{"_id":"4098683e57bda264873b6152eb5ec650","slug":"will-seize-the-goods-placed-on-the-road-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जब्त होगा सड़क पर रखा सामान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जब्त होगा सड़क पर रखा सामान
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, रानीखेत (अल्मोड़ा)।
Updated Wed, 29 Apr 2015 10:52 PM IST
विज्ञापन
पर्यटन नगरी की मुख्य बाजार में अब सड़क घेरू दुकानदारों की खैर नहीं है। नगर में कई दुकानदारों ने सड़क तक सामान फैलाया है जिससे यातायात व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। छावनी परिषद के सीईओ ने बाजार का निरीक्षण कर मातहत कर्मचारियों से सड़क में सामान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और भारी जुर्माना ठोकने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन
मालूम हो कि सदर बाजार में कई दुकानदारों ने सड़क तक सामग्री फैलाई है। आधी सड़क घिरने के कारण यातायात अव्यवस्था बनी रहती है। आए दिन जाम लग रहा है। कई पर्यटकों के वाहन इस जाम में फंस जाते हैं। छावनी परिषद ने सड़क घेरू दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। सीईओ प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि नगर की बाजार में तमाम अव्यवस्थाएं हैं। पर्यटन सीजन शुरू हो गया है। पर्यटक इस अव्यवस्था के चलते कड़वे अनुभव लेकर लौटते हैं। उन्होंने मातहत कर्मचारियों से नियमित रूप से बाजार का निरीक्षण कर सड़क तक सामान मिलने पर उसे जब्त करने, तहबाजारी वाले दुकानदारों से सड़क पर सामान नहीं बेचने तथा नहीं माने वाले दुकानदारों का माल जब्त कर भारी भरकम जुर्माना ठोंकने को कहा है। उन्होंने दुकानदारों से दुकानों के आगे कूड़ादान स्थापित करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन