लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड लोहाघाट के नेपाल सीमा को जोड़ने वाले पुल्ला-चमदेवल मोटर मार्ग में हो रहे घटिया डामरीकरण पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने लोनिवि पर घटिया गुणवत्ता पर कोई ध्यान न देने का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि यदि मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ डामरीकरण नहीं किया गया तो वे लोनिवि के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि की ओर से पुल्ला चमदेवल मोटर मार्ग में डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। डामरीकरण की घटिया गुणवत्ता के चलते एक सप्ताह पूर्व ही किया गया डामर उखड़ने लग गया है। उखड़े डामर से निकली गिट्टियां सड़क पर बिखरी हैं, जो वाहनों के दुर्घटना का कारण बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि डामर उखड़ने से मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। कई थानों पर डामर की दोबारा टल्ले लगाकर खानापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को घटिया गुणवत्ता की शिकायत किए जाने के बावजूद वह आंखें मूंदे हुए हैं। ग्रामीण मदन कलौनी, नर सिंह धौनी, जोगा सिंह, खीम राज धौनी, मन मोहन सिंह, राम सिंह, युगल किशोर, शंकर पांडेय आदि लोगों ने लोनिवि से मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ डामरीकरण कार्य कराने की मांग की है। लोनिवि के ईई बीसी भंडारी ने कहा मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जाएगी।