वाराणसी: अस्पतालों में व्यवस्था की हकीकत जानने पहुंची प्रयागराज की टीम, मंडलीय अस्पताल का किया निरीक्षण
प्रयागराज से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पतालों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर निदेशक प्रयागराज ने महिला अस्पताल और मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर निशुल्क भोजन, जांच और दवा की उपलब्धता की जानकारी ली। टीम ने अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का प्रेशर भी चेक किया और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए प्रयागराज से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम बृहस्पतिवार को वाराणसी पहुंची। अपर निदेशक स्वास्थ्य प्रयागराज डॉ. राजेश कुमार की अगुवाई वाली टीम ने जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पहले वार्ड, ओपीडी, जांच केंद्र को देखा फिर डॉक्टरों से बातचीत करने के साथ ही मरीजों से भी हकीकत जाना।
महिला अस्पताल कबीरचौरा में सुबह निरीक्षण करने पहुंचे अपर निदेशक प्रयागराज पहले मरीजों के पर्चा काउंटर, दवा काउंटर देखा। इसके बाद एसआईसी डॉ. मनीषा सिंह के साथ वार्ड में पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों, तीमारदारों से निशुल्क भोजन मिलने, दवा मिलने, जांच आदि के बारे में पूछा।
कैंपस में लगाए गए ऑक्सीजन प्लांट को भी देखा। अपर निदेशक ने प्लांट के पास पहुंचकर उसके प्रेशर को जांचा और परखा। महिला अस्पताल में मॉड्यूलर ओटी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्था से मरीजों की सर्जरी में बड़ी राहत होगी। कहा कि जिस भी अस्पताल में मरीज को अगर बाहर से दवा लिखी जाती है तो उसकी शिकायत तुरंत अस्पताल में सीएमएस/एसआईसी से करनी चाहिए।
चार दिन रहेगी प्रयागराज की टीम, शासन को देगी रिपोर्ट
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के उद्देश्य से शासन स्तर से एक मंडल से दूसरे मंडल में अधिकारियों की टीम भेजकर वहां अस्पतालों का निरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत वाराणसी मंडल में प्रयागराज मंडल के स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक के निर्देशन में टीम आई है। 20 से 23 अगस्त तक निरीक्षण का क्रम चलेगा।
इन दिनों अधिकारी जिला, मंडलीय अस्पताल से लेकर सीएचसी, पीएचसी तक का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद शासन को इसकी रिपोर्ट दी जाएगी। इस बीच सोमवार को गोरखपुर में प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में एक समीक्षा भी होनी हैं, इसमें वाराणसी मंडल के जिलों के सीएमओ, एसआईसी, सीएमएस भी मौजूद रहेंगे।