लोहाघाट (चंपावत)। अनुसूचित जाति संगठन ने नगर क्षेत्र में सार्वजनिक पार्क का निर्माण कर आंबेडकर की मूर्ति लगाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर अगले माह आंदोलन की चेतावनी दी गई।
लोनिवि विश्राम गृह में मंगलवार को हुई बैठक में वक्ताओं का कहना था कि चंपावत जिले में आंबेडकर पार्क और उनकी मूर्ति नहीं लगाई गई है जबकि इसकी सख्त जरूरत है। नगर की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इसके तहत उप जिला अस्पताल लोहाघाट में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग की गई। बैठक के बाद संगठन की ओर से एसडीएम कार्यालय के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा गया। संगठन के अध्यक्ष विपिन गोरखा की अध्यक्षता में ईश्वरी कोहली ने संचालन किया। बैठक में वजीर राम, संजू टम्टा, मदन कुमार, मनीष थापा, भवान राम, दीवान सार्की, संजय टम्टा, गोपाल कनौजिया, मनोज टम्टा आदि रहे।