हल्द्वानी शहर की सड़कें जख्मी: कराह रहे लोग, छह दिन में खत्म हो जाएगी सड़कों की हालत सुधारने की समय सीमा
प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों को सुधारने के लिए सीएम ने अधिकारियों को जो समय सीमा दी थी वह नजदीक है लेकिन सड़के चकाचक होना दूर गड्ढा मुक्त तक नहीं हुई है। हल्द्वानी शहर और आसपास क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं।
विस्तार
हल्द्वानी शहर में सड़कों की खोदाई का क्रम जारी है और गड्ढों में तब्दील हो चुके मार्ग चलने लायक नहीं रह गए हैं। 30 से 35 किमी सड़कें बदहाल पड़ी हैं। कालाढूंगी रोड का हाल सबसे बुरा है। इस स्टेट हाइवे में मुखानी से ऊंचापुल तक बीचोबींच बने गड्ढे कभी भी किसी की जान ले सकते हैं। रातबेरात यहां से गुजरने वाले अक्सर चोटिल हो रहे हैं।भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह परेशानी लंबे समय से बरकरार है। शहर में कार्यदायी संस्था लोनिवि, यूयूएसडीए और पेयजल निगम की ओर से पेयजल, सीवरेज और सड़कों के पुनर्निर्माण का काम किया जा रहा है।
तय समय में नहीं कर पाए काम
जिस वार्ड की गली या कालोनी में निर्माण की अवधि 14 महीने थी वहां काम 19 महीने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। वार्ड-50 मुखानी के शिवपुरम कालोनी में इन दिनों सीवरेज के बाद सीसी सड़क बनाई जा रही है। करीब 300 मीटर लंबी इस सड़क को एक ओर से बंद कर दिया गया। इसके कारण 50 से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएम के आदेश का नहीं दिखा असर
शहर के रामपुर रोड, बरेली रोड, नैनीताल रोड समेत गली-मोहल्लों की सड़कों में गड्ढों की भरमार है। ऐसे में मुख्यमंत्री के 15 अक्तूबर तक सड़कों को दुरुस्त करने के आदेश भी हवाहवाई होते नजर आ रहे हैं। हाल फिलहाल गड्ढे भरने में कोई विभाग दिलचस्पी लेता नहीं दिखाई दे रहा है।
यहां सड़कें है बदहाल-
1. पेयजल निगम की ओर से रानीबाग, हरिपुर कर्नल वार्ड, बाजार, राजपुरा, नवाबी रोड, इंदिरानगर, हिमालया फार्म में सीवेरज कार्य के चलते सड़कें बदहाल पड़ी हैं।
2. लोनिवि की ओर से लालकुआं, फतेहपुर-बसानी मार्ग समेत स्टेट हाइवे पर काम कराया जा रहा है लेकिन तीन यह बंद रहा।
3. यूयूएसडीए की ओर से मुखानी, पीलीकोठी, दमुवाढूंगा में सीवरेज और सड़क का काम किया जा रहा है। वार्ड-50 में सेप्टिक टैंक सड़क पर होने से सीवरेज कार्य ठप है।
लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
- लंबा समय हो गया है सड़क पूरी तरह चलने लायक नहीं हो पाई है। प्रशासन को जल्द सड़कों का निर्माण कराना चाहिए। त्रिलोक सिंह, शिवपुरम मुखानी
- एक साल से भी अधिक समय से गली-मोहल्लों की सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिस गति से काम हो रहा है, उसे देखकर लगता नहीं कि जल्द राहत मिलने वाली है। जगदीश पांडे, पीलीकोठी
- पीलीकोठी से 200 मीटर सीवर लाइन बिछाने में एक साल से अधिक समय लगा दिया है, सड़क खोदने से बच्चे-बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं, जल्द समाधान होना चाहिए। रमेश जोशी, दुकानदार
- डिविजन के अंतर्गत कुल 84 किमी सड़क बनाने का लक्ष्य था, इसमें से 56 किमी पर काम पूरा कर लिया गया है। महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्गाें का भी पुनर्निर्माण किया जा रहा है। प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि
- शहर में 52.21 किमी सीवरेज लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है, इसमें से 28.7 किमी पर लाइन बिछ गई है, सात किमी सड़कों की मरम्मत शेष है। शशिभूषण साह, अधिशासी अभियंता जल निगम
- पूरे प्रोजेक्ट के काम करने की अवधि वर्ष 2028 में पूरी होगी, उस हिसाब से कार्य की बेहतर प्रगति है। अगले सप्ताह छह से सात किमी सड़क पर बिटुमेन कर दिया जाएगा, सरफेसिंग का काम तेजी से किया जा रहा है। गुरुप्रीत सिंह, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए