युवती से बात करने के विवाद में ईंट,पत्थर और डंडे से वार कर मजदूर की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के पांडेयपुर क्षेत्र की शिव नगर कॉलोनी स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के गोदाम में बुधवार की रात ईंट और डंडे से ताबड़तोड़ वार कर मजदूर रहीमुल्ला (21) की हत्या कर दी गई। वारदात को लेकर कैंट थाने में पांडेयपुर गांव निवासी अक्षय पटेल और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार अक्षय और रहीमुल्ला एक ही युवती से प्रेम और बात करते थे। अक्षय ने रहीमुल्ला को समझाया था कि वह युवती से दूर रहे लेकिन वह नहीं माना। इससे नाराज होकर अक्षय ने अपने साथियों के साथ उसकी हत्या कर दी। कैंट पुलिस अक्षय के पांच करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बिहार के सीवान जिले के हुसैनगंज थाना के सलोनीपुर का मूल निवासी शाहनवाज आलम शिव नगर कॉलोनी में किराये के मकान में अपने छोटे भाई रहीमुल्ला के साथ रहता था। दोनों भाई सीवर लाइन बिछा रही कंपनी में मजदूरी करते थे। अक्षय के बड़े भाई की शिव नगर कॉलोनी के मोड़ पर अंडे की दुकान है। दुकान के आसपास ही एक युवती रहती है, जिससे अक्षय और रहीमुल्ला मोबाइल पर बात करते थे। दोनों ही उससे प्रेम करने का दावा करते थे। उस युवती से बात करने से रहीमुल्ला को अक्षय मना करता था, लेकिन वह नहीं मानता था।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात 12 बजे के लगभग दुकान पर रहीमुल्ला अंडा खा रहा था। इसी दौरान अक्षय अपने दोस्तों के साथ समीप ही स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के पीछे गोदाम में उसे खींच ले गया। गोदाम में सभी ने ईंट, पत्थर और डंडे से रहीमुल्ला पर ताबड़तोड़ वार किया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग आए तो हमलावर भाग निकले।
रहीमुल्ला को दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अक्षय के करीबियों से पूछताछ कर उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट
पुलिस के अनुसार रहीमुल्ला के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी थी। उसके पैर की हड्डी टूट गई थी। उसके शरीर पर लगी चोटों को देख कर यह प्रतीत हुआ कि हत्या करने की नीयत से ही उस पर ताबड़तोड़ वार किया गया था।
चौकीदार की हत्या का खुलासा पांच माह बाद भी नहीं
कैंट थाना के ऐढ़े गांव में बीते जून महीने में प्राइवेट चौकीदार राजकुमार चौहान की पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी। पांच महीने से ज्यादा समय बीतने को आया, लेकिन आज तक पुलिस हत्या करने वालों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। राजकुमार की पत्नी रिंकू देवी और परिवार के अन्य सदस्य आज भी उसे याद कर बिलखते हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर कैंट पुलिस का जवाब रहता है कि सुरागकशी की जा रही है। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं लग पा रहा है।