नजरी: स्कूली विद्यार्थियों ने तेजपत्ते से निकाला सुगंधित तेल, तैयार किया इत्र; पहले तुलसी से बनाए थे धूप कोन
राजकीय इंटर कॉलेज पटवाडांगर के विद्यार्थियों ने तेजपत्ते से सुगंधित तेल निकालकर इत्र तैयार किया है। डीएसटी के सहयोग से विद्यालय की लघु तेल आसवन प्रयोगशाला में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. राकेश कुमार जोशी के निर्देशन में यह प्रयोग किया गया।
विस्तार
रसोई में दाल-सब्जी का जायका बढ़ाने वाला तेजपत्ते से राजकीय इंटर कॉलेज पटवाडांगर के विद्यार्थियों ने सुगंधित तेल निकालकर उससे इत्र तैयार किया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के सहयोग से विद्यालय में स्थापित लघु तेल आसवन प्रयोगशाला में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. राकेश कुमार जोशी के निर्देशन में विद्यार्थी यह प्रयोग कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने इससे पहले तुलसी से सुगंधित तेल निकालने के साथ धूप कोन तैयार किए हैं। सुगंधित पौधों पर शोध कर चुके डॉ. जोशी ने बताया कि हाल ही में तेजपत्ते और तिमूर से भी सुगंधित तेल निकाला गया। तेजपत्ते के तेल से इत्र तैयार करने का प्रयोग भी सफल रहा है। संवाद
50 मिलीलीटर इत्र पर 300 से 500 रुपये लागत
डॉ. जोशी के अनुसार तेजपत्ते के तेल से तैयार इत्र की 50 मिलीलीटर बोतल पर लगभग 300 से 500 रुपये तक की लागत आ रही है। गुणवत्ता के अनुरूप इसकी कीमत और अधिक हो सकती है। बाजार में इसकी संभावित बिक्री कीमत करीब एक हजार रुपये प्रति 50 मिलीलीटर आंकी गई है। हालांकि अभी इसका व्यावसायिक उत्पादन और बिक्री शुरू नहीं हुई है। फिलहाल इसे प्रयोगात्मक तौर पर तैयार किया जा रहा है और निजी स्तर पर भेंट तथा अन्य प्रयोगों में इस्तेमाल किया गया है।
हर जिले में खुलें प्रशिक्षण केंद्र
डॉ. राकेश जोशी और विषय विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तराखंड की वन संपदा में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए प्रत्येक जिले में सुगंधित पौधों से तेल, इत्र और दूसरे उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण देने वाले केंद्र स्थापित किए जाने चाहिए। साथ ही उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन में भी सहयोग मिलना चाहिए। इससे युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर लघु उद्योग शुरू करने का अवसर मिलेगा।
इस काम की एक बड़ी विशेषता यह है कि इसके लिए जरूरी वनस्पतियां आसपास के क्षेत्र में ही उपलब्ध हैं। यदि इन पौधों की व्यवस्थित खेती की जाए तो कच्चे माल की लागत कम की जा सकती है। स्थानीय स्तर पर उत्पादन और प्रसंस्करण की व्यवस्था बनने से तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाकर बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। इससे वन संपदा का संरक्षण करते हुए उसका आर्थिक उपयोग भी संभव होगा। - डॉ. राकेश जोशी, प्रवक्ता, जीआईसी पटवाडांगर
