सोमवार शाम शहर और देहात क्षेत्र में अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से करीब डेढ़ घंटे तक अंधेरा छाया रहा। शाम सात बजे से पहले अचानक बिजली गुल होने के बाद उपभोक्ताओं को काफी देर तक आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि रोस्टिंग से बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के कारण शहर और देहात क्षेत्र के कई बिजलीघर बंद हो गए थे। करीब 8.30 बजे के बाद सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।बिजली आपूर्ति बाधित होने से रामनगर, बिजलीघर नं. छह, हिमालय बिजलीघर, ब्रहमपुर, सोलानीपुरम सहित अन्य बिजलीघरों से जुड़े उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बिजली गुल होने के कारण शुरुआत में लोगों को लगा कि किसी स्थानीय फॉल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हुई है। काफी देर तक बिजली नहीं आने पर लोगों ने जानकारी जुटाई तो पूरे शहर और देहात क्षेत्र में आपूर्ति बंद होने की बात सामने आई।
बिजली कटौती के कारण घरेलू कार्यों के साथ ही व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई। शाम के समय बिजली नहीं होने से दुकानदारों और अन्य कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, घरों में रोजमर्रा के काम प्रभावित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता सविता, सोमनाथ और आरुषि शर्मा आदि ने बताया कि सोमवार शाम अचानक बिजली चली गई थी। काफी देर तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उन्होंने बिजलीघर और अन्य माध्यमों से जानकारी लेने का प्रयास किया। अधिकारियों के मुताबिक होस्टिंग या अन्य किसी कारण से ही बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। इसी वजह से बिजलीघरों की आपूर्ति प्रभावित हुई।