क्लास में पढ़ाते-पढ़ाते गणित के शिक्षक की हालत बिगड़ी, अस्पताल में हुई मौत
जीआईसी कालिका में तैनात गणित के शिक्षक का शुक्रवार को कक्षा में पढ़ाते वक्त अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गया। इलाज के लिए हल्द्वानी ले जाते समय उन्होंने लमगड़ा के पास दम तोड़ दिया।
शिक्षक अरुण कुमार दुबे (54) शुक्रवार दोपहर ढाई बजेे विद्यालय में बच्चों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। शिक्षक और छात्रों ने उन्हें धारचूला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हेें रात पौने नौ बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय से भी उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी ले जाते समय रात को 1:15 बजे लमगड़ा के पास उनकी तबियत बहुत ज्यादा बिगड़ गई। साथी शिक्षक उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार को परिजन मृतक के शव को अपने निवास स्थान जालौन (यूपी) ले गए। शिक्षक दुबे ने 22 वर्ष जीआईसी धारचूला में शिक्षा दी। पिछले पांच वर्षों से वह जीआईसी कालिका में तैनात थे। उनके निधन से छात्र, शिक्षक और अभिभावक सभी स्तब्ध हैं।