, क्योंकि सरकारी कर्मचारियों की भविष्य निधि के रूप में पेंशन ही सबसे बड़ा जीवन यापन का सहारा होती है। उन्होंने सरकार से पुरानी पेंशन तत्काल लागू करने की मांग की। मनमोहन शर्मा ने कहा कि सरकार ने जो नई पेंशन योजना बनाई है, उसमें तमाम खामियां हैं। इसे बंद कर पुरानी व्यवस्था लागू की जाए। प्रदीप बिष्ट ने कहा कि पुरानी पेंशन लागू कराने की मांग को लेकर सभी शिक्षक और कर्मचारी एकजुट हैं। जब तक मांग पूरी नहीं की होती, आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस दौरान नरेश राजा, सदा शिव भास्कर, संजय सावंत नीरज त्यागी, मनोज नवानी, अनिल चौधरी, विधि गुप्ता, सीमा और नीलम समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे।