फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Teacher beats student case filed against three including BJP councilor for beating couple

Varanasi News Today: 4.5 वर्षीय छात्र को शिक्षक ने पीटा, दंपती की पिटाई में BJP पार्षद समेत तीन पर केस

Thu, 16 Oct 2025 06:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 16 Oct 2025 06:11 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के लोहता थाने में एक महिला ने शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि उसके बेटे को पीटा गया है। वहीं, लंका थाने में भाजपा पार्षद सहित तीन लोगों के खिलाफ पिटाई मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Teacher beats student case filed against three including BJP councilor for beating couple
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: लोहता थाना क्षेत्र के भिटारी में निजी विद्यालय में साढ़े चार साल के छात्र की शिक्षक ने पिटाई कर दी। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने उत्तर प्रदेश प्रशासन से सात दिन में जांच रिपोर्ट तलब की है। एलकेजी में पढ़ने वाले बच्चे को शिक्षक ने बुरी तरह पीट दिया। आरोप है कि मासूम बार-बार अपनी बड़ी बहन की कक्षा में जाकर बैठ जाता था, जिस पर शिक्षक ने उसे कथित रूप से इतना मारा कि उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हो गए। 

विज्ञापन


मां रीना ने जब विद्यालय प्रशासन से शिकायत की तो उन्हें भगा दिया गया। अमानवीय व्यवहार से आक्रोशित मां ने लोहता थाने में शिक्षक और प्रधानाध्यापक पर तहरीर दी। आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग के रजिस्ट्रार राजेश कुमार सिंह के पत्र में कहा गया है कि यह दंडनीय अपराध है। 
विज्ञापन


आयोग ने प्रशासन को निर्देशित किया है कि बच्चे की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रख मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। सात दिन में रिपोर्ट आयोग को भेजी जाए। लोहता थाना प्रभारी निकिता सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

हस्ताक्षर करने के विवाद में अध्यापकों में मारपीट, फूटा सिर
चौबेपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खुटहना में बुधवार अपराह्न हस्ताक्षर के विवाद में दो अध्यापकों में मारपीट हो गई। एक अध्यापक का सिर फूट गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित अध्यापक अशोक कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि अपराह्न 3.15 बजे स्कूल की छुट्टी हो गई। बच्चों के निकलने के बाद स्कूल के रजिस्टर में हस्ताक्षर कर प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद व अध्यापक परमानंद स्कूल से निकलने लगे। 

विरोध जताया कि बच्चों की छुट्टी का टाइम 3 बजे है। अध्यापक के घर जाने का टाइम साढ़े तीन बजे है। गलत हस्ताक्षर नहीं होना चाहिए। तभी प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद निवासी रामगढ़ चंदौली और सहायक अध्यापक परमानंद यादव निवासी पहड़िया ने नुकीली वस्तु से सिर पर हमला कर दिया। घायलावस्था में प्रधानाध्यापक अपनी बाइक छोड़कर सहायक अध्यापक के साथ भाग निकले। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। अध्यापकों में सुलह समझौते की भी बात सामने आ रही है।

दंपती की पिटाई में भाजपा पार्षद समेत तीन पर केस
छोटे भाई और पत्नी की पिटाई के मामले में भाजपा पार्षद अक्षयबर सिंह समेत तीन के खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया है। पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। भोगाबीर निवासी स्वीटी सिंह ने पुलिस को बताया कि 8 अक्तूबर की सुबह 7.45 बजे पति रणधीर सिंह के साथ टहल रही थी। 

इस बीच रणविजय, अक्षयबर सिंह और शक्ति सिंह ने गालीगलौज और पिटाई की। दोनों पर चाकू और ईंट से हमला किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शक्ति सिंह पर पहले से लंका थाना में मुकदमे दर्ज हैं। अक्षयबर सिंह भाजपा का पार्षद है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है। 

मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार
मारपीट मामले में दो आरोपियों राजकमल राजभर और मंगल विश्वकर्मा को जंसा पुलिस ने बुधवार को खेवली गांव से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी खेवली के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि लोहता के धमरिया निवासी मोहम्मद फिरोज कुरैशी की चिकन की दुकान जंसा में है। आरोपियों ने फिरोज के बेटे मोहम्मद फैजान के सिर पर हमला किया था।

रोहनिया में फर्श पर रखी मिली दवाइयां, खरीदारी-बिक्री पर रोक
रोहनिया के गोविंदपुर में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर औषधि विभाग की टीम ने लापरवाही पकड़ी है। टीम के पहुंचने पर फर्म का कोई व्यक्ति नहीं मिला। ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने बताया कि उनके साथ-साथ ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी, प्रयागराज से सुनील रावत की टीम ने ओएमएचएस मेडिकेयर में कफ सिरप और मादक पदार्थों से युक्त दवाओं के बारे में जानकारी ली। दवाइयां फर्श पर रखी मिलीं और रेफ्रिजरेटर नहीं था। फर्म को आगे की जांच के लिए दवाओं के विक्रय-क्रय अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

Varanasi News Today Teacher beats student case filed against three including BJP councilor for beating couple
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद। - फोटो : अमर उजाला

महादेव को आई लव कहना बाबा के गरिमा अपमान : अविमुक्तेश्वरानंद
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि महादेव को आई लव कहना उनकी गरिमा का अपमान है। ऐसे धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे भगवान महादेव को इस तरह का संबोधित गलत है। यह हमारी संस्कृति की मर्यादा के खिलाफ है। चुनावी मंचों से राजनीतिज्ञों को ऐसे नहीं बोलना चाहिए।

शंकराचार्य ने चिंता जताते हुए चुनाव आयोग से ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की। इसे देश के लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में कौन सत्ता में आएगा और कौन नहीं, यह राजनीति का विषय है, लेकिन गो माता की रक्षा और सनातन मूल्यों को स्थापित करने की जरूरत है। यह आज नहीं तो कल जरूर अपने मूल स्वरूप में आएगी। हमारा यही कर्तव्य है कि इस भावना को जनजन तक पहुंचाएं। शंकराचार्य एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे और श्रीविद्या मठ में उन्होंने लक्ष्मी-गणेश जी की पूजा की। 

दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
दहेज हत्या में वांछित पति सर्वेश राजभर को फूलपुर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तर किया। मंगलवार को पिता को जेल भेजा गया। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति सर्वेश को उसके गांव लखमीपुर के पास से गिरफ्तार किया। शिवपुर के कादीपुर निवासी उमानाथ राजभर ने केस दर्ज कराया कि बेटी संजू देवी को दहेज की मांग को लेकर पति समेत ससुराल के सदस्यों ने प्रताड़ित किया और मार डाला।

मिशन शक्ति की टीम ने दो मनचलों को किया गिरफ्तार
मिशन शक्ति केंद्र की पुलिस टीम ने बुधवार को फूलपुर कस्बा से दो मनचलों को गिरफ्तार किया। युवतियों पर फब्तियां कस रहे रहे थे। फूलपुर से आरोपी अजय सोनकर और बिन्दा मोड़ करखियांव के पास से रविशंकर गोंड़ निवासी सुरही को गिरफ्तार किया गया। निजी मुचलके पर देर शाम दोनों को छोड़ दिया गया।

हस्ताक्षर करने के विवाद में अध्यापकों में मारपीट, फूटा सिर
चौबेपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खुटहना में बुधवार अपराह्न हस्ताक्षर करने के विवाद में दो अध्यापकों में मारपीट हो गई। एक अध्यापक का सिर फूट गया। अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की पुलिस जांच कर रही है।

पीडि़त अध्यापक अशोक कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि अपराह्न 3.15 बजे स्कूल की छुट्टी हो गई। बच्चों के निकलने के बाद स्कूल के रजिस्टर में हस्ताक्षर कर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद व अध्यापक परमानंद यादव भी स्कूल से निकलने लगे। विरोध जताया कि बच्चों की छुट्टी टाइम 3 बजे है।

अध्यापक के घर जाने का टाइम साढ़े तीन बजे है। गलत हस्ताक्षर नहीं होना चाहिए। तभी प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद निवासी रामगढ़ चंदौली और सहायक अध्यापक परमानंद यादव निवासी सत्संग नगर कालोनी अकथा पहड़िया ने किसी नुकीली वस्तु से सिर पर हमला कर दिया। घायलावस्था में प्रधानाध्यापक अपनी बाइक छोड़कर सहायक अध्यापक के साथ भाग निकले। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। अध्यापकों में सुलह समझौते की भी बात सामने आ रही है।

विधायक पास लगी गाड़ी सीज, 12 हजार का चालान
विधायक और सचिवालय पास लगी गाड़ियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। नदेसर एयरफोर्स चौराहे पर शाम को यातायात निरीक्षक ने गाजीपुर नंबर की विधायक पास लगी गाड़ी को सीज कर दिया। 12 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। कार सवार युवकों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। टीआई अनुराग त्यागी ने बताया कि काले रंग की स्कार्पियो पर विधायक का पास लगा था। वाहन चालक से पास के संबंध में सवाल पूछे गए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। गाड़ी को सीज कर दिया गया। 

कैंट स्टेशन पर 25 साल से पड़ी 65 बाइक नीलाम
कैंट रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान के मुख्य प्रवेश द्वार की ओर दो पहिया वाहन स्टैंड में 25 साल से पड़ी 65 मोटरसाइकिल और स्कूटर को नीलाम किया गया। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय, ट्रेनी अधिकारी अभय दीप सिंह भी मौजूद रहे। बेस प्राइस 1,77,517 रुपये के बदले जीएसटी के साथ 3,01,962 रुपये मिले। 

जमीन की धोखाधड़ी में दो पर केस दर्ज
जमीन की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित बेनीपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि मिर्जापुर के जयप्रकाश श्रीवास्तव और लखनऊ के वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने जमीन खरीद में धोखाधड़ी की और बड़ी रकम हड़प ली। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

युवक पर हमला, पांच पर केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार राजभर की पिटाई के मामले में मंगलवार को पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 12 अक्तूबर की रात हमला करने वाले जयहिंद पटेल, दीपक पटेल, प्रदुम राजभर, सुजीत पटेल निवासी रमईपट्टी और बड़ागांव निवासी करन है। जांच की जा रही है। 

गंगा में डूबे किशोर का शव मिला
अवधूत राम भगवान घाट के पास गंगा में डूबे साहिल गुप्ता (15) के शव को एनडीआरएफ ने बुधवार को बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूजाबाद वार्ड निवासी बबलू गुप्ता का बेटा साहिल गुप्ता अपने दोस्तों के साथ मंगलवार शाम गंगा में नहाने गया था। बेटे की मौत से मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। यही कह रही थी कि हमार बतिया मान गयल होतन त आज हमार बचवा जिंदा रहतन...। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि पुलिस और एनडीआरएफ ने किशोर के शव को बरामद किया। 

बिजली के तार चोरी कर ले गए चोर, बत्ती गुल, केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चनौली (बसनी) गांव में मंगलवार रात 9 विद्युत पोल से बिजली के 700 मीटर तार चोर काट ले गए। अवर अभियंता विद्युत उपकेंद्र पिंडरा शिवशंकर वर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार सुबह विद्युत आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर चोरी का पता चला। अवर अभियंता ने पुलिस को बताया कि केबल चोरी होने की वजह से सप्लाई बंद है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। 

ऑटो चालक के खाते से 66 हजार की साइबर ठगी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के खाते से मंगलवार को 66 हजार की साइबर ठगी हो गई। ऑटो चालक धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचा तो पता चला कि अकाउंट में पैसे नहीं हैं। कई बार में रुपये निकले हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। 

नाबालिग को अगवा करने के मामले में केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के खजुही में नाबालिग को अगवा करने के मामले में बुधवार को प्रिंस विश्वकर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खजुही निवासी प्रिंस विश्वकर्मा की गिरफ्तारी और नाबालिग की खोजबीन में टीमें दबिश दे रही हैं।

टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर भागा
ओएलएक्स पर बाइक का विज्ञापन देखकर पहुंचा युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर भाग निकला। पीड़ित ने बुधवार को थाने में केस दर्ज कराया। सोनातालाब दीनदयालपुर के पीड़ित विशाल विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि पुरानी बाइक बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। शैलेंद्र सिंह पहुंचा और टेस्ट ड्राइव की बात की। फिर बाइक लेकर निकला और वापस नहीं लौटा। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शैलेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

चितईपुर में सड़कों पर सीवर से नाराज सपा का प्रदर्शन
भिखारीपुर से अखरी बाईपास चितईपुर तक की स्थिति बदतर हो गई है। बुधवार को सपा के बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। अमन यादव ने कहा कि सड़कों पर सीवर फैला हुआ है। जनता और दुकानदार परेशान हैं। बार-बार शिकायत और गुहार के बावजूद नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जल्द से जल्द मार्ग पर सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ नगर निगम और पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध करने वालों में रविदास, अरुण कुमार, अमन कुमार, पवन रहे। 

Varanasi News Today Teacher beats student case filed against three including BJP councilor for beating couple
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा। - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम ने 25 बिस्वा जमीन कब्जे में ली
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर नगर निगम की सरकारी भूमि से बुधवार को कब्जा हटाया गया। शिवदासपुर में 25 बिस्वा जो भीटा के रूप में नगर निगम के अभिलेखों में दर्ज है। यहां कुछ लोगों की ओर से कब्जा किया जा रहा था। नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को निर्देशित किया। उन्होंने भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस भूमि पर बैरेकेडिंग और नगर निगम का बोर्ड लगाया गया। 

भूमि की कीमत 20 करोड़ की बताई जा रही है। नगर आयुक्त की ओर से उप जिलाधिकारी, सदर को कब्जा कर रहे व्यक्तियों की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के लिए पत्र जारी किया था। नगर निगम की ओर से थानाध्यक्ष, मंडुवाडीह को भी भविष्य में भूमि पर कब्जा न करने के लिए पत्र जारी किया गया है। 

जिला कारागार में बंद साथी अजय फौजी से मिले सपा नेता
सीरगोवर्धन निवासी समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी से बुधवार को जिला कारागार चौकाघाट में सपा नेताओं ने मुलाकात की। स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड, विष्णु शर्मा अजय फौजी का हालचाल लिया।

एमएलसी ने कहा कि तानाशाह सरकार द्वेषपूर्ण भावना से ग्रसित होकर लगातार सपा कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न कर रही है। जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाने वाले अजय फौजी को अकारण बंद करने से सपा नेताओं में आक्रोश है। एमएलसी ने अजय फौजी से कहा कि कानूनी प्रकिया शुरू कर जल्द ही जमानत कराकर रिहा कराया जाएगा।

कठिन परिश्रम और ऊंचे मनोबल की बदौलत बने राष्ट्रपति
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती बुधवार को मनाई गई। सपा महानगर कार्यालय ललिता टॉकीज भेलूपुर में गोष्ठी हुई। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि कलाम साहब का जीवन अत्यंत सादगी भरा था। उन्होंने अपनी पढ़ाई के लिए अखबार बांटने का कार्य किया। कठिन परिश्रम, ईमानदारी, ऊंचे मनोबल की बदौलत वैज्ञानिक से राष्ट्रपति तक का सफर तय किया। 

महासचिव योगेंद्र यादव ने उन्होंने भारत के मिसाइल एवं परमाणु हथियार कार्यक्रमों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन रामजी यादव ने किया। उधर,जिला कार्यालय अर्दली बाजार में हुई विचार गोष्ठी में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि कलाम साहब ने भारत की युवा पीढ़ी को खुली आंखों से सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित किया। संतोष यादव बबलू, ओमप्रकाश सिंह, हीरू यादव, अखिले, राजेंद्र प्रसाद, गोपाल पांडेय ने विचार रखे।

समाज का दर्पण है मिरर पुस्तक : डॉ. केके त्रिपाठी
पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी ने बुधवार को सिगरा के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में साहित्यकार जुनैद कबीर की पुस्तक मिरर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक समाज का दर्पण है। यह रोजमर्रा की घटनाओं को दर्शाती है। निर्मल भागवत फाउंडेशन और कबीर फाउंडेशन की ओर से हुए समारोह में डॉ. कमलाकर त्रिपाठी, बीएचयू हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कुलपति सदानंद शाही, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामसुधार सिंह, डॉ. बलिराज पांडेय, प्रो. एचपी माथुर और पिलग्रिम्स पब्लिशिंग के निदेशक सनातनी रामानंद तिवारी ने पुस्तक का विमोचन किया। 

सभी ने इस पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। रंगकर्मी और गायक अजय रोशन ने साथियों साथ ई हव रजा बनारस पर नाटक मंचन किया। शोध छात्रा अंशुप्रिया ने मिरर की रचनाओं का पाठ किया। संचालन डॉ. भारत भूषण व जगदीश्वरी चौबे ने किया। इस मौके पर आकाशवाणी वाराणसी के पूर्व निदेशक राजेश गौतम, राजकीय क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव, डॉ. कमालुद्दीन शेख, डॉ. अनुराधा बैनर्जी, राजेश्वर त्रिपाठी मौजूद रहे।

सनातन के प्रति जागरूक करने निकले जोड़े का हुआ स्वागत
युवाओं को सनातन धर्म के प्रति जागरूक करने और द्वादश ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पर निकला अहमदाबाद का नवविवाहित जोड़ा नीलेश राजानी (25) और सोनिया राजानी (23) बुधवार को काशी पहुंचा। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किए। 11600 किमी की पदयात्रा कर काशी पहुंचे जोड़े का पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत समाज के नेतृत्व में सिंधी समाज के लोगों ने शिवपुर बाईपास पर स्वागत किया। दोनों ने सोमनाथ मंदिर से यात्रा शुरू की है। स्वागत करने वालों में अध्यक्ष ओपी बदलानी, सुरेंद्र लालवानी, नरेश मेघानी, रमेश लालवानी, डॉ. राम सुधार सिंह रहे।

15.27 लाख से बनेंगी तीन सड़कें
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को नेवादा, भिखारीपुर, काजीपुरा खुर्द में 15.27 लाख की लागत से तीन सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। भिखारीपुर में कृष्णा अपार्टमेंट से बीएलडब्लू मुख्य मार्ग पर 7.31 लाख की लागत से 67 मीटर इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण होगा। काजीपुरा खुर्द वार्ड में चंदा देवी के आवास से विजय मौर्या के आवास होते हुए बृजनंदन चौरसिया के आवास तक 6.73 लाख से 179 मीटर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य होगा। नेवादा वार्ड में लालजी के आवास से गिरधर लाल के आवास तक 1.23 लाख की लागत से 29 मीटर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य होगा।

गंगा से दो मीटर दायरे में अनुमति से इतर निर्माण कराने पर तय होगी जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी
वीडीए सचिव डाॅ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बुधवार को वीडीए सभागार में बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि गंगा नदी से 200 मीटर दायरे में निर्माण की अनुमति देने के बाद यह सुनिश्चित किया जाए कि स्थल पर स्वीकृत निर्माण के सापेक्ष कार्य कराया जा रहा है या नहीं। अनुमति से इतर निर्माण कार्य पाए जाने पर संबंधित जोनल अधिकारी का दायित्व सुनिश्चित किया जाएगा। 

गंगा नदी से 200 मीटर के तहत दी गई निर्माण अनुमतियों की एक प्रति प्रत्येक जोन से सचिव कार्यालय में प्रेषित की जाए। एक वर्ष का डेटा रजिस्टर में सुरक्षित रखा जाए। आईजीआरएस के प्रकरणों में आख्या प्रेषित करने से पूर्व जोनल अधिकारी अपने स्तर से जांच करें।इनकी लंबित शिकायतों का नियत अवधि से 07 दिन पूर्व निस्तारण कराएं।

गंगा का जलस्तर स्थिर होने पर महाश्मशाननाथ मंदिर की सफाई की मांग
गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद बुधवार को स्थिर हो गया है। मणिकर्णिका घाट के बाबा महाश्मशानाथ मंदिर की सफाई की मांग उठने लगी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, बुधवार को गंगा का जलस्तर 64.19 मीटर रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले मंगलवार को जलस्तर 64.15 मीटर तक पहुंच गया था और बढ़ाव पर रहा। 

मणिकर्णिका घाट के बाबा महाश्मशाननाथ मंदिर परिसर में अब भी मिट्टी और कीचड़ है। मंदिर तक पहुंचने और पूजा-पाठ करने में श्रद्धालुओं को काफी कठिनाई हो रही है। भक्त निराश हैं। घाट पर जगह-जगह सिल्ट और गंदगी फैली हुई है। शव के आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बाबा महाश्मशाननाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष चैनू प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दीपावली की रात्रि में विशेष पूजा होती है। दूर-दूर से तांत्रिक और श्रद्धालु पूरी रात पूजा और तंत्र क्रिया करते हैं। इस संबंध में पार्षद और नगर निगम को सफाई के लिए अवगत कराया गया है। मांग की कि दीपावली से पहले घाट और मंदिर परिसर की सफाई कराई जाए। ताकि पूजन-अर्चन हो सके।

महिला आयोग की सदस्य ने देखी जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं
राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय के एमसीएच विंग, वन स्टॉप सेंटर और महिला एवं बाल विकास विभाग के विकासखंड आराजीलाइन के ग्राम चौखंडी में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। 

आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण पंचायत कार्यक्रम में 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 5 बच्चों का अन्नप्राशन किया। दीनदयाल अस्पताल के एमसीएच विंग में निरीक्षण के दौरान गीता विश्वकर्मा ने महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं को देखा। सीएमएस को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाली महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। महिलाओं को रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर दवाओं के लिए चक्कर न लगाने पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। 

बीएचयू आईबैंक को दो दिन में मिली चार कार्निया
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान को दो दिन में चार कार्निया मिली है। संस्थान के अध्यक्ष और बीएचयू आईबैंक के चेयरमैन प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि संकुलधारा के सुदामापुर निवासी रुद्रप्रताप सिंह का इलाज बीएचयू अस्पताल में मेडिसिन वार्ड स्थित एंबुलेटरी केयर यूनिट में चल रहा था।

14 अक्तूबर की रात 10.21 बजे निधन हुआ। इसके बाद उनके बेटे आशुतोष सिंह ने नेत्रदान की इच्छा जताई। प्रो. मौर्य ने बताया कि आई बैंक की टीम के डॉ. विशाल सरकार ने नेत्रदान कराया। दूसरी ओर बीएचयू कैंपस के डॉक्टर्स कॉलोनी में आयुर्वेद संकाय की प्रोफेसर मंगला गौरी के पिता जीएस वेंकटेश राव का निधन बुधवार शाम 4 बजे होने के बाद उनकी बहन डॉ. लक्ष्मी रमेश ने नेत्रदान करवाया।

आईआईटी में 6 महिला प्रोफेसरों को मिला उत्कृष्ट अकादमिक एवं अनुसंधान सम्मान
स्प्रिंगर नेचर की टीम बुधवार को आईआईटी बीएचयू में पहुंची। इस दौरान 6 महिला शोधकर्ताओं को उत्कृष्ट अकादमिक एवं अनुसंधान योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसमें डॉ. स्नेहा, डॉ. सुप्रिया मोहंती, डॉ. कल्पना चौधरी, डॉ. सांत्वना मुखोपाध्याय, डॉ. गौरी बालाचंदर, डॉ. सुखदा शामिल थीं। इस दौरान स्प्रिंगर नेचर इंडिया रिसर्च बस टूर–2025 का शुभारंभ कर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। फिर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। 

एबीएलटी हॉल-4 में शोध दल के सम्मान के साथ-साथ 200 से ज्यादा शोधार्थियों के लिए कार्यशालाएं और पैनल चर्चाएं कराईं गईं। मुख्य अतिथि निदेशक प्रोफेसर अमित पात्रा ने कहा कि ज्ञान-विकास में ओपन साइंस और सहयोगात्मक अनुसंधान की भूमिका बढ़ जाती है। उन्होंने अनुसंधान निष्ठा, समावेशिता और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने में स्प्रिंगर नेचर की पहल की सराहना की।

नव विस्तारित इलाकों में नोटिस देकर भवनों का हो रहा असेसमेंट
नगर निगम के नवविस्तारित इलाकों के भवन स्वामियों को असेसमेंट नोटिस देकर जोन कार्यालय पर बुलाया जा रहा है। रामनगर, सारनाथ और मांडवी जोन के भवनों के भवन स्वामियों को नोटिस देकर असेसमेंट किया जा रहा है। यह असेसमेंट फाइनल नहीं है। इस नोटिस पर भवन स्वामियों को आपत्ति का अधिकार दिया गया है। ताकि वे अपने भवन का खुद निर्धारण करें। 

नवविस्तारित इलाकों के पहले चरण में व्यवसायिक भवनों से कर लेने के बाद घरेलू भवन से लिया जाएगा। पहले इसे लेकर काफी आपत्तियां आई थीं। जिनका निस्तारण करने के बाद अब भवन स्वामियों को नोटिस भेजा जा रहा है। नगर निगम की ओर से अपील की गई है लोग भवनों का असेसमेंट कराएं ताकि उन्हें नंबर अलॉट किया जा सके। इन इलाकों के भवन स्वामी अपने जोन में जाकर भवनों का असेसमेंट करा सकते हैं। 

कैंट से शाहंशाहपुर तक चलेगी बस
परिवहन विभाग ने कैंट से एक नए बस रूट को मंजूरी दे दी है। कैंट से चितईपुर, अखरी, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग होते हुए औढ़े, काशीपुर, मातलदेई, भवानीपुर, अदलपुरा से शाहंशाहपुर तक बस चलेगी। वापसी में यह बस जक्खिनी और पाहों होते हुए कैंट तक लौटेगी। इस नई बस सेवा के शुरू होने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को अब शहर आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि डीजल बस होगी और दो फेरे लगाएगी।

बिना पति के भी हज पर जा सकेंगी महिलाएं
हज सफर पर बिना पति के भी महिलाएं जा सकती हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने उनके 500 सीटें आवंटित की हैं। इच्छुक महिलाएं बृहस्पतिवार से 31 अक्तूबर तक आवेदन कर सकती हैं। इसके बाद उन्हें हजयात्रा की रकम जमा करनी होगी।

उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के को-ऑडिनेटर हाजी अरमान अहमद ने बताया कि हज कमेटी ने बिना पति के श्रेणी में महिलाओं के जाने के लिए 500 सीटें आवंटित की है। ऐसी महिलाएं जिनके शौहर के साथ उनका पासपोर्ट समय से जारी नहीं हो पाया हो और वे हज फॉर्म नहीं भर पाए हों या अन्य किसी कारणों से वंचित हैं वे ही हज कर सकेंगी। 

उन्होंने बताया कि वे महिलाएं जा सकती हैं, जिन्होंने पहले हज कमेटी या प्राइवेट टूर ऑपरेटर के जरिये हज न किया हो। महिलाएं हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। उनके पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर तक होनी चाहिए। सीट से अधिक आवेदन आने पर ऑनलाइन लाटरी से चयन होगा।

अस्पतालों में 10, सीएचसी पर 5 बेड रिजर्व, 10 मिनट में पहुंचेगी एंबुलेंस
दीपावली पर सरकारी अस्पतालों में 10-10 बेड और सीएचसी पर 5 बेड रिजर्व करवाए गए हैं। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भी 10 बेड रिजर्व रहेंगे। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए दीपावली और उसके अगले दिन डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीम तैनात रहेगी। इसमें नेत्र रोग विशेषज्ञ, सर्जन, ईएनटी सहित अन्य विशेषज्ञों की डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर एंबुलेंस भी घटना स्थल पर पहुंच जाएगी। 

सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी में नेत्र रोग विशेषज्ञ, सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, ईएनटी विशेषज्ञ की टीम तैयार रहेगी। उधर सीएचसी, पीएचसी की इमरजेंसी पर भी टीम की तैनाती की गई है। उधर बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में भी बेड रिजर्व करवाया गया है। साथ ही प्लास्टिक सर्जन, नेत्र सर्जन, ईएनटी सर्जन की टीम तैनात रहेगी। इसके लिए सभी जिममेदार डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की डयूटी भी लगाई गई है।

धूमधाम से मनाया आरएसएस का शताब्दी वर्ष
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संघ के कार्यकर्ताओं की ओर से जक्खिनी मंडल में विजयादशमी उत्सव मनाया गया। इसमें मुख्य वक्ता जयप्रकाश जिला मंत्री विद्या भारती एवं कार्यक्रम अध्यक्ष प्रशांत उपाध्याय ग्राम प्रधान जक्खिनी रहे। दोनों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्रिया कलापों और भावना के बारे में विचार रखे। वैचारिकी कार्यक्रम का संचालन प्रांत गौ सेवा प्रमुख अरविंद ने किया। उधर, संघ की राम जानकी शाखा इमलिया द्वारा विजया दशमी उत्सव के रूप में पथ संचलन किया गया। 

भेलूपुर की हवा सबसे खराब, एक्यूआई 133 अंक
दीपावली नजदीक आते ही शहर की हवा की सेहत बिगड़ने लगी है। बुधवार को बनारस का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स एक्यूआई 105 अंक पर आ गया। इसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। शहर में सबसे खराब हालत भेलुपुर की रही। यहां का एक्यूआई 133 अंक रहा। इसके बाद अर्दली बाजार का 102 अंक, बीएचयू का 101 अंक और मलदहिया का 94 अंक चला गया। शहर में सिर्फ मलदहिया ही ऐसा स्थान रहा जहां का एक्यूआई संतोषजनक रहा। बाकी तीनों जगह पर हवा की क्वालिटी मॉडरेट रही।

काशी के दिन और रात में 14 डिग्री का अंतर
काशी के दिन और रात में 14 डिग्री का फर्क तीन दिनों से बरकरार है। सुबह 4 से 6 बजे तक तापमान 19 डिग्री के आसपास पहुंच जाने से ठंड लग रही है तो वहीं दिन में तीखी धूप के चलते तापमान 33 डिग्री को पार कर जा रहा है। वहीं हवा भी काफी धीमे 6 किमी प्रति घंटे की गति से बह रही है।

बुधवार को जिले का तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान की ओर से बनारस में किसी भी तरह की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है लेकिन तापमान इसी तरह से बना रहेगा। अगले दो दिनों तक तापमान के गिरने की संभावना न के बराबर है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का मनाया जन्मदिन
बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मार्कंडेय महादेव धाम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र पांडेय का 68वां जन्मदिन मनाया। रुद्राभिषेक, गंगा घाट पर आरती एवं दीपदान, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण जैसे विविध आयोजन हुए। इस मौके पर अवनीश पाठक, शोभनाथ, राजेश चौहान, आशीष पाठक मौजूद रहे। 

मां अन्नपूर्णा मंदिर में डीआईजी ने की सुरक्षा की जांच
अन्नपूर्णा मंदिर में पांच दिवसीय स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ेगी। बुधवार को डीआईजी शिवहरि मीणा समेत आलाधिकारी मंदिर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। महंत शंकरपुरी से मुलाकात की। आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी ली और गर्भगृह के बाहर से रास्तों को भी देखा। मंदिर में लगे कैमरों की भी जांच की। इस दौरान काशी जोन एडीसीपी और दशाश्वमेध एसीपी मौजूद रहे।

प्रदेश स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी जीता
डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल डाभासेमर स्टेडियम में चल रही प्रदेशीय समन्वय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार को वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल। प्रतियोगिता में पहला मैच वाराणसी और आजमगढ़ मंडल के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी ने 3-2 से जीत दर्ज की। वाराणसी की ओर से इंद्रदेव, शनि व संतोष ने एक-एक गोल किया।

60 किलो सड़ा पेठा नष्ट कराया
खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को विभिन्न इलाकों के 18 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। तीन से छह नमूने लिए। उन्होंने काशीपुर के दुकान से सड़ा हुआ 60 किलो पेठा नष्ट कराया। उसकी कीमत 8400 रुपये थी। टीम ने लंका, पैगंबरपुर, मातलदेई में निरीक्षण किया। टीम में अमित, पंकज कुमार यादव, राज कुमार यादव, आनंद कुमार, जगदीश नारायण सिंह, रामचरन यादव शामिल रहे। 

स्मिता के गीतों पर गरबा और डांडिया का धमाल
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन विदिशा और अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच वरुणा शाखा की ओर से महमूरगंज के एक होटल में गरबा-डांडिया उत्सव और दिवाली मिलन समारोह मनाया गया। गायिका स्मिता बरनवाल के मनमोहक गीतों पर महिलाओं ने जमकर धमाल मचाया। इस मौके पर निधि जसरापुरिया, मनीषा अग्रवाल, क्षमा अग्रवाल, कविता अग्रवाल, प्रशंसा तुलस्यान रहीं। स्वागत विदिशा शाखा की अध्यक्षा मनीषा अग्रवाल और वरुणा शाखा की अध्यक्ष निधि जसरपुरिया और धन्यवाद ज्ञापन पूजा डोलिया ने किया।

नाटक के माध्यम से बताया प्लास्टिक का दुष्प्रभाव
वसंत महिला महाविद्यालय की ओर से एक दिन के कम्यूनिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत बुधवार को सरायमोहना और कोटवां गांव लोगों को पर्यावरण, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने ग्रामवासियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभाव के बारे में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया। साथ ही उन्हें कम से कम प्लास्टिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। 

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार के अंतर्गत महिलाओं और किशोरियों को पोषण और स्वास्थ्य के संबंध में बताया। महिलाओं को एनीमिया, व्यक्तिगत स्वच्छता और प्रजनन संबंधित समस्याओं और संतुलित आहार के विषय में विस्तार से बताया। स्नातक तीसरे वर्ष की 21 छात्राओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. ऋचा मिश्रा, डॉ. श्रद्धा अग्रवाल, संध्या कन्नौजिया और राम अवध मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed