भर्ती में दौड़े एक हजार से अधिक युवा: 600 पदों के लिए चल रही प्रक्रिया के लिए देशभर से पहुंचे अभ्यर्थी
धारचूला में सेना की ओर से आयोजित पोर्टर भर्ती के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को 1000 से ज्यादा युवाओं ने दौड़ में भाग लिया। 600 पदों के लिए होने वाली भर्ती के लिए उत्तराखंड के साथ ही यूपी, हरियाणा, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से युवा यहां पहुंच रहे हैं।
विस्तार
धारचूला में सेना की ओर से आयोजित पोर्टर भर्ती के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को 1000 से ज्यादा युवाओं ने दौड़ में भाग लिया। सेना की मेडिकल टीम ने दौड़ में सफल युवाओं का मेडिकल कर और दस्तावेजों की जांच की।
धारचूला में सेना की ओर से आयोजित पोर्टर भर्ती के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। अब तक 10 हजार से अधिक युवा यहां पहुंच चुके हैं। सेना की ओर से आयोजित पोर्टर भर्ती एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक होनी है। 600 पदों के लिए होने वाली भर्ती लिए उत्तराखंड के साथ ही यूपी, हरियाणा, पंजाब, बंगाल, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से युवा यहां पहुंच रहे हैं।
बृहस्पतिवार को भी युवा दौड़ लगाने के लिए तड़के ही मैदान के बाहर पहुंचने लगे थे। पोर्टर भर्ती के लिए आए युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसको देखते हुए प्रशासन की ओर से ठहरने का प्रबंध किया गया है। गौरव सेनानी कल्याण समिति की ओर से भोजन कराया जा रहा है।
बस और टैक्सी सहित सभी वाहन फुल
धारचूला में चल रही पोर्टर भर्ती में देश भर से दस हजार से अधिक युवा पहुंचे हैं। इतनी भारी संख्या में युवाओं की भीड़ उमड़ने से वाहन ठसाठस भरकर जा रहे हैं। जो युवा भर्ती में असफल हो रहे हैं वह घरों को लौटने लगे हैं। ऐसे में वापसी में भी बसों से लेकर टैक्सियां भी फुल हैं। प्रशासन से टैक्सी संचालकों से युवाओं से निर्धारित किराए से अधिक न लेने की हिदायत दी है।