Varanasi News Today: दालमंडी मामले को सदन में उठाएंगे सपा सांसद, फर्जी कागज बनाकर जमीन का बैनामा; पढ़ें खबरें
Varanasi News: समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह दालमंडी मामले को सदन में उठाएंगे। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रपति को पत्र भी लिखा है। वहीं, कूचरचित दस्तावेज की मदद से बैनामा कराकर जमीन हड़पने का मामला कैंट थाने में दर्ज हुआ है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने राष्ट्रपति को संबोधित पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने दालमंडी के मामले को सदन में उठाने की बात कही है। उन्होंने पत्र के जरिये दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण की योजना से प्रभावित होने वाले व्यापारियों की पीड़ा बताई है। कहा कि सरकार के निर्देश पर उनकी कठिनाइयों को बिना जाने समझे व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है।
बिना उचित मुआवजा और वर्षों से स्थापित व्यापार के बिना विस्थापन प्रक्रिया अपनाए बाजार को उजाड़ा जा रहा है। अधिकारियों की ओर से रात 11 बजे थाने में बुलाकर धमकाया जा रहा है। यह चिंता का विषय है। चार साल की बच्ची के बलात्कार और चुनार में रेल हादसे के बाद पीड़ित लोगों से मुलाकात करने जाने वाले थे, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि पीड़ितों से मिलने से रोका जा रहा है। लोकसभा में सभी प्रकरणों को उठाऊंगा।
फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन का बैनामा और नामांतरण कराने के आरोप में केस
चोलापुर थाना क्षेत्र के पुनीत जायसवाल ने कैंट थाने में कूचरचित दस्तावेज की मदद से बैनामा कराकर जमीन हड़पने के मामले में आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
चोलापुर निवासी पुनीत जायसवाल ने बताया कि उनके पिता की चोलापुर के परगना कटेहर में जमीन थी। जिसकी 1984 में रामप्रसाद, भरतलाल, गोपालदास, रामचंद्र और नंदलाल ने जाली दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री करा ली। 2019 में फर्जी कागजात के आधार पर नामांतरण भी करा लिया। उसके बाद आवेदन देकर भूमि का स्वामित्व भी दर्ज करा लिया। कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
ब्यूटी पार्लर से महिला का मंगलसूत्र व बाली चोरी
शिवपुर। थाना क्षेत्र के परमानंदपुर निवासी महिला का मंगलसूत्र और कान की बाली ब्यूटी पार्लर से चोरी हो गया। महिला के पिता ने शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। देवनाथ पटेल ने बताया कि परमानंदपुर में उनका दो मंजिला मकान है। ग्राउंड फ्लोर पर ब्यूटी पार्लर में उनकी बेटी गई थी। आरोप है कि छह नवंबर को दोपहर 3.30 बजे ऑटो से एक महिला उतरी। पार्लर संचालिका से फेशियल कराने की बात कही। इसके पहले डेमो देने को कहा। पार्लर संचालिका ने बेटी को बुलाया। बेटी ने मंगलसूत्र व कान की बाली उतारकर कर पास में रख दिया। मौका पाकर महिला दोनों लेकर फरार हो गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।
जुआ खेलने के आरोप में तीन गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को हरिश्चंद्र गेट के पास शुक्रवार को जुआ खेलने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 1350 रुपये और ताश के पत्ते मिले। थाना प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपियों में काशीराम आवास शिवपुर निवासी अन्नू उर्फ सूरज पटेल, मिंट हाउस निवासी धीरज कुमार, बिहार वैशाली के महनार निवासी संतोष शाह हैं।
दुकान पर टोटके की आशंका में दी तहरीर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में फर्नीचर की दुकान पर टोटके और चोरी की आशंका पर क्लीनिक संचालक के पुत्र के खिलाफ दुकानदार ने तहरीर दी है। फर्नीचर की दुकान चलाने वाले अमित सिंह ने पुलिस को बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखा रहा है कि तीन दिन पहले रात 11.50 बजे क्लीनिक संचालक का बेटा उनकी दुकान की शटर पर विभूति छिड़क रहा था। साथ ही कुंडी के पास खड़े होकर मोबाइल पर बातचीत भी कर रहा था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
पेड़ से बांधकर पीटने के आरोप में छह पर केस
चौबेपुर के नारायणपुर गांव में मनबढ़ों ने गुलाब प्रसाद व उनके परिजनों को पेड़ और बिजली के खंभे में बांधा और उनकी पिटाई की। गुलाब की तहरीर पर बुधवार को पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गुलाब ने बताया कि विरोधी नंदलाल, शशिकांत, रविकांत, राजेंद्र राम, नागेंद्र, जयशंकर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को घर से खींचकर ले गए। फिर घर के बाहर पेड़ और बिजली के खंभे से बांधकर सभी की पिटाई की।
परिवार के सदस्यों को चोट आई है। वहीं, इस मामले में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पूरा मामला मारपीट है। जांच पड़ताल की जा रही है। पेड़ में बांधकर पिटाई की बात सामने नहीं आई है।
किशोरी से छेड़खानी, विरोध करने पर मां-बाप को पीटा
राजातालाब थाना क्षेत्र के जयापुर में गुरुवार को किशोरी से छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपियों ने मां-बाप को पीट दिया। पीड़िता की मां ने बताया कि गांव में मेला लगा था। बेटी मेला देखने गई थी। गांव के चार लड़कों ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। राजातालाब थाने में शिकायत भी दी। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में अब 10 नवंबर को सुनवाई
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में शुक्रवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। न्यायाधीश प्रथम कुलदीप सिंह की अदालत में आरोपी आनंद चौहान की ओर से मामले के गवाह और छात्रा के दोस्त से जिरह की जानी थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। आरोपी पक्ष की तरफ से स्थगन का प्रार्थना पत्र दिया गया इसलिए अदालत ने मामले की सुनवाई की तिथि 10 नवंबर तय कर दी। मामले में दो आरोपियों कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल की ओर से जिरह पूरी कर ली गई है। अब तीसरे आरोपी आनंद चौहान की ओर से जिरह की जानी है।
नमो घाट का वेंडर युवती से छेड़खानी के मामले में पकड़ा गया
आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट पर दुकान चलाने वाले एक वेंडर को शुक्रवार रात आदमपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वेंडर पर आरोप था कि उसने एक युवती के साथ छेड़खानी की है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। हालांकि शुक्रवार रात 12:00 बजे तक इस संबंध मे पुलिस मामले की जांच कर रही थी। वहीं नमो घाट पर चर्चा है कि पिछले तीन दिन से युवती और वेंडर के बीच विवाद चल रहा था। युवती ने इस मामले में पुलिस से शिकायत करने के साथ आरोपी के खिलाफ कुछ वीडियो फुटेज भी दिया है।
वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाजार में शुक्रवार दोपहर 3 बजे वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार मंगरू राम (58) घायल हो गए। आसपास के लोगों और पुलिस ने मंगरू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महाराजपुर गांव निवासी मंगरू बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक भदोही की ओर भाग निकला। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
कार ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर, एक गंभीर
रोहनिया थाना क्षेत्र के आराजीलाइन में सुल्तानपुर गांव के पास शुक्रवार को कार की टक्कर से मिर्जापुर के रहने वाले बाइक सवार अनूप कुमार मौर्य (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे शैलेश मौर्य को हल्की चोटें आई हैं। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अनूप को इलाज के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। घायल के भाई अजीत मौर्य ने बताया कि हेलमेट लगाने के बाद भी अनूप के सिर में गंभीर चोट लगी है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच की जा रही है। कार चालक की तलाश की जा रही है।
दुर्गा मातृ छाया शक्तिपीठ में हुआ दंडी संन्यासियों का भंडारा
श्री दुर्गा मातृ छाया शक्तिपीठ में कार्तिक मास के अनुष्ठान की पूर्णाहुति हुई। इस दौरान दंडी संन्यासियों के लिए भंडारे हुआ। नगवां स्थित श्री दुर्गा मातृ छाया शक्तिपीठ में संस्थापिका देवी उपासिका साध्वी गीतांबा तीर्थ ने अपने गुरु के चरण पादुका का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद दंडी संन्यासियों के भंडारे की शुरुआत हुई। कार्तिक पूर्णिमा पर आश्रम में आयोजित भजन कीर्तन में भजन गायकों ने भावांजलि अर्पित की। देवी उपासिका साध्वी गीतांबा तीर्थ ने कहा कि कार्तिक मास में गंगा स्नान और भगवान विष्णु की पूजा आराधना से भगवत कृपा मिलती है और वहीं पाप का शमन होता है।
डाकघरों में सर्वर ठप, लौटे दो हजार लोग
डाक विभाग की तकनीकी खामियों से परेशान होकर शुक्रवार को शहर के दो हजार लोग लौट गए। शहर के विभिन्न डाकघरों में सुबह से ही सर्वर ठप रहने के कारण पार्सल, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री लेटर और मनीऑर्डर जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। जानकारी के अनुसार, विभाग ने हाल ही में डाक सेवा 2.0 एप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से ग्राहकों को घर बैठे बुकिंग, पार्सल का विवरण, गणना और ई-रसीद जैसी सुविधाएं मिलनी थीं। लेकिन एप के सर्वर में गड़बड़ी आने से डाकघरों की पूरी प्रणाली प्रभावित हो गई।
कई पोस्ट ऑफिसों में कर्मचारी सिस्टम लॉगिन तक नहीं कर पाए। डाक विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक, सर्वर की दिक्कत केंद्रीय स्तर पर आई है। इसकी सूचना आईटी सेल को भेज दी गई है। डाकघर के अधीक्षक सुरेश चंद का कहना है कि नेटवर्क स्लो होने के कारण इस प्रकार की समस्या हो सकती है। जांच कराई जा रही है।
अघोर परंपरा के संत बावन बाबा का हुआ निधन
अघोर परंपरा के संत बावन बाबा (79) का निधन हो गया। शुक्रवार को उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वह अघोरपीठ कैथी शंकरपुर लालगंज आजमगढ़ के व्यवस्थापक थे। उनके निधन की सूचना पर उनके शिष्यों व भक्तों में शोक की लहर दौड़ गई। आजमगढ़ के रहने वाले बावन बाबा अघोरेश्वर बाबा अवधूत भगवान राम के शिष्य थे।
अघोराचार्य महाराज बाबा सिद्धार्थ गौतम कीनाराम की देखरेख में शनिवार को आजमगढ़ स्थित अघोरपीठ कैथी शंकरपुर आश्रम में उन्हें समाधि दी जाएगी। आजमगढ़ निवासी बावन बाबा ने किशोरावस्था में वैराग्य ले लिया था। बाबा अवधूत भगवान राम की शरण में आए और उन्हीं के आदेशानुसार अघोर परंपरा में खुद को स्थापित कर लिया। बाबा कीनाराम स्थल क्रीं-कुंड से जुड़े कई आश्रमों में दशकों अपनी सेवाएं दीं।
अब 20 नवंबर तक भरे जाएंगे शोध प्रवेश परीक्षा फाॅर्म
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में शोध में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा फाॅर्म 20 नवंबर तक भरे जाएंगे। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि पहले आवेदन की तिथि पांच नवंबर थी। तिथि बीत जाने के बाद भी बहुत से छात्र फाॅर्म नहीं भर पाए। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के निर्देश पर तिथि 20 नवंबर तक बढ़ाई गई है।
नारी सशक्तीकरण पर छात्र-छात्राओं ने रखे विचार
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के सभागार में शुक्रवार को मंडल स्तरीय डॉ. संपूर्णानंद वाद-विवाद प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन हुआ। इसका विषय नारी सशक्तीकरण : एक भ्रम अथवा यथार्थ था। इसमें चंदौली के मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज चहनियां के छात्र सचिन शर्मा ने पक्ष में और सहर्ष शर्मा ने विपक्ष में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोलापुर की छात्रा जाह्नवी यादव ने पक्ष में और तुलसी यादव ने विपक्ष में दूसरा स्थान पाया।
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज की छात्रा पायल पटेल ने पक्ष में और रिशु यादव ने विपक्ष में तीसरा स्थान पाया। संचालन हिमांशु तिवारी ने किया। निर्णायक मंडल के वरिष्ठ सदस्य डॉ. आनंद प्रभा सिंह ने कहा कि प्राचीन ही नहीं वर्तमान समय में भी स्त्री सशक्त है। डॉ. रामानंद दीक्षित ने प्रतिभागियों को हिंदी व्याकरण के पक्षों को आत्मसात करने को कहा। प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मातृशक्ति सर्वोपरि है।
बीएचयू में 35 कलाकारों ने सिखाई चित्रकला की बनारसी विधा
बीएचयू में गंगा प्रणाम नाम से शुरू हुई पेंटिंग कार्यशाला में 35 प्रतिष्ठित कलाकारों ने चित्रकला की बनारसी विधा सिखाई। दृश्य कला संकाय स्थित अहिवासी कला दीर्घा में ये कार्यक्रम सात दिनों तक चलेगा। पेंटिंग में गंगा किनारे की स्थानीयता और रचनात्मकता दिखी। कला प्रेमी और कला के गुरुओं ने एक साथ बैठकर चित्रकला बनाने की तकनीक को समझा।
संकाय प्रमुख और कार्यशाला की संयोजक प्रो. उत्तमा दीक्षित ने कहा कि इन सात दिनों में चित्रकला की बनारसी विधा नजर आएगी। इसमें गंगा के घाट, रहन-सहन, मंदिर, आध्यात्म और आनंद के स्केच का दर्शन होगा। प्रो. श्वेता प्रसाद और प्रो. श्रीरूप राय चौधरी ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह की रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बीएचयू के चित्रकला विभाग और काशिका आर्टिस्ट समूह ने मिलकर ये कार्यशाला कराई।
वंदे मातरम के 150 वर्ष पर स्कूलों में गूंजा राष्ट्रगीत
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को चोलापुर विकासखंड के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में राष्ट्रगीत कार्यक्रम हुआ। प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती, मोलनापुर, चौबेपुर, छितमपुर, गौरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर, अजांव, बर्थरा खुर्द, कौवापुर सहित तमाम विद्यालयों में बच्चों ने एक साथ सुर में सुर मिलाकर राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया। खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एकता की भावना को मजबूत करना है।
बीएचयू में महामना विद्यालय के नए बने भवन-कक्षाओं का उद्घाटन
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने शुक्रवार को महामना विद्यालय के नए बने भवन और कक्षाओं का उद्घाटन किया। प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि यहां के बच्चों को देखने के बाद इस बात का एहसास हुआ कि उन्हें बेहतर शिक्षा मिल रही है।
बच्चों को शिक्षित करने का कार्य किसी पुण्य से कम नहीं होता है। यदि बच्चों की शिक्षा में कहीं कोई कमी है तो उसके लिए क्या किया जा सकता है इस पर भी सोचने की जरूरत है। प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए जिस तरह से सभी ने मिलकर क्लास रूम का निर्माण किया यह सराहनीय कदम है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां हुईं। बच्चों ने एक प्रदर्शनी भी लगाई।
