Varanasi: आनंदमयी घाट पर गंगा में नहाते समय डूबा झांसी का युवक, दोस्तों के साथ आया था बनारस घूमने
गंगा स्नान के दौरान वाराणसी में लगातार दूसरे दिन हादसा हुआ है। रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान झांसी का एक युवक डूब गया। इससे पहले शनिवार को मऊ निवासी युवक ललिता घाट पर डूब गया था।
विस्तार
वाराणसी के आनंदमयी घाट पर गंगा स्नान के दौरान रविवार सुबह एक युवक डूब गया। गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी है। युवक की शिनाख्त योगेश सोनी पुत्र छिकुड़ी लाल निवासी कटरा नई बस्ती गुरसराय देहात झांसी के रूप में हुई। योगेश प्रयागराज में रहकर शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह पांच दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने आया था।
रविवार सुबह सभी आनंदमयी घाट पर पहुंचे। चार युवक घाट पर थे और योगेश गंगा स्नान करने लगा। गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। शोर मचाने पर स्थानीय मल्लाह गंगा में कूदे लेकिन तबतक योगेश गहरे पानी में समा गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी है।
शनिवार को ललिता घाट पर डूबा था युवक
ललिता घाट पर गंगा स्नान के दौरान शनिवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरे को मल्लाहों ने बचा लिया। लगभग एक घंटे के बाद गोताखोरों ने शव निकाला। कुल छह दोस्त काशी भ्रमण के लिए मऊ और बलिया से आए थे। दशाश्वमेध पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मऊ के फातिमा निवासी विश्वजीत मौर्य (21) और बलिया के मूराडीह सहतवार निवासी शुभम (22), बलिया के बांसडीह सुल्तानुपर निवासी अंकित सिंह (19), आजमगढ़ के मुबारकपुर बनकट निवासी राकेश विश्वकर्मा (23) और गाजीपुर के अनावलपुर निवासी असीम अहमद (22) और बलिया बागी रोड निवासी अंकित सिंह शाम को काशी पहुंचे और सभी ललिता घाट पहुंच गए।