{"_id":"595164b14f1c1bb2338b470b","slug":"peace-and-tranquility","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमन और खुशहाली की दुआ को उठे हजारों हाथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमन और खुशहाली की दुआ को उठे हजारों हाथ
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी/रामनगर।
Updated Tue, 27 Jun 2017 01:16 AM IST
विज्ञापन
खेकड़ा के ईदगाह में ईद की नमाज अदा करते अकीदतमंद।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी। मुल्क में अमन बना रहे, खुशहाली आए और लोगों की जिंदगी खुशियों से भर जाए। ईद की नमाज में जब उलेमा ने ये दुआएं मांगी तो सभी नमाजियों ने एक साथ ‘आमीन’ कहा। उसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सोमवार की सुबह ईद-उल-फितर का त्यौहार जिले भर में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नमाज की तैयारियां दिखने लगी थीं। हर कोई तयशुदा वक्त से नमाज के लिए अपने घरों से निकल पड़ा।
विज्ञापन
ईदगाह और मस्जिदों के पास सुरक्षा और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हल्द्वानी की ईदगाह में नमाज का वक्त सुबह साढ़े नौ बजे मुकर्रर किया गया था, लेकिन नमाजी आठ बजे ही जुटने शुरू हो गए। तरतीब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बैठते नमाजी नए कपड़ों से आती इत्र की खुशबू से सराबोर दिखे। इनके हाथों में तस्बीह और मन में अल्लाहु-अकबर। बड़े हों या बच्चे सभी में एक ही धुन। हालांकि गरमी और उमस से हर कोई पसीना-पसीना हो रहा था, लेकिन त्यौहार की खुशी हर चेहरे पर नुमाया हो रही थी।
विज्ञापन
ईदगाह में मस्जिद बंजारान के पेश इमाम मौलाना अब्दुल बासित ने नमाज पढ़ाई। खुतबा पढ़ते हुए उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन, सुकून, इंसाफ, बराबरी और हमदर्दी का पैगाम देता है। इस्लाम के मायने ही शांति के हैं। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जिंदगी, उनके विचार और बताए हुए रास्ते अमन-ओ-इंसाफ की तरफ ले जाने वाला है। हमें उनकी जिंदगी पर अमल करना होगा। मुल्क की मजबूती और तरक्की की राह पर लाने के लिए दिन-रात एक करना होगा।
विज्ञापन
जामा मस्जिद में पेश इमाम मुफ्ती शाहिद अली अजहरी ने नमाज पढ़ाई।
उन्होंने कहा कि रमजान के मुकददस महीने के बाद ईद का मुबारक मौका हमें आपस में खुशियां बांटना सिखाता है। हर गरीब, अमीर सभी के लिए आज का दिन नेमत बरसाने वाला होता है। मस्जिद चिराग शाह बाबा में मौलाना हयातुल्लाह खान, ख्वाजा मस्जिद में मुफ्ती सलीम रजा, कुरैशियान में मौलाना कमर अशरफ, बड़ी मस्जिद इंदिरा नगर मौलाना सैयद इरफान रसूल, ताज मस्जिद में मौलाना मोहम्मद फुरकान और मस्जिद उमर में मौलाना मोहम्मद मुकीम कासमी, आयशा मस्जिद में मौलाना कासिम, रजा मस्जिद में मौलाना शाहिद रजा और नमरा मस्जिद में मौलाना अकरम ने नमाज पढ़ाई। इधर काठगोदाम में भी ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम मौलाना वसीम अख्तर ने नमाज पढ़ाई।
ईद की नमाज को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। ईदगाह और जामा मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों मीरा मार्ग, मंगल पड़ाव, ताज चौराहा, नया बाजार, बकरा मार्केट, लाइन नंबर एक में पुलिस फोर्स तैनात रही। ऑटो और अन्य वाहनों का प्रवेश इस रूट पर सुबह से ही बंद कर दिया गया था, जबकि कुछ जगहों पर डायवर्जन किया गया।