काशी विद्यापीठ के 23 छात्रों का चयन, कुलपति ने दी बधाई
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कंप्यूटर विज्ञान विभाग के 23 विद्यार्थियों का चयन साॅफ्टवेयर कंपनी में हुआ है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने चयन प्रक्रिया में शामिल विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। इसमें प्री-प्लेसमेंट सत्र, ऑनलाइन योग्यता परीक्षा, समूह चर्चा के बाद विद्यार्थियों का चयन हुआ। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
विभागाध्यक्ष डॉ. विजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और विश्वविद्यालय के कुलपति के दूरदर्शी नेतृत्व एवं विभाग के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का परिणाम है। स्वागत प्लेसमेंट सेल की समन्वयक प्रो. शेफाली ठकराल ने किया। इस दौरान अंबुज कुमार मिश्र, जीसी वर्मा, सत्यम तिवारी, इशिता खरे, प्रगति सिंह, आशीष कुमार सिंह, रवि प्रकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
सितार पर राग हेमंत में आलाप के साथ शुरू हुई संगीत बैठक
कला प्रकाश की ओर से अस्सी स्थित एक होटल में शुक्रवार की शाम संगीत बैठक हुई। काशी के वरिष्ठ सितार वादक पं. रबिंद्र नारायण गोस्वामी ने सितार वादन से श्रोताओं को आनंदित किया। राग हेमंत में आलाप के साथ पं. रबिंद्र नारायण गोस्वामी ने कार्यक्रम का प्रारंभ किया। इसी राग में जोड़ झाले के पश्चात मसीतखानी व रजाखानी गत की सुंदर प्रस्तुति दी।
इसके बाद आपने राग दरबारी की भी संक्षिप्त प्रस्तुति की। समापन राग भैरवी की धुन से हुआ। तबले पर पं. आशीष सेनगुप्ता ने संगत की। धन्यवाद अशोक कपूर और संयोजन डॉ. आशीष जायसवाल ने किया। इस दौरान प्रो. ऋत्विक सान्याल, विदुषी स्वरवंदना, पं. देवाशीष डेए शशांक नारायण सिंह, अनिल केशरी मौजूद रहे।
उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए करें 11 तक आवेदन
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं का आयोजन होगा। उपनिदेशक दिव्यांगजन सतेंद्र कुमार ने बताया कि इसके लिए कचहरी स्थित विकास भवन के दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग के कार्यालय से फॉर्म प्राप्त कर आवेदन भरकर 11 नवंबर तक जमा कर दें। इसके बाद कार्यशाला का आयोजन होगा। कम से कम दो वर्ष का अनुभव रखने वाली पंजीकृत स्वैच्छिक संस्थाएं आवेदन कर सकती हैं।
बिना फार्मर रजिस्ट्री नहीं मिलेगी खाद
किसानों को फार्मर रजिस्ट्री और सहकारिता के बी-पैक्स (बहुदेशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति) के सदस्य बने बगैर खाद और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि नहीं मिलेगी। इनसे जुड़े किसानों को ही कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ मिलेगा। सहकारिता विभाग की ओर से अभियान चलाकर ब्लाॅकवार किसान सदस्य बनाए जा रहे हैं। एआर को-ऑपरेटिव हर्ष कुमार ने बताया कि शासन से उन्हीं किसानों को सहकारी समितियों से खाद देने की अनुमति मिली है, जो उन समितियों से सदस्य बने हैं। हर ब्लाॅक क्षेत्रों की समितियों से पांच रुपये में पंजीकरण और 21 रुपये में सदस्य बन सकते हैं।
रोजगार मेले में 16 को मिली नौकरी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी परिसर में लगे रोजगार मेले में अडानी सोलर पैनल प्राइवेट लिमिटेड मुंद्रा गुजरात ने कैंपस सेलेक्शन किया। इसमें शामिल कुल 32 छात्रों में से 16 को नौकरी मिली। संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य एमके सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में 18 से 28 वर्ष के 12वीं पास, आईटीआई पास एवं डिप्लोमा पास छात्रों ने प्रतिभाग किया। चयनित युवाओं को 16000 से लेकर 18000 रुपये तक भुगतान किया जाएगा। प्लेसमेंट इंचार्ज सुनील कुशवाहा रहे।
यूपी कॉलेज में 10 से प्रैक्टिकल और 28 से सेमेस्टर परीक्षा
यूपी कॉलेज में 10 नवंबर से प्रैक्टिकल और 28 नवंबर से सेमेस्टर परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा 12 दिसंबर तक चलेगी। पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 1 से 3 बजे तक तक चलेगी। इसमें बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमएससी, एमकॉम, बी.लिब और बीएड के कोर्स की परीक्षाएं होंगी। परीक्षा से जुड़ा पूरा विवरण कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड है।
बीएचयू नेत्र बैंक को मिली दो कार्निया, निशुल्क प्रत्यारोपण होगा
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान स्थित आई बैंक को शुक्रवार को दो काॅर्निया दान में मिलीं। इस काॅर्निया को दो जरूरतमंद दिव्यांग (दृष्टिहीन) मरीजों में प्रत्यारोपित किया जाएगा। संस्थान के चेयरमैन प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि साकेत नगर निवासी महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाज कार्य संकाय के प्रो. संजय कुशवाहा के पिता साहित्यकार धर्मेंद्र सिंह कुशवाहा की 7.30 बजे मौत हो गई।
उनके बेटे ने पिता के नेत्रदान करवाने की इच्छा जाहिर की। बीएचयू आई बैंक के समन्वयक डॉ. आलोक कुमार के साथ डॉ. सुभांगी गुप्ता ने मरणोपरांत धर्मेंद्र कुशवाहा का नेत्रदान करवाया। प्रो. मौर्य ने बताया कि इस दौरान उनके छोटे बेटे मनीष कुशवाहा को नेत्रदाता परिवार सम्मान पत्र दिया। चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने इसके लिए आईबैंक की टीम की सराहना की।
पांच दिन सर्जरी की नई तकनीक पर मंथन करेंगे 1000 प्लास्टिक सर्जन
अखिल भारतीय प्लास्टिक सर्जरी एसोसिएशन का 59वां वार्षिक अधिवेशन 12 से 16 नवंबर तक आयोजित किया गया है। पांच दिन के इस सम्मेलन में देश-विदेश से 1000 प्लास्टिक सर्जन नई तकनीक से सर्जरी पर मंथन करेंगे। ये जानकारी शुक्रवार को आयोजन समिति के अध्यक्ष डाॅ. सुबोध कुमार सिंह, सचिव डॉ. जयंतो कुमार तपोदार, डॉ. उमेश कुमार ने पत्रकारों को दी।
डॉ. सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि काशी में 17 साल बाद यह अधिवेशन हो रहा है। इसके पहले 2008 में इस तरह का अधिवेशन हुआ था। आयोजन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम में 625 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। वीडियो वर्कशॉप भी होगा जिसमें प्लास्टिक सर्जरी के 60 से अधिक वीडियो के माध्यम से सर्जरी की नई तकनीक बताई जाएगी। वर्कशॉप में कटे होठ, तालू की सर्जरी का मॉडल भी दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में 80 अलग-अलग डाॅक्टरों ने व्याख्यान होंगे।
एनसीसी कैडेड्ट्स को दी आपदा प्रबंधन की जानकारी
100वीं यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर-326 का आयोजन एक विद्यालय में हुआ। शुक्रवार को शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत पीटी एवं राइफल ड्रिल से हुई। एनसीसी कक्षा में सेकंड ऑफिसर अरविंद राय ने कैडेट्स को आपदा प्रबंधन के विषय में विस्तृत जानकारी दी। मेजर डॉ. अरविंद कुमार सिंह कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रोशन, उप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश राय, सूबेदार मेजर राजकुमार, लेफ्टिनेंट (एनसीसी) सरनाथ सिंह, लेफ्टिनेंट (एनसीसी) उषा बालचंदानी रहीं।
काशी विद्यापीठ के 23 छात्रों का चयन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कंप्यूटर विज्ञान विभाग के 23 विद्यार्थियों का चयन साॅफ्टवेयर कंपनी में हुआ है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने चयन प्रक्रिया में शामिल विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। इसमें प्री-प्लेसमेंट सत्र, ऑनलाइन योग्यता परीक्षा, समूह चर्चा के बाद विद्यार्थियों का चयन हुआ। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
विभागाध्यक्ष डॉ. विजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और विश्वविद्यालय के कुलपति के दूरदर्शी नेतृत्व एवं विभाग के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का परिणाम है। स्वागत प्लेसमेंट सेल की समन्वयक प्रो. शेफाली ठकराल ने किया। इस दौरान अंबुज कुमार मिश्र, जीसी वर्मा, सत्यम तिवारी, इशिता खरे, प्रगति सिंह, आशीष कुमार सिंह, रवि प्रकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
छात्राओं को बताए कैंसर से बचाव के तरीके
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ एवं रोटरी क्लब वाराणसी गंगा की ओर से अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज बुलानाला में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस पर गोष्ठी हुई। मुख्य वक्ता प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. विनीता श्रीवास्तव ने छात्राओं को स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लक्षण और रोकथाम के बारे में बताया।
कहा कि यदि समय रहते इस बीमारी का निदान कर लिया जाए तो इससे बचाव संभव है। स्वागत प्रबंधक डॉ. मधु अग्रवाल व सह-प्रबंधक रूबी शाह ने किया। संचालन राजेश भार्गव तथा धन्यवाद ज्ञापन दीपक अग्रवाल ने किया। इस मौके पर शुभश्री जायसवाल, रोली अग्रवाल, मोहिनी अग्रवाल, सीमा शुक्ला, डॉ. डाॅली श्रीवास्तव, अनिल जैन आदि रहे।
लिव इन रिलेशन से पनप रही बुराई : पदम सिंह
बीएचयू के राजनीति विज्ञान विभाग में पहुंचे फिल्म अभिनेता पदम सिंह ने कहा कि पहले संयुक्त परिवार होते थे, फिर एकल होने लगे। इसी में लिव इन रिलेशन जैसी बुराई पनपने लगी। इससे समाज का नुकसान हो रहा है। इसे रोकना होगा। दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियों की जगह सोशल मीडिया ने ली है। इससे बचपन खत्म हो रहा है। यह चिंताजनक है। पदम सिंह ने गंगाजल, द लीजेंड ऑफ भगत सिंह, चमकू जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
विभाग में भारतीय समाज के सम्मुख चुनौतियां विषय पर संयोजक प्रो. हेमंत मालवीय ने कहा कि संगोष्ठी में 200 से ज्यादा शोधपत्र पढ़े गए। यह दर्शाता है कि भारतीय समाज इस विषय को कितनी गंभीरता से लेता है। प्रो. टीपी सिंह ने कहा कि भारत अपने ज्ञान के बल पर विश्वगुरु था। इस दौरान छात्रों ने पदम सिंह से संवाद भी किया और उनसे आल्हा गीत भी सुना। संचालन डॉ संजीव सराफ ने किया।
आरपीएफ जवान और कैंट भाजपा विधायक भिड़े, वीडियो वायरल
बनारस स्टेशन के गेट नंबर आठ पर शुक्रवार को कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव और आरपीएफ जवान आपस में भिड़ गए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। विधायक कार्यकर्ताओं को अंदर ले जा रहे थे और गेट पर सुरक्षा कर्मी रोक रहे थे। इसी बात को लेकर बहस हुई और वीडियो में विधायक और आरपीएफ जवान एक दूसरे को धक्का देते हुए दिख रहे हैं और आपस में नोकझोंक हो रही है।
इसके बाद कार्यकर्ता अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री इसी आठ नंबर प्लेटफार्म से शनिवार को वंदेभारत को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके चलते यहां रंग रोगन और सड़क निर्माण का काम हुआ है। सुरक्षाकर्मी ने यहां से यात्रियों के आने-जाने पर रोक लगा दी है। यात्री प्लेटफार्म एक से आ जा रहे हैं।
ज्ञानवापीः 500 रुपये के हर्जाने के साथ अर्जी स्वीकार
सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्टट्रैक) भावना भारती की कोर्ट ने शुक्रवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे में तीन बहनों की ओर से दाखिल अर्जी को पांच सौ रुपये हर्जाना पर स्वीकार कर ली है। जबकि इस मामले में अगली सुनवाई 12 नवंबर की तिथि नियत कर दी। तीन बहनों ने वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी के संबंधित हाईकोर्ट में दाखिल की गई याचिका के नकल को पत्रावली में शामिल करने की मांग की थी। वहीं पक्षकार बनने संबंधित वाद को संशोधित करने की अर्जी पर सुनवाई लंबित है।
सप्तसागर दवा मंडी में ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल छह दिन बाद खत्म
सप्तसागर दवा मंडी मैदागिन में दवा लेकर आने वाले ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल छह दिन बाद शुक्रवार को समाप्त हो गई। इस वजह से दवा मंडी में दवाओं का स्टॉक आना शुरू हो गया। हालांकि अभी इनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुनने के साथ ही उसका समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया था।
शुक्रवार से ट्रांसपोर्ट गोदामों से मालवाहक टेंपो के जरिये सप्तसागर दवा मंडी में दवाओं का आना शुरू हो गया है। पूरी तरह से स्थिति सामान्य होने में अभी और समय लगेगा। महामंत्री ने बताया कि व्यापारियों के साथ हुई बातचीत में प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद इस समस्या के निवारण पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
सवा सात करोड़ लोग कर चुके हैं वंदे भारत से सफर, अब आएगा इसका नया वर्जन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार रात बनारस रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दूसरे प्रवेश द्वार पर बाहर सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर अंदर प्लेटफॉर्म नंबर 8 का निरीक्षण कर तैयारियां देखीं। मौके पर मौजूद रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सहित अन्य अधिकारियों से समय से सभी तैयारियों को पूरा करवा लेने को कहा। रेल मंत्री ने कहा कि वंदेभारत एक्सप्रेस से सफर करने को लेकर यात्रियों की रूचि बढ़ती जा रही है। अब तक सवा सात करोड़ से ज्यादा लोग इससे यात्रा कर चुके हैं। जल्द ही इसका नया वर्जन भी आने वाला है।
बनारस स्टेशन पर रेलमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 4 वंदेभारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें बनारस से खजुराहो वाली ट्रेन यूपी से मध्य प्रदेश तक लोगों को जोड़ेगी। लखनऊ से सहारनपुर तक चलने वाली वंदेभारत के लिए लंबे समय से लोग मांग कर रहे थे। इससे सहारनपुर, मुरादाबाद सहित अन्य जगहों के लोग आसानी से सफर कर सकेंगे। फिरोजपुर से नई दिल्ली चलने वाली वंदेभारत से पंजाब और इसके आसपास के लोगों को लाभ मिलेगा। एर्नाकुलम-बंगलूरू तक जाने वाली ट्रेन से भी युवाओं सहित अन्य लोगों को लाभ होगा।
रेलमंत्री ने कहा कि वंदेभारत का जो नया वर्जन बनेगा, उसमें और भी नए फीचर आएंगे। इसमें एयर को प्यूरीफाई किया जाता है। इससे 99.9 फीसदी वायरस को सिस्टम में ही खत्म कर दिया जात है। यही वजह है कि ट्रेन के अंदर लोगों को शुद्ध हवा मिलती है। टाॅयलेट के डिजाइन सहित अन्य जगहों पर कई तरह के सुधार हो रहे हैं।
बताया कि अमृत भारत, वंदेभारत, नमो भारत नई पीढ़ी की ट्रेन है। इसमें सुरक्षा का भी विशेष ध्यