निलंबित कांस्टेबल पर रेप का केस दर्ज
काफलीगैर क्षेत्र की एक विवाहिता ने निलंबित पुलिस कांस्टेबल पर बलात्कार का आरोप लगाया है। एसपी एनएस नपलच्याल के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया काफलीगैर क्षेत्र की एक विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि ग्राम बाड़ेछीना अल्मोड़ा निवासी निलंबित सिपाही ललित मोहन 29 मार्च को उसे बहला-फुसलाकर जिला मुख्यालय के एक होटल में ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। उसने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 376, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला का मेडिकल कराया जाएगा। मामले की जांच एसआई प्रतिमा भट्ट कर रही हैं।
इधर एसपी ने बताया आरोपी झिरौली थाने में कार्यरत था। वह 28 मार्च से बगैर बताए ड्यूटी से गायब था। इसके बाद उसकी पुलिस लाइन में आमद हुई थी। चार अप्रैल से उसके पुलिस लाइन से भी बगैर बताए गायब होने पर उसे निलंबित कर दिया गया था।