फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   young man committed suicide by hanging himself bulldozer ran on illegal plotting in varanasi

Varanasi News: युवक ने फांसी लगाकर जान दी, गोली लगने से घायल बालक की इलाज के दौरान मौत; पढ़ें- अन्य खबरें

Thu, 08 Aug 2024 11:03 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 08 Aug 2024 11:03 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी खबरों के साथ सारनाथ थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पत्नी की विदाई न होने पर वह नाराज था। वहीं, वीडीए वीसी ने शिवपुर थाना क्षेत्र में दो बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर लगाकर गिरा दिया। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
young man committed suicide by hanging himself bulldozer ran on illegal plotting in varanasi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सारनाथ थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में बीती रात पत्नी की विदाई न होने पर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन


बेनीपुर पानी टंकी निवासी मनोज राजभर (26) की शादी तीन वर्ष पूर्व सलारपुर में हुई थी। पत्नी गुंजा पति से अनबन के बाद मायके चली गईं। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को मनोज पत्नी की विदाई के लिए ससुराल गया था। 
विज्ञापन


आरोप है कि मायके वालों ने पत्नी की विदाई नहीं की और मनोज की पिटाई कर बाइक भी छीन ली। इससे नाराज होकर मनोज रात में घर पहुंचा और कमरे में सोने चला गया। सुबह भतीजी सपना चाय लेकर कमरे में गई तो पंखे की कुंडी में साड़ी के फंदे से मनोज लटका था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि चचेरे भाई मुरारी ने पूछताछ में बताया कि मनोज के माता-पिता का देहांत हो चुका है। वह मजदूरी करके जीवन यापन करता था। घर में सिर्फ पति और पत्नी ही रहते थे।

दहेज हत्या में दोषी पति को 10 साल की सजा
जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने गुरुवार को दहेज हत्या के मामले में दोषी पति आशीष कुमार गुप्त को 10 साल की सजा सुनाई है। 5 हजार जुर्माना भी लगाया।

प्रकरण के मुताबिक, चौक थाना क्षेत्र के घुघरानी गली में एक लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर विवाहिता शैल कुमारी को प्रताड़ित किया जाता था। 26 अक्तूबर 2012 को उसकी हत्या कर दी गई। घटना से 5 वर्ष पहले शैल कुमारी की शादी आशीष कुमार गुप्त से हुई थी। चेतगंज निवासी शैल कुमारी के भाई प्रणय गुप्त ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। अभियोजन पक्ष ने सुनवाई के दौरान 8 गवाह पेश किए।

कूलर में उतरे करेंट से मासूम की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र केडंगहरिया गांव में गुरुवार की रात कमरे में चल रहे कूलर में करंट उतरने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। डंगहरिया गांव निवासी सर्वेश पटेल के दो पुत्रों में पांच वर्षीय बड़ा पुत्र श्रेयांश कमरे में चल रहे कूलर के पास खेल रहा था तभी अचानक मासूम का हाथ कूलर से टच हो गया।

कूलर में उतर रहे करंट की चपेट में आने से मासूम बेहोश होकर गिर गया। कमरे में पहुंचे परिजनों ने मासूम को इलाज हेतु गम्भीर हालत में रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर स्थित हेरिटेज हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मासूम का शव घर पहुंचे ही परिजनों में कोहराम मच गया।

अवैध वसूली मामले में पन्नेलाल सहित तीन की जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण) प्रथम रजत वर्मा की अदालत ने अवैध वसूली मामले में जेल में बंद निलंबित नरही थानाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों की जमानत अर्जी गुरुवार को खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि बलिया के तत्कालीन नरही थानाध्यक्ष पन्नेलाल, जितेश कुमार गौड़ उर्फ रितेश और धर्मेन्द्र यादव पर लगे आरोप गंभीर हैं।

वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया और आजमगढ़ के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बिहार-बलिया के बार्डर पर छापा मारकर अवैध वसूली का खेल पकड़ा था। इस मामले में नरही थानाध्यक्ष पन्नेलाल समेत अन्य की गिरफ्तारी हुई थी। जेल में बंद पन्नेलाल के आवास और थाने से कई रजिस्टर मिले थे। इससे अवैध वसूली के खेल का पूरा लेखा जोखा सामने आया था। 

10 हजार घूस लेने की आरोपी महिला दरोगा की जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सपना शुक्ला की अदालत ने 10 हजार घूस लेने की आरोपी महिला दरोगा अनोभा तिवारी की जमानत अर्जी गुरुवार को खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि प्रकरण लोक सेवक से जुड़ा है। 

उस पर भ्रष्टाचार और घूस की धनराशि प्राप्त करने से संबंधित गंभीर आरोप हैं, जो लोकनीति और नैतिकता के खिलाफ है। लिहाजा, तत्कालीन लंका थाने की रिपोर्टिंग चौकी की उपनिरीक्षक अनोभा तिवारी की जमानत अर्जी खारिज की जाती है।

गोली लगने से घायल बालक की इलाज के दौरान मौत
वाराणसी जिले के मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के चांदपुर में गुरुवार को पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली चल गई। गोली लगने से 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई

जानकारी के अनुसार गाजीपुर के मूल निवासी प्रफुल्ल सिंह चांदपुर स्थित शिवदास के मकान में किराए पर पिछले 10 वर्ष से रहकर बैंक ऑफ बड़ौदा में गार्ड की नौकरी करते हैं। इनके दो बेटे प्रखल उर्फ शिवा (10) पत्नी निशा सिंह के साथ रहते हैं।

प्रफुल्ल सिंह गुरुवार को अपनी लाइसेंसी बंदूक को लोड कर ड्यूटी जाने के लिए तैयार होकर खाना खाने लगे। इसी दौरान तेज आवाज आई, जिसे सुनकर सभी लोग दौड़ पड़े। मौके पर देखा तो शिवा जमीन पर गिरा था। आनन-फानन उसे सिंह मेडिकल ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लहरतारा चौकी इंचार्ज पवन यादव ने बताया कि बच्चे से गलती से गोली चल गई। बच्चे के पेट के पास गोली लगी थी।

लूट मे असफल होने पर चलाई तीन राउंड गोली
रोहनिया भदवर के पास गोदाम से माल लेकर एक ढाबे पर ट्रक चालक बहेरी अकोढा करछना (प्रयागराज) निवासी गौरव कुमार खड़ा था। दो बाइक पर चार युवक आए और पैसा छीनने लगे। गौरव शोर मचा कर भागा तो युवकों ने तीन बार फायर कर दिया।

इसके बाद बाइक से मोहनसराय की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार ने पहुंचकर चालक से जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दो बाइक पर चार युवक थे, जिन्होंने ट्रक चालक से लूट करने का प्रयास किया था।

दो बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि गुरुवार को जोन एक में मौजा सहमलपुर थाना शिवपुर में दो बीघा जमीन में अज्ञात व्यक्ति की ओर से अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। यहां टीम भेजकर कराए गए निर्माणों को ध्वस्त करा दिया। 

विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल देने की मांग
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों ने विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल देने की मांग की है। छात्रों ने बीएचयू गेट पर एक घंटे तक प्रदर्शन किया। छात्रों ने विनेश फोगाट की प्रतिभा और ओलंपिक में उनकी उपलब्धि का सम्मान करने के लिए उन्हें मेडल देने की मांग की।

समाजवादी छात्र सभा बीएचयू इकाई के नेता आशुतोष सिंह यीशु ने कहा कि वह पदक की हकदार हैं। छात्रों ने विनेश फोगाट के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शन करने वालों में शशांक, शिवांश, अजित, गुलाम, संतोष, करन शामिल रहे।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने मयंक चौबे
उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी में पदाधिकारियों की घोषणा बृहस्पतिवार को हुई। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी श्रीनिवासन, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव युवा कांग्रेस प्रभारी उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मिलिंद गौतम, राष्ट्रीय सचिव युवा कांग्रेस सह प्रभारी हेवरन सिंह कंसाना की संस्तुति पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ने नियुक्तियों की घोषणा की।

इसमें प्रदेश महासचिव मयंक चौबे, प्रदेश सचिव सिद्धार्थ केशरी, महेश चौबे, कुंवर यादव, मो. इरफान, रोहित मिश्रा और कैंट विधानसभा अध्यक्ष धीरज सोनकर को बनाया गया है। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। इस दौरान फसाहत हुसैन बाबू , डॉ. राजेश गुप्ता, वकील अंसारी, अरुण सोनी, चंचल शर्मा मौजूद रहे। 

young man committed suicide by hanging himself bulldozer ran on illegal plotting in varanasi
तीज पर आयोजित कार्यक्रम में डांस करतीं महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला

सोलह श्रृंगार कर मनाया तीज महोत्सव
मारवाड़ी युवा मंच वाराणसी गंगा शाखा की ओर से गुरुवार को पांडेयपुर स्थित एक होटल में तीज के उपलक्ष्य में ताल से ताल मिला कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि आरजे शालिनी और शाखा की पूर्व अध्यक्षों ने किया।

पूर्व अध्यक्षों ने सजना है मुझे सजना के लिए... गीत पर नृत्य किया। मोनिका, शालिनी अग्रवाल, अलका बाजोरिया, नैना अग्रवाल ने ताल से ताल मिला गीत पर नृत्य कर समा बांध दिया। अध्यक्ष स्मिता, मेघा, विनीता और निशा अग्रवाल ने चूड़ी मजा ना देगी, कंगन मजा न देगा... पर नृत्य किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने खेलों का लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में ऊषा, कृष्णा चौधरी, मनीषा अग्रवाल, अलका, पिंकी, संगीता आदि मौजूद रहीं। 

किसानों की जमीन ले ली पर मुआवजा अब तक नहीं मिला
बाबतपुर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में 1791 किसानों से 117 हेक्टेयर जमीन खरीदी गईं। इसमें कई किसान अभी तक मुआवजे की मांग को लेकर तहसील और कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। 

पिछले दिनों सरकार की ओर से 2870 करोड़ रुपये भी किए गए। वहीं, अफसरों के मुताबिक 15 जुलाई के अंत तक रजिस्ट्री का कार्य पूरा होना था लेकिन अब तक 117 हेक्टेयर भूमि में से 82.88 हेक्टेयर की ही रजिस्ट्री हो सकी है।

गांव बसनी पठकान के अजीत दुबे, राकेश दुबे, सुनील दुबे, पवन दुबे, अभय दुबे और अनिल दुबे ने बताया कि उन लोगों ने 18 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री तीन महीने पहले कर दी लेकिन मगर भुगतान आज तक नहीं हो सका है। 

कई बार तहसील के चक्कर काट चुके हैं मगर हर बार उन्हें टरकाया जा रहा है। जबकि, जमीन से जुड़ा कोई विवाद भी नहीं है। घमहापुर के राजेश सिंह ने बताया कि उनकी 10 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री हो गई है। भुगतान अब तक नहीं मिला। इसी गांव के रंगबहादुर सिंह करीब डेढ़ बीघा जमीन की रजिस्ट्री छह माह पहले ही कर चुके हैं। इन्हें भी भुगतान नहीं मिला। इसी तरह क्षेत्र के कई किसानों का मुआवजा अटका हुआ है।

बनारस होकर गुजरेगी उधना-गाजीपुर सिटी स्पेशल ट्रेन
उधना-छपरा स्पेशल ट्रेन का संचालन रेलवे ने रद्द कर दिया है। इसके स्थान पर उधना-गाजीपुर सिटी अनारक्षित विशेष ट्रेन संचालन का निर्णय लिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया किउधना से ये ट्रेन 14, 21 व 28 अगस्त को रात दस बजे चलेगी। वहीं, गाजीपुर सिटी से 9, 16, 23 व 30 अगस्त को सुबज 9.30 बजे चलेगी। 

