{"_id":"59b813a14f1c1be47f8b6783","slug":"210-year-old-house-in-bagrihat-will-also-be-submerged","type":"story","status":"publish","title_hn":"बगड़ीहाट में 210 साल पुराना मकान भी जलमग्न होगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बगड़ीहाट में 210 साल पुराना मकान भी जलमग्न होगा
केबी पाल/अमर उजाला, अस्कोट
Updated Tue, 12 Sep 2017 10:34 PM IST
विज्ञापन
पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में आने वाला बगड़ीहाट का प्राचीन भवन
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में बगड़ीहाट का 210 साल पुराना मकान भी आ रहा है। इस मकान को 1807 में पाल राजवंश के तत्कालीन राजा महेंद्र पाल ने बनाया था। इसमें राजा की कोर्ट लगती थी और घाटी वाले इलाकों से एकत्र किए जाने वाले सामान का भंडार भी इसी में था। जौलजीबी मेले के लिए इसी भंडार से राशन एवं अन्य सामग्री दी जाती थी। अस्कोट रियासत का अस्तित्व समाप्त होने के बाद इस भवन की उपयोगिता समाप्त होने लगी।
विज्ञापन
बताया गया कि अस्कोट के राजा ने इस भवन में एक चौकीदार और एक भंडारगृह का प्रभारी भी नियुक्त किया था। भवन में अंतिम चौकीदार के रूप में नर सिंह और अंतिम भंडार प्रभारी के तौर पर चेतराम जोशी ने काम किया। क्षेत्र के बुजुर्ग कृष्ण बहादुर पाल का कहना है कि अब मकान में कोई नहीं रहता। बीच-बीच में देखरेख के लिए अस्कोट पालवंश के वर्तमान वारिस भानुराज पाल अपने लोगों को भेजते हैं।
विज्ञापन
अस्कोट के राजा ने इस भवन को प्राचीन वास्तुशिल्प के आधार पर तैयार किया था। उसमें पत्थरों की मोटी दीवार लगाई गई और मजबूत इमारती लकड़ी का प्रयोग किया गया। लोनिवि के अधिशासी अभियंता एबी कांडपाल ने बताया कि हाल ही में पंचेश्वर बांध की जो डीपीआर सामने आई है, उसमें इस भवन को भी डूब क्षेत्र में दिखाया गया है। यदि बांध बनता है कि तो 210 साल पुरानी यह ऐतिहासिक विरासत भी जलमग्न हो जाएगी।
विज्ञापन
जौलजीबी की पूरी बाजार डूब क्षेत्र में
लोनिवि के अधिशासी अभियंता कांडपाल ने बताया कि जौलजीबी की पूरी बाजार डूब क्षेत्र में है। जौलजीबी में हर साल नवंबर में व्यापारिक मेला लगता है और इस स्थान पर नेपाल को जाने के लिए झूलापुल बना हुआ है। जौलजीबी में करीब 150 दुकान हैं। यहां पर राजकीय इंटर कॉलेज, बैंक, पेट्रोल पंप, पुलिस थाना, एसएसबी की चौकी भी है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग का यह प्रमुख कस्बा है।