महिलाओं की प्रशासनिक अफसरों से हाथापाई
यूपी के फतेहपुर शहर के अरबपुर इलाके में बना अवैध मकान गिराने पहुंचे प्रशासनिक अफसरों को मकान मालिक और उसके घरवालों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। घर की महिलाओं ने एडीएम रामचंद्र से अभद्रता करते हुए हमला बोल दिया।
इस हाथापाई में एडीएम के दाहिने हाथ में चोट आई और उनका चश्मा भी टूट गया। इस पर पुलिस ने लाठियां पटक कर भीड़ को खदेड़ा।
शहर के बांदा-सागर मार्ग अरबपुर इलाके में शिक्षक रमेश चंद्र का मकान है। करीब दो हफ्ते पहले शिक्षक के मकान के नीचे से गुजरी पाइप लाइन दबाव पड़ने पर फट गई है। इससे हर दिन लाखों लीटर पानी बह रहा है। पाइप लाइन फटने से पीरनपुर, कबाड़ी मार्केट, अरबपुर, पनी, ज्वालागंज व मियां साहब की तकिया में जल संकट पैदा हो गया है। जेई गौरी शंकर पटेल की रिपोर्ट के अनुसार मकान अवैध पाया गया है।
आक्रोशित महिलाओं ने अफसरों पर बोला हमला
मामले में एडीएम ने मकान मालिक को मकान गिराने के निर्देश दिए थे लेकिन मकान नहीं गिरा। मंगलवार को एडीएम पुलिस फोर्स के साथ जेसीबी लेकर मकान गिराने पहुंचे। बातचीत के दौरान ही उन पर शिक्षक के घर की महिलाओं ने हमला बोल दिया।
एडीएम पर हमला होते ही अफरातफरी मच गई। इस पर एसडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार जितेंद्र गौतम, सीओ सिटी रवींद्र कुमार, कोतवाल केके यादव, अतिक्रमण प्रभारी दिलशाद अली, सफाई निरीक्षक आबिद फोर्स के साथ एडीएम को बचाने के लिए दौड़ पड़े।
आक्रोशित महिलाओं ने इन अफसरों पर भी हमला बोल दिया। भीड़ को नियंत्रित करने में करीब एक घंटे तक पुलिस हलाकान रही। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। दिनभर हो हल्ला के बीच आखिरकार प्रशासन पीछे हट गया और मकान नहीं गिराया गया।