उत्तराखंड में तख्ता पलट के लिए BJP इन पर लगाएगी दाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा साल 2017 में महिला वोटरों के जरिए चुनावी गणित बदलने की जुगत में है। इसके लिए उत्तराखंड में महिलाओं से जुड़े मामलों को उठाने की रणनीति है। इसी क्रम में प्रदेश में जगह-जगह महिलाओं के सम्मेलन आयोजित होंगे।
प्रदेश में करीब 68 लाख वोटरों के मुकाबले लगभग 33 लाख महिला वोटर हैं। कई विधानसभा सीटों पर महिला वोटर चुनावी समीकरण बनाने बिगाड़ने की हैसियत भी रखती हैं।
इस चुनावी गणित को भांपकर भाजपा वर्ष 2017 या उससे पहले संभावित विधानसभा चुनाव को फतह करने के लिए अधिक से अधिक महिला वोटरों को पार्टी से जोड़ना चाहती है। लगभग 70 हजार सदस्यता वाले पार्टी के महिला मोर्चा पर इसका पूरा दारोमदार रहेगा।
मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम सहगल ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के समक्ष 20 फीसदी विधानसभा सीटों पर महिलाओं को टिकट की मांग भी रख दी है। मोर्चा अध्यक्ष महिलाओं के बीच मजबूत पैठ बनाने के लिए इसे जरूरी मानती हैं।
महिलाओं की हितैषी, कांग्रेस विरोधी रहेगी BJP
मोर्चा दस अप्रैल के बाद प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार और जिला व मंडल स्तर पर नई कार्यकारिणी का गठन करेगी। फिर मोर्चा की प्रदेश भर में मंडल और जिला स्तर पर महिलाओं के सम्मेलन आयोजित करने के कार्यक्रम को भी इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
सम्मेलनों में पार्टी यह संदेश देना चाहेगी कि भाजपा सरकार महिलाओं की जितनी हितैषी रही है, कांग्रेस उतनी ही विरोधी है।
इसके लिए भाजपा की झोली में नारी निकेतन प्रकरण, महिलाओं पर बढ़ते अपराध, पहाड़ में महिलाओं की स्थिति, शराबखोरी, युवाओं की बेरोजगारी और पलायन की वजह से महिलाओं की परेशानी के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की गई महत्वाकांक्षी सुकन्या समृद्धि बचत योजना जैसे मसलों को आम महिलाओं तक पहुंचाएगी।
राज्य निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रही है। महिलाओं के सम्मान के लिए मोर्चा प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ सहयोगियों के साथ दिल्ली जाकर राष्ट्रीय नेताओं से भी 20 फीसदी सीटों पर महिलाओं को टिकट देने की मांग करेंगे। कार्यकारिणी को विस्तार देकर मोर्चा में डेढ़ लाख महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
- नीलम सहगल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा