कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी ने कोविड जागरूकता अभियान चलाया। स्वयंसेवियों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को शासन की गाइडलाइन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। मास्क और साबुन भी बांटे।
कोरोना की दूसरी लहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवियों ने जनहित में जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। सोसायटी के उपाध्यक्ष संजय साह जगाती के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने गोमती पुल, एसबीआई तिराहे, चौक बाजार, सरयू पुल के पास सहित अन्य स्थानों पर लाउडस्पीकर की मदद से लोगों को मास्क का प्रयोग करने, सामाजिक दूरी का पालन करने और हाथों को बार-बार साबुन से धोने को प्रेरित किया।
बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की भी अपील की। जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के साथ मास्क भी बांटे जा रहे हैं। स्वयंसेवी स्वयं मास्क का निर्माण कर रहे हैं। वहां प्रदेश प्रतिनिधि भुवन चौबे, डॉ. हरीश दफौटी, जगदीश उपाध्याय जैक आदि थे। (संवाद)