नैनीताल में स्कूटी सवार किशोरी से छेड़छाड़: लिफ्ट लेकर अश्लील हरकतें, कई धाराओं में केस दर्ज; आरोपी गिरफ्तार
नैनीताल में 17 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया। आरोपी 36 वर्षीय युवक ने लिफ्ट लेकर सुनसान जंगल में अश्लील हरकतें कीं। किशोरी ने स्कूटी गिराकर भागकर जान बचाई। पुलिस ने पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
नैनीताल के मंगोली चौकी क्षेत्र में स्कूटी सवार 17 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक 36 वर्षीय युवक ने पहले किशोरी से लिफ्ट ली और रास्ते में सुनसान जंगल क्षेत्र में उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। किशोरी के विरोध करने पर भी आरोपी नहीं रुका तो उसने स्कूटी गिराकर किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मंगोली चौकी क्षेत्र निवासी महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बुधवार शाम उनकी 17 वर्षीय बेटी स्कूटी से बाजार गई थी। लौटते समय गांव के ही 36 वर्षीय हरीश चंद्र पांडे ने उससे लिफ्ट मांगी। गांव का परिचित होने के कारण किशोरी ने उसे स्कूटी पर बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूर आगे सुनसान जंगल क्षेत्र में पहुंचने पर युवक ने किशोरी की कमर और सीने पर हाथ लगाकर छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध करने के बावजूद आरोपी की हरकतें जारी रहीं तो किशोरी ने स्कूटी गिरा दी और किसी तरह वहां से भाग निकली। कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी हरीश चंद्र पांडे के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।