हल्द्वानी। नानकमत्ता थाने में तैनात कोरोना संक्रमित सिपाही की एसटीएच में इलाज के दौरान सोमवार रात मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी सुनील कुमार मीणा के साथ अधीनस्थ पुलिसकर्मियों ने मंगलवार को कोतवाली में सिपाही को अंतिम सलामी दी।
जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के गुशगांव अलगढ़ थल निवासी सिपाही सुरेंद्र सिंह ज्याला पुत्र पान सिंह ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाने में तैनात थे। नौ अक्तूबर को तबीयत खराब होने पर सिपाही को रुद्रपुर जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें एसटीएच में भर्ती कराया। जांच में पता चला कि सिपाही कोरोना पॉजिटिव है। सोमवार रात इलाज के दौरान सिपाही सुरेंद्र सिंह की मौत हो गई।
परिजनों की मौजूदगी में राजपुरा स्थित श्मशान घाट में सुरेंद्र की अंत्येष्टि की गई। इधर, एसएसपी सुनील कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ शांतनु पाराशर, एलआईयू निरीक्षक दीप चंद्र भट्ट, कोतवाल संजय कुमार, वाचक योगेश चंद्र उपाध्याय, पीआरओ प्रमोद पाठक, एसओजी के उपनिरीक्षक दिनेश पंत, एसएसआई कश्मीर सिंह आदि पुलिसकर्मी मौजूद थे।