उत्तराखंड : सैन्यकर्मी पर युवती ने लगाया शारिरिक शोषण का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
गोरापड़ाव निवासी युवती ने भारतीय सेना में तैनात युवक पर शोषण करने का आरोप लगाया है। साथ ही वीडियो क्लिपिंग बनाकर ब्लैकमेल करने की भी बात कही है। पुलिस ने सैन्यकर्मी पर पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
आरोपी फिलहाल अरुणाचल प्रदेश में तैनात है। मंगलवार को कोतवाली में तहरीर देते हुए युवती ने कहा कि वर्ष 2018 में बिंदुखता के घोड़ानाला निवासी सैन्यकर्मी सूरज चंदोला से फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती हुई।
दुष्कर्म कर अश्लील क्लिपिंग बना ली
आरोप लगाया कि आठ अगस्त 2018 को युवक ने मुझे नगर के एक होटल में बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। साथ ही दुष्कर्म कर अश्लील क्लिपिंग भी बना ली। इसके बाद वह ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने के साथ पैसे भी वसूलता रहा।
कोतवाली पुलिस ने मामले में धारा 376, 385, 509 और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी भारतीय सेना में सेवारत है और वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश में उसकी पोस्टिंग है। पुलिस मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर कार्रवाई करेगी।