पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होंगे मदकोट के गर्म पानी के स्रोत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाकाली और गोरी गंगा के संगम पर ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन से प्रारंभ होने वाले इस प्राचीन मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जौलजीबी को बदला-बदला देखकर सुखद अहसास हो रहा है, उनका इशारा जौलजीबी में नेपाल-भारत को जोड़ने वाला झूलापुल बनने और 2013 की आपदा में तबाह हुए मेला स्थल के पुनर्निर्माण की ओर था। मुख्यमंत्री ने अगले वर्ष से छोटा कैलास और ऊं पर्वत के लिए कैलास मानसरोवर की तर्ज पर यात्रा संचालित करने, मदकोट क्षेत्र के गर्म पानी के स्रोतों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने जौलजीबी के मेले को संस्कृति का संगम बताते हुए कहा कि जौलजीबी को मध्यवर्ती कस्बे के रूप में विकसित किया जाएगा। कहा कि जौलजीबी के पुराने वैभव को लौटाना सरकार की प्राथमिकताओं में है। कहा कि मुनस्यारी में स्थापित पंडित माउंटेनियरिंग संस्थान दुनिया में साहसिक खेलों का प्रमुख स्तंभ साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने मिलम ग्लेशियर को लोगों के लिए खोलना चुनौती बताते हुए कहा कि मिलम ग्लेशियर को जाड़ों में हिमालय दर्शन योजना से जोड़ा जाएगा। कहा कि धार्मिक और साहसिक पर्यटन को इस क्षेत्र में रोजगार का जरिया बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि धारचूला विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। डेढ़ दर्जन सड़कें इसी साल बनने जा रही हैं। अगले तीन साल में कोई भी ग्रामीण इलाका सड़क से विहीन नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन साल बाद हुनरमंद बालिकाएं रोजगारविहीन नहीं रहेंगी। बालिकाओं को रोजगार देने के लिए योजना तैयार कर ली गई है। इस साल 30,000 पदों पर नियुक्तियां निकाली, जिसमें से 10,000 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति कर दी गई हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए ऐसी रोजगार नीति तैयार कर रही है जिससे कि अगले चार साल बाद पहाड़ से पलायन पर रोक लग जाएगी। अगले सात साल में पहाड़ से पलायन कर चुके लोग पुन: यहां लौटेंगे। उन्होंने पिथौरागढ़, धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट, कनालीछीना को क्षमतावान बनाने की घोषणा की।
सीएम ने किया स्टालों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मेलास्थल पर लगे स्टालों का उद्घाटन किया। मेला स्थल पर काष्ठकला, ऊनी उत्पादों के साथ ही बाल विकास विभाग, जिला उद्योग केंद्र, स्वास्थ्य विभाग, वन, उद्यान, शिक्षा, खादी, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के साथ ही स्थानीय उत्पादों के स्टाल लगे थे।
जौलजीबी पहुंचने पर सीएम का स्वागत
जौलजीबी पहुंचने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत का मेला कमेटी ने स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोरीछाल ने सीएम को 51 किलो की फूलों की माला पहनाई। मुख्यमंत्री के स्वागत में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज धारचूला की बालिकाओं ने गीत प्रस्तुत किए। उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी, पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर, गंगोलीहाट के विधायक नारायण राम आर्य, काग्रेस प्रदेश महासचिव जगत सिंह खाती, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, उक्रांद नेता काशी सिंह ऐरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, अस्कोट राजवंश के वारिस रजवार भानुराज पाल, कांग्रेस के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, सहकारिता परिषद के उप सभापति महेंद्र लुंठी, पालिकाध्यक्ष दशरथी खैर, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दौलत पाल, जौलजीबी व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू, उत्तराखंड जनजाति परिषद के उपाध्यक्ष कैलाश रावत, सीमांत क्षेत्र विकास परिषद के उपाध्यक्ष जय सिंह दानू, ब्लॉक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर, प्रशांत भंडारी, पूर्व प्रमुख होशियार खैर, कांग्रेस नेता राजू बुर्फाल, शकुंतला दताल, लीला बनग्याल, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन चंद्र भट्, एडवोकेट रमेश कापड़ी, मनोज ओझा, महिराज गर्ब्याल, राजू गंडी आदि ने विचार रखे। संचालन लक्ष्मण बिष्ट ने किया।
रावत ने किया झूसिया दमाई को याद
मुख्यमंत्री हरीश रावत ढूंगातोली (किमखोला) के विख्यात लोक गायक झूसिया दमाई को याद करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा नगाड़ा इसी क्षेत्र के कनार का है। जौलजीबी मेले के उद्घाटन पर कनार के विशाल नगाड़े को बजाया गया।
जौलजीबी मेले में राफ्टिंग शुरू
जौलजीबी मेले में रिवर राफ्टिंग भी शुरू हो गई है, इसका उद्घाटन सीमांत क्षेत्र विकास परिषद के उपाध्यक्ष जय सिंह दानू ने किया। केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि मेले के दौरान तीन दिनों तक कनालीछीना और धारचूला के 38 युवाओं को राफ्टिंग के साथ ही आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन मौके पर युवाओं ने जौलजीबी से हंसेश्वर तक महाकाली में 6 किमी राफ्टिंग की। राफ्टों के साथ एक कयाक भी सुरक्षा की दृष्टि से चल रहा था।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जौलजीबी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। स्वयं पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा सीएम की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे थे। सीएम के दौरे को देखते हुए जिलेभर से फोर्स जौलजीबी पहुंची थी।
छात्रों ने की सीएम के खिलाफ नारेबाजी
बार-बार घोषणा के बाद भी राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में बीए में इतिहास, भूगोल, गृह विज्ञान विषय के साथ ही एमए के कक्षाओं की मंजूरी देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इससे थोड़ी देर वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। यह लोग मुख्यमंत्री से मिलना चाह रहे थे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने मिलने दिया। विरोध करने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष नरेश रौतेला, उपाध्यक्ष विपिन बिष्ट, संदीप बोरा, दीपक बिष्ट, विरेंद्र धामी, केशव धामी आदि शामिल थे।