Varanasi: वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवक ने दी जान, बड़ा भाई बोला- बीमारी से था परेशान
वाराणसी के चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवक ने खुदकुशी कर ली। युवक की शिनाख्त उसके बड़े भाई ने की। बताया कि उसका छोटा भाई बीते कई वर्षों से बीमारी से परेशान था।
विस्तार
वाराणसी के चौखंडी रेलवे स्टेशन से पूरब सिग्नल के पहले वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवक ने खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने मृतक को अपना भाई पंकज कुमार पुत्र मोतीलाल (20) निवासी कुरसातो गांव बताया।
उसने बताया कि उसका भाई बीते कई वर्षों से बीमारी से परेशान था। बुधवार को घर के सभी लोग नवरात्रि पर दर्शन-पूजन करने के लिए सीटकहवा वीर बाबा कोरौता गए थे। दोपहर बाद मौका पाकर पंकज किसी तरह से घर से निकल गया। चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गया। वाराणसी की तरफ से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली।
जब परिजन मंदिर से वापस लौटे तो पंकज घर पर नहीं था। उसकी तलाश शुरू हुई तो पता लगा कि चौखंडी स्टेशन के पास एक युवक ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली है। मृतक का भाई मौके पहुंचकर उसकी शिनाख्त अपने छोटे भाई पंकज के रूप में किया। पंकज तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था।
बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से ट्रॉली चालक की मौत
चोलापुर क्षेत्र के धरसौना बाजार स्थित बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से ट्रॉली चालक की मौत हो गई। बबियाव (कमना) निवासी 55 वर्षीय हरिनाथ राम बुधवार को धरसौना बाजार में ट्रॉली पर परचून का समान लाद रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद हरिनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले गए, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रोहनिया में पेड़ से लटकता मिला शव
रोहनिया थाना क्षेत्र के करसड़ा पोखरा के पास पेड़ से लटकता एक व्यक्ति का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन देर शाम तक पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है। संवाद