लोहाघाट (चपावत)। विकासखंड बाराकोट के बरदाखान में लगे बीएसएनएल मोबाइल टावर के चालू न होने पर क्षेत्रीय लोगों ने नाराजगी जताई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बीएसएनएल के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द मोबाइल टावर शुरू करने की मांग की है।
ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ बगौली और प्रधान मोहन चंद्र जोशी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोबाइल टावर चालू करने की मांग को लेकर नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि आजादी के बाद लंबा संघर्ष करते हुए बरदाखान में बीएसएनएल टावर लगाने की स्वीकृति मिली थी। करीब छह महीने पहले मोबाइल टावर लगा चुका है, लेकिन इसे शुरू नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि मोबाइल टावर के चालू होने से बरदाखान, नदेड़ा, पठल्ती, भनार, बिसराड़ी, जिंडी, आली, धरगड़ी, काकड़, छुलापैं, झिरकुनी, भनखोला, बैडा आदि क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलती। प्रदर्शन करने वालों में मनोज जोशी, हिमांशु जोशी, संजय जोशी, सुभाष जोशी, भाष्कर जोशी आदि शामिल रहे। इधर, बीएसएनएल के अभियंता संजीव कन्नौजिया ने बताया कि बरदाखान में मोबाइल टावर लग चुका है। कुछ मशीनें लग चुकी हैं, कुछ मशीनें आ रही हैं। जल्द ही मोबाइल टावर चालू हो जाएगा।