{"_id":"7f19014a965682965fd0c986c3d48ffc","slug":"leopard-arrived-at-the-school-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"फिर स्कूल में पहुंचा तेंदुआ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फिर स्कूल में पहुंचा तेंदुआ
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Mon, 22 Feb 2016 10:39 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिथौरागढ़ शहर के देवपुरी (सेरा) में सोमवार सुबह एक बड़ा तेंदुआ ठीक उसी स्कूल में घुसा मिला, जहां इससे पहले दो शावकों समेत तीन तेंदुओं को पकड़ा गया था। देवपुरी में फिर से तेंदुआ आने की सूचना से पुलिस, प्रशासन, वन विभाग के हाथपांव फूल गए।
विज्ञापन
आनन-फानन में वन, पुलिस महकमे के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्कूल के हॉल के रास्ते को अवरोध लगाकर बंद कर दिया लेकिन एक बार फिर वन महकमे की लाचारी सामने आ गई। महकमे ने अल्मोड़ा से ट्रेंकुलाइजर एक्सपर्ट को गन के साथ बुलवाया। आठ घंटे बाद तेंदुए को पिंजरे में डाला जा सका।
विज्ञापन
देवपुरी स्थित सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिका संगीता सौन स्कूल के निर्माणाधीन मीटिंग हॉल में गई तो उन्हें एक रेक में तेंदुए के होने का आभास हुआ। वह बाहर निकल आईं और उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्या रेखा जोशी और अन्य शिक्षिकाओं को किसी जानवर के होने की बात कही।
विज्ञापन
शिक्षिका सौन फिर दूसरी शिक्षिका भगवती अवस्थी के साथ हॉल में पहुंची। गौर से देखा तो तेंदुए की पूंछ दिख गई। दोनों शिक्षिकाएं बाहर भाग आई और तेंदुआ होने की सूचना प्रधानाचार्या और अन्य शिक्षिकाओं को दी। प्रधानाचार्या ने स्कूल में तेंदुआ घुसने की जानकारी वन और प्रशासनिक अधिकारियों को दी।
10:55 बजे पुलिस बल और वन महकमे के लोग मौके पर पहुंच गए। 11 बजे सीडीओ विनोद गिरी गोस्वामी और एसडीएम सदर अनुराग आर्य मौके पर पहुंचे। तेंदुआ हॉल के रेक में दुबका था। सीडीओ और एसडीएम ने अपने सामने मीटिंग हॉल को जाने वाले रास्ते को लकड़ी के तख्तों के सहारे से बंद कराया।
स्थानीय युवक रस्सियां ले आए, जिससे रास्ते को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया। तेंदुए को पकड़ने की बात आई तो वन महकमा एक बार फिर असहाय सा नजर आया। ट्रेंकुलाइजर गन और एक्सपर्ट के लिए अल्मोड़ा संपर्क साधा गया। शाम को 5:50 बजे ट्रेंकुलाईजर एक्सपर्ट वन रेंजर रवींद्र सिंह मेहता वन कर्मी गोविंद सिंह जीना के साथ मौके पर पहुंचे।
6:05 बजे मेहता ने ट्रेंकुलाइजर से तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया। वन कर्मी और कुछ स्थानीय युवक हॉल के भीतर गए। वन दरोगा हेम चंद्र जोशी ने रेक में दुबके तेंदुए पर कपड़ा डाला और उसे खींचकर नीचे उतार लिया। तेंदुए को डीएफओ के आवास परिसर में रखा गया है।
रेंजर दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ नर है और उसकी उम्र सात से आठ साल है। उधर, रविवार की शाम देवपुरी से सटे चंडाक रोड में दो तेंदुए देखे जाने की चर्चा है। केएमवीएन गेस्टहाउस के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे गेस्टहाउस के पास दो तेंदुए दिखे, जो काफी बड़े थे।
सोमवार को चौैथी बार तेंदुआ सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में घुसा था। इससे पहले 14 फरवरी को एक के बाद एक तेंदुए के दो शावक इसी स्कूल में घुसे थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद स्थानीय युवकों के सहयोग से वन विभाग ने पकड़ा। उसके चार दिन बाद इसी स्कूल में एक मादा तेंदुआ घुस गई।
जिसे 18 घंटे की मशक्कत के बाद वन महकमा पिंजरे में डाल पाया। सोमवार को चौथा तेंदुआ स्कूल में घुसने की सूचना मिलते ही लोगों का हुजूम वहां पहुंच गया। लगातार स्कूल में ही तेंदुए के घुसने को लेकर लोग तमाम तरह की बातें करने लगे। कोई देवी का प्रकोप कहता तो कोई और कुछ।
देवपुरी मोहल्ले में रात से यह तेंदुआ घूम रहा था। सोमवार तड़के दो बजे देवपुरी में रहने वाले हरीश चंद्र जोशी ने इस तेंदुए को देखा।
18 फरवरी को जिस दिन मादा तेंदुआ पकड़ा गया था, उसी शाम को देवपुरी, सेरा क्षेत्र में तेंदुए के गुर्राने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन वन महकमे के अधिकारियों ने इस बात को हल्के में लिया और इस पर कोई गौर नहीं किया, उसका नतीजा सोमवार को तेंदुए की दहशत के रूप में देखने को मिला।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी ने वन महकमे पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। कहा है कि विभाग सूचना के आधार पर पहले ही क्षेत्र में पिंजरा लगा देता तो ऐसी नौबत नहीं आती।
रविवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में छुट्टी थी लेकिन जिस स्कूल में तेंदुआ घुसा, वह स्कूल खुला था। स्कूल प्रबंधन 12वीं कक्षा की छात्राओं की विदाई के लिए स्कूल को खुला बता रहा था। स्कूल में काफी छात्राएं मौजूद थीं, स्कूल के बोर्ड में भी विदाई समारोह लिखा था।
तेंदुए के हॉल में होने की सूचना के बाद छात्राओं को कमरों में बंद कर दिया गया। सीडीओ विनोद गिरी जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने छुट्टी के बावजूद स्कूल को खुला रखने के लिए प्रधानाचार्या रेखा जोशी से नाराजगी जताई। कहा कि स्कूल खोलकर उन्होंने गैर कानूनी काम किया है।