मयोली गांव और अल्मोड़ा में हुई चोरी का खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भनोली तहसील के मयोली गांव में 14 अप्रैल की रात और अल्मोड़ा के ऑफीसर्स कालोनी में नौ मार्च को हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दो लोगों की गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों चोरों से चुराए गए छह तोला सोने के जेवरात और 1,39,100 रुपये की नकदी बरामद की है।
चोरों ने मयोली के एक घर से करीब साढ़े आठ तोला सोने के जेवर और 16 हजार की नगदी, अल्मोड़ा से पांच तोला सोना और 35 हजार नगदी उड़ा ली थी। पकड़े गए चोरों में एक बाबा भी शामिल है।
मयोली गांव के सैम मंदिर में 14 अप्रैल को जागर लगा था। अन्य ग्रामीणों के साथ गांव निवासी बालकिशन जोशी और उनकी पत्नी भी घर में ताले लगा कर मंदिर गए थे। रात को घर पर कोई नहीं था। रात में 12 बजे जब परिजन घर लौटे तो चोरी का पता चला। चोर घर के भीतर बक्सों में रखे करीब आठ तोला वजनी सोने के जेवरात और अटैची में रखी 16 हजार की नकदी ले उड़े थे। दन्यां थाने के एसओ आरएस बोरा ने बताया कि मामले के खुलासे को पुलिस और एसओजी की टीमें सक्रिय थीं। गत सायं धौलादेवी के निकट संदिग्ध लगने पर दो लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर इनमें से एक बागेश्वर के बिलौना गांव निवासी पंकज पांडे(19) के पास से तीन तोला वजनी सोने के जेवरात और दस हजार रुपये की नकदी मिली।
दूसरे संदिग्ध बागेश्वर नैल-बिताड़ी गांव निवासी मदन सिंह कार्की (59) उर्फ बाबा मदन गिरि के पास से तीन तोला सोने के जेवरात, 1,29,100 रुपये नकद एक कैमरा बरामद हुआ। एसओ ने बताया कि पंकज ने दो तोला 12 आना वजन के सोने के जेवरात मदन सिंह कार्की को बेचे थे। चोरी की घटना का मास्टर माइंड पंकज पांडे है। नौ मार्च अल्मोड़ा को ऑफीसर्स कालोनी में भूपेंद्र सिंह मेहता के घर से पांच तोला वजनी स्वर्ण आभूषण और 35 हजार रुपये की नकदी की चोरी भी पंकज ने ही की थी।
पुलिस ने बताया कि पंकज द्वारा चोरी के माल को खरीदकर बाबा ही ठिकाने लगाता था। थानाध्यक्ष ने बताया कि पंकज को धारा 457, 382 के तहत और मदन सिंह कार्की पर धारा 411 का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। चोरों को दबोचने वाले दल में थानाध्यक्ष आरएस बोरा के अलावा एसओजी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, दुर्गा सिंह, मनोज कुमार, त्रिलोक सिंह,संदीप सिंह, मोहन सिंह शामिल थे।
मामले का खुलासा करने वाली टीम को साढ़े सत्रह हजार इनाम
अल्मोड़ा। चोरी के मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसएसपी केएस नगन्याल ने बताया कि डीजीपी ओर डीएम ने पुलिस दल को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की है। एसएसपी की ओर से ढाई हजार रुपये का पारितोषिक दिया जाएगा। इसके अलावा धौलादवी के प्रमुख पीतांबर पांडे और मयोली के बीडीसी सदस्य हरीश जोशी, दन्यां व्यापार मंडल ने पुलिस दल को ढाई-ढाई हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषण की है।