{"_id":"e3b07def55670310aa72d75b7f83de66","slug":"the-greed-for-money-to-relatives-killed-goddess-lkshma-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रुपयों के लालच में रिश्तेदारों ने ही मारा लक्षमा देवी को","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रुपयों के लालच में रिश्तेदारों ने ही मारा लक्षमा देवी को
ब्यूरो/अमर उजाला,रामनगर
Updated Mon, 25 May 2015 01:14 AM IST
विज्ञापन
दो दिन पहले ग्राम वसुंधरा कालोनी बसई में वृद्धा की हत्या करने वाले उसके रिश्तेदार ही निकले, जिन्होंने रुपये के लालच में वृद्धा को घर में अकेला पाकर साड़ी से उसका गला घोटकर हत्या की थी और फिर कान के झुमके सहित कई सामान लूटकर ले गए।
विज्ञापन
शनिवार को कोतवाली में मृतका लक्ष्मा देवी की बहू गीता देवी ने विपिन चौधरी उर्फ वीरू निवासी ग्राम पापड़ी एवं गौरव उर्फ गोपाल सिंह निवासी चौपियों भतरौजखान अल्मोड़ा हाल निवासी दिल्ली के खिलाफ नामजद हत्या एवं लूट का केस दर्ज कराया था। तहरीर में बताया गया था कि इन दोनों रिश्तेदारों का घर में आना-जाना था तथा दोनों परिजनों को मारने के साथ ही बच्चों को किडनैप करने की धमकी देते थे। बृहस्पतिवार को उसकी सास को घर में अकेला पाकर उनकी हत्या कर दी।
विज्ञापन
सीओ मिथिलेश कुमार ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों को शनिवार देर रात पुलिस ने ललितपुर मोड़ सती मंदिर पीरूमदारा से गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से लूटे गए कान के कुंडल बरामद हुए, जबकि दोनों की निशानदेही पर पीरूमदारा पेट्रोल पंप के पास आम के बगीचे से बैंक की पासबुक, बिजली, पानी का बिल, राशन कार्ड, गैस बुक, पर्स एवं ज्वैलरी रखने का डिब्बा बरामद किया गया।
विज्ञापन
सीओ ने बताया कि दोनों ने अपना अपराध स्वीकारते हुए बताया कि उन्होंने रुपयों के लालच में लक्षमा देवी की हत्या की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में ही धारा 302, 397 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिन्हें कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। उधर, एसएसपी सैंथिल अबुदई ने मामले का खुलासा करने पर टीम को 2500 रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।
पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है विपिन चौधरी
वृद्धा की हत्या करने वाला विपिन चौधरी उर्फ वीरू चोरी एवं मारपीट के आरोपों में जेल जा चुका है। 302, 201 आईपीसी में हत्या के मामले में भी वह करीब साढ़े तीन साल जेल में रहकर छह माह पहले रिहा हुआ था, जिसने 22 मई को फिर घर में घुसकर वृद्धा को मौत के घाट उतार दिया।