वाराणसी में योग शिविर: बाबा रामदेव बोले- बीमारियों से बचना है तो प्रतिदिन करें योगासन और प्राणायाम
योग गुरु बाबा रामदेव ने रविवार सुबह पिंडरा तहसील के बरजीगांव के बनारस पब्लिक स्कूल में जनता को योग और प्राणायाम के गुर सिखाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग करने से मनुष्य के मन में अच्छे विचार आते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
योगगुरु बाबा रामदेव ने रविवार सुबह योग शिविर में काशी की जनता को स्वास्थ्य का मूलमंत्र दिया। बरजीगांव स्थित बनारस पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित योग शिविर के दौरान योगगुरु ने कहा कि जिंदा रहने के लिए खाना ही नहीं, बल्कि ऑक्सीजन की जरूरत होती है। शरीर को पूरी ऑक्सीजन अनुलोम विलोम से ही मिल सकती है। कमजोर को सभी तरह की बीमारियां घेर लेती हैं, जो मजबूत होते हैं उन्हें कोई बीमारी नहीं होती। मजबूत बनिए योग करिए।
रविवार को सुबह पांच बजे से शुरू हुए योग शिविर के दौरान योग गुरु ने काशी की जनता को प्राणायाम, अनुलोम विलोम, कपालभांति, भस्त्रिका प्राणायाम, भ्रामरी समेत अनेक योग आसनों का अभ्यास करवाया। उन्होंने जनता से कहा कि विकल्प रहित संकल्प के साथ जीना होगा, जो सोच लिया उसे लेकर ही रुकने का जज्बा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सारी दुनिया योग को अपना रही है तो योग की जननी भारत के लोग क्यों पीछे हट रहे हैं। योग और आयुर्वेद के समन्वय से ही जीवन और रोगों पर विजय प्राप्त की जा सकती है। योग से नशा दूर होगा और लोग समृद्ध होंगे। आम लोगों के समृद्ध होने से देश समृद्ध होगा। योग शिविर के दौरान आम जनता का उत्साह देखते ही बन रहा था। चार घंटे से अधिक समय तक चले योग शिविर में लोगों ने योगसानों का अभ्यास किया और इसकी निरंतरता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
रोगों के अतिक्रमण पर चलाएं योग का बुलडोजर
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि रोगों के अतिक्रमण पर योग का बुलडोजर चलाकर ही बेहतर स्वास्थ्य हासिल हो सकता है। जो योग करता है वह जीवन के हर क्षेत्र में शिखर पर रहता है। योग साधारण नहीं है, इसमें सभी तत्व समाहित हैं। व्यक्ति अगर विकल्प रहित संकल्प लेकर आगे बढ़ता है तो जीवन शास्त्र की तरह बन सकता है। रविवार को सुबह पिंडरा के बरजीपुर स्थित बनारस पब्लिक स्कूल में आयोजित योग शिविर को संबोधित कर रहे थे।
योगगुरु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह सुबह-सुबह उठकर भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम करते हैं, इसलिए 70 साल से ज्यादा उम्र होने के बाद भी एकदम फिट रहते हैं। निरोगी रहना है तो योग को अपनाएं और देशी रहना है तो स्वदेशी अपनाएं।
आपकी और देश की तरक्की के लिए दोनों आवश्यकत है। योग जोड़ता है और रोग तोड़ता है। जोड़ने की प्रवृत्ति अपनाएं। योग गुरु बाबा रामदेव ने योग शिविर में लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। शिविर में बरजी के साथ ही आस-पास के गांव से काफी संख्या में ग्रामीण और शहरवासी भी शामिल हुए।
शब्द कुछ कहे कुछ अनकहे का हुआ विमोचन
योग शिविर के बीच पूर्व आईएएस एनपी सिंह द्वारा लिखित पुस्तक शब्द- कुछ कहे कुछ अनकहे का लोकार्पण किया गया। बरजी गांव में योग भवन का शिलान्यास भी किया। इस दौरान पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर अरविंद कुमार दोहरी, एडीएम प्रशासन बच्चू सिंह, एसडीएम गिरीश कुमार द्विवेदी, डॉ. ज्ञानप्रकाश, सीओ अलका यादव, बीएसए राकेश सिंह, बृजभूषण ओझा, आशीष गौतम, आदित्यनारायन दुबे गणमान्य लोग उपस्थित रहे।