Pithoragarh: 2.780 किलो चरस के साथ युवक गिरफ्तार, कोर्ट में पेशशी के बाद आरोपी को जेल भेजा गया
पिथौरागढ़ में पुलिस और एसओजी ने 2.780 किलो चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
पिथौरागढ़ में नशे के खिलाफ पुलिस और एसओजी को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने 2.780 किलो चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी नेपाल निवासी एक व्यक्ति से चरस खरीद कर लाया था। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सीओ केएस रावत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम ने पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर चर्मा पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध को रोक कर उसकी तलाशी ली गई। उसके पास से 2.780 किलो चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान चंडाक के छेड़ा निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई।
टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जिसमें उसने बताया कि वह धारचूला से नेपाल निवासी एक व्यक्ति से चरस खरीद कर लाया है। इसे अन्य लोगों को ऊंचे दाम में बेचने की फिराक में था। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। सीओ रावत ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई, किस तक यह पहुंचाई जानी थी इसकी जांच की जा रही है। नशे के सामान की इस तस्करी में कितने लोग शामिल हैं इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस धंधे में जो भी शामिल होंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।