Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   After 28 years Dev Ringal blooms in the forests of Kumaon

खास खबर: कुमाऊं के जंगलों में 28 साल बाद खिला देव रिंगाल, अल्मोड़ा समेत कई जिलों में दर्ज हुआ सामूहिक पुष्पन

Sat, 21 Nov 2026 12:11 PM IST
Heera आदर्श सिंह
आदर्श सिंह Published by: Heera Updated Sat, 21 Nov 2026 12:11 PM IST
सार

करीब 28 साल बाद हिमालयी बांस की दुर्लभ प्रजाति देव रिंगाल में सामूहिक पुष्पन हुआ है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर के जंगलों में मई से जुलाई के बीच फूल खिले, पिथौरागढ़ में सबसे व्यापक पुष्पन दर्ज हुआ।

विज्ञापन
After 28 years Dev Ringal blooms in the forests of Kumaon
देव रिंगाल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

करीब 28 साल के लंबे इंतजार के बाद हिमालय की वादियों में देव रिंगाल बहार बनकर लौटा है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर के जंगलों में मई से जुलाई के बीच हिमालयी बांस की दुर्लभ प्रजाति देव रिंगाल (हिमालयाकैलमस फैल्कोनेरी) में सामूहिक पुष्पन दर्ज किया गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, देव रिंगाल में सामान्यतः 28 से 33 साल के अंतराल पर सामूहिक पुष्पन होता है। फूल खिलने और बीज बनने के बाद इसके झुरमुट सूखकर नष्ट हो जाते हैं।

विज्ञापन

उत्तराखंड फॉरेस्ट रिसर्च विंग हल्द्वानी के वैज्ञानिक मनोज सिंह और वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) देहरादून के एचबी नैथानी ने इस दुर्लभ प्राकृतिक घटना का अध्ययन किया है। शोधकर्ताओं ने मई से जुलाई 2026 के बीच विभिन्न क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर पुष्पन की स्थिति दर्ज की। शोध के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले में सबसे व्यापक स्तर पर पुष्पन देखा गया। बुगड्यार-मिलम मार्ग के बलबाधार-बोगड्यार क्षेत्र में करीब 2600 मीटर की ऊंचाई पर देव रिंगाल में फूल खिले। इसके अलावा गोगिना, झूनी, लाहुर, वाचम, खाती, सुंदरढूंगा, डुमलिंग, गंधर और रतापानी सहित कई क्षेत्रों में भी पुष्पन दर्ज किया गया। अल्मोड़ा के कलिका वन क्षेत्र और रानीखेत के साथ ही बागेश्वर के कपकोट, सूपी और धाकुड़ी क्षेत्र में भी इसके फूल दिखाई दिए। शोधकर्ताओं ने अनुमान जताया है कि गढ़वाल क्षेत्र में अगला सामूहिक पुष्पन 2031 से 2033 के बीच, जबकि कुमाऊं में 2044 से 2049 के बीच हो सकता है।

विज्ञापन

स्थानीय संस्कृति और आजीविका से जुड़ा है रिंगाल
देव रिंगाल पहाड़ की संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली का भी अहम हिस्सा है। इससे टोकरी, सूपा, अनाज रखने के पात्र, पंखे और धार्मिक उपयोग की वस्तुएं तैयार की जाती हैं। नंदा देवी राजजात यात्रा में इस्तेमाल होने वाली छंतोली बनाने में भी इसका उपयोग होता है। इसके अलावा बदरीनाथ मंदिर में पंचामृत प्रसाद के लिए भी स्थानीय बांस की टोकरी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके कोमल प्ररोह खाने योग्य होते हैं और पशुओं के चारे के रूप में भी उपयोग किए जाते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

पुष्पन के बाद पुनर्जनन बड़ी चुनौती
शोधकर्ताओं के अनुसार सामूहिक पुष्पन के बाद बांस के झुरमुटों के सूखने से वन क्षेत्र में खालीपन पैदा हो सकता है। हालांकि बीजों के माध्यम से नए पौधों का पुनर्जनन भी होता है। यह प्रक्रिया बीजों की गुणवत्ता, जलवायु परिस्थितियों और चराई के दबाव पर निर्भर करती है। ऐसे में बांस के बीजों का संरक्षण, नए पौधों के विकास की निगरानी और पुष्पन चक्र का नियमित रिकॉर्ड तैयार करना जरूरी है।

शोध के दौरान एकत्र किए गए फूलों, पत्तियों और तनों के नमूनों को भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के हर्बेरियम में सुरक्षित रखा है। इससे भविष्य में प्रजाति की वैज्ञानिक पहचान और अध्ययन में मदद मिलेगी। - मनोज सिंह, वैज्ञानिक, उत्तराखंड फॉरेस्ट रिसर्च विंग हल्द्वानी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed