उत्तराखंड: त्योहार पर घर जा रहे युवक को चाकू की नोक पर लूटा, मोबाइल-नकदी और कान की बाली छीनी
चंडीगढ़ से बेड़ीनाग जा रहे युवक को प्रेम टॉकीज के पास दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूटा। बदमाश मोबाइल फोन, नकदी और कान की बाली लेकर फरार हो गए।
विस्तार
दीपावली पर गांव जा रहे युवक से चाकू की नोक पर मोबाइल, नकदी और कान की बाली लूट ली। तड़के हुई वारदात के बाद पीड़ित भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी पहुंचा और आपबीती सुनाई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पिथौरागढ़ जिले के बेड़ीनाग क्षेत्र के नैनी पिलखी गांव निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ से बीती सात नवंबर की सुबह 5:40 बजे यहां पहुंचे। इसी दौरान गांव जाने के लिए वह प्रेम टॉकीज की ओर जा रहे थे तभी एक युवक आया और खुद को टैक्सी चालक बताते हुए उसे अपने साथ ले गया। कुछ दूर पहुंचते ही युवक का साथी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने चाकू दिखाकर उससे 25 हजार मूल्य का सामान लूट ले गए।
घटना की तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस टीमों को बदमाशों की धरपकड़ को लगाया गया है, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। - हरबंश सिंह, एसपी सिटी