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे पार्सल और बुकिंग पर रोक
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा के लिहाज से नई दिल्ली के पार्सल पर रोक लगा दी गई है। 12 से 15 अगस्त तक रेलवे में पार्सल, लीज अन्य किसी भी प्रकार की बुकिंग और डिलिवरी नहीं होगी। रजिस्टर्ड न्यूज पेपर और पत्रिका को छोड़ कोई भी सामान रेलवे के जरिये नहीं जाएगा। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि पार्सल पर रोक है। यात्री अपने साथ सामान लेकर सफर कर सकते हैं। 

60 फीट गहरे कुएं में दो सांड गिरे, एनडीआरएफ ने निकाला
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमरेपुर गांव स्थित कुएं में गुरुवार की दोपहर दो सांड लड़ते हुए गिर गए। 60 फीट सूखे कुएं में गिरे सांड को एनडीआरएफ की टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला। रमरेपुर गांव में दो सांड़ आपस में लड़ समय कुएं में गिर गए।

स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ को सूचना दी। एनडीआरएफ के निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका से मशक्कत करनी पड़ी। दोनों सांड को कुएं से सुरक्षित निकालकर नगर निगम के माध्यम से पशु अस्पताल भिजवाया गया। 

एनआरसी लागू करने के लिए पीएम को खून से लिखा पत्र
बांग्लादेश में हो रही हिंसा को देखते हुए भाजपा नेता अधिवक्ता दीपक सिंह राजवीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से पत्र लिखकर देश में एनआरसी लागू करने की मांग की है। गुरुवार को वह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पोस्ट ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने खून से पत्र लिखकर डाकघर के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा। कहा कि एनआरसी सख्ती से लागू करने की जरूरत है। 

कौवापुर के ग्राम प्रधान बने नीरज पाल, 55 वोटों से जीते
दानगंज चोलापुर ब्लाक के कौवापुर ग्राम प्रधान के उपचुनाव में नीरज पाल ग्राम प्रधान का चुनाव जीत गए। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि नीरज पाल को 350 मत, फूलजहां को 295, मकबूल को 246 मत प्राप्त हुए। नीरज पाल ने 55 वोटों से जीत हासिल की। पूर्व ग्राम प्रधान नागसेन गौतम ने रेलवे में नौकरी लगने के बाद ग्राम प्रधान के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद रिक्त सीट पर चुनाव हुआ। 

विधायक नीलकंठ तिवारी ने सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण
छोटी मलदहिया सेवा बस्ती में गुरुवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पूर्वांचल विकास निधि से 15 लाख रुपए से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। अब यहां बच्चों को निशुल्क कोचिंग दिया जायेगा और बस्ती के लोग पारिवारिक कार्यक्रम भी करेंगे। इसी तरह सेनपुरा सेवा बस्ती में भी सामुदायिक भवन का निर्माण अंतिम दौर में है। कार्यक्रम में नर्सिंग दास बाबा, गोपाल जी गुप्ता, श्रवण गुप्ता, अनंत राज गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।

अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार के पिता का निधन
अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार गुंजन श्रीवास्तव के पिता त्रिभुवन लाल श्रीवास्तव (66) का बुधवार देर रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में निधन हो गया। बुधवार को भोर में घर में छत पर टहलने के दौरान ही वह गिरकर घायल हो गए थे। उनके सिर में ज्यादा चोट आई थी।

परिवार के लोग पहले मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा लेकर गए, यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान बुधवार आधी रात बाद करीब 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

वह अपने पीछे पत्नी मंजू देवी, बेटे गुंजन श्रीवास्तव, बेटी अंकिता, प्रियंका सहित भरा, पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मूल रुप से औरंगाबाद निवासी त्रिभुवन लाल श्रीवास्तव का गुरुवार को सुबह मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। यहां बेटे गुंजन ने मुखाग्नि दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed