{"_id":"5c97bf9abdec221445021ebc","slug":"proper-arrangements-are-not-there-in-fair","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्णागिरि मेले में अव्यवस्थाओं से श्रद्धालु परेशान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्णागिरि मेले में अव्यवस्थाओं से श्रद्धालु परेशान
Sun, 24 Mar 2019 11:04 PM IST
बृजमोहन बृजमोहन
अमर उजाला ब्यूरो टनकपुर (चंपावत)।
अमर उजाला ब्यूरो टनकपुर (चंपावत)।
Published by: बृजमोहन बृजमोहन
Updated Sun, 24 Mar 2019 11:04 PM IST
विज्ञापन
मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मां श्री पूर्णागिरि धाम के सुप्रसिद्ध मेले में अव्यवस्थाओं का माहौल बना है। इससे श्रद्धालुओं को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मेला क्षेत्र में पेयजल, सुरक्षा, पथ प्रकाश की व्यवस्था को मेला प्रशासन दुरुस्त नहीं करा पाया है। सरकारी मेले के दूसरे दिन भी धाम में भक्तों की भारी भीड़ रही। करीब सत्तर हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
विज्ञापन
होली की रात से ही मां पूर्णागिरि धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। शनिवार से सरकारी मेला शुरू होने के बाद मेले के दूसरे दिन रविवार को करीब सत्तर हजार से अधिक भक्तों की भीड़ उमड़ी। लगातार भीड़ और व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस फोर्स की कमी से सुरक्षा व्यवस्था लचर हो रही है।
विज्ञापन
पेयजल और पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त न होने से श्रद्धालुओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। जल संस्थान अब तक पूर्णागिरि धाम के टुन्यास, मुख्य मंदिर क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू नहीं कर पाया है। मुख्य मंदिर के पास लगे वाटर कूलर खाली होने से दर्शन के लिए घंटों लाइन में खड़े श्रद्धालुओं का प्यास बुझाना मुश्किल हो रहा है।
विज्ञापन
दुकानों में ठहर रहे यात्रियों को भी प्यास बुझाने के लिए भी बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। पथ प्रकाश की भी उचित व्यवस्था नहीं है। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक करीब आधा दर्जन स्थानों में यात्री अंधकार में पैदल यात्रा कर रहे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय का कहना है कि विभाग के अधिकारियों से कई बार आग्रह के बाद भी व्यवस्थाओं की खामी दूर नहीं की जा रही है।
पूर्णागिरि मार्ग पर रात के समय यातायात रोकने से भड़के यात्री, लगाया जाम
पूर्णागिरि मार्ग पर पुलिस की ओर से रात में यातायात बंद किए जाने से टनकपुर-चंपावत राजमार्ग पर ककरालीगेट बैरियर पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे दूर-दराज से आ रहे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रविवार सुबह साढ़े छह बजे तक यातायात बंद रखने से गुस्साए यात्रियों ने बड़े वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को समझाकर जाम खुलवाया। बता दें कि पुलिस द्वारा सुरक्षा के लिहाज से रात दस बजे से सुबह तक पूर्णागिरि मार्ग पर यातायात रोका जा रहा है। शनिवार को पुलिस ने रात दस बजे बैरियर बंद कर दिया था और सुबह साढ़े छह बजे तक नहीं खोला जिससे यात्री भड़क गए। उनका कहना था कि सुरक्षा का हवाला देकर बगैर कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए रात में यातायात रोकना उचित नहीं है। इससे यात्री परेशान हो रहे हैं।
- पूर्व विधायक खर्कवाल बोले दुरुस्त नहीं है व्यवस्थाएं
कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने पूर्णागिरि मेले की मौजूदा व्यवस्था पर रोष जताया। कहा मेले की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हैं। ऐसा पहली बार हुआ कि अव्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन किए बगैर लौटना पड़ा। बताया कि डीएम से फोन पर वार्ता कर उन्होंने व्यवस्थाओं पर असंतोष जताते हुए व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त किए जाने का आग्रह किया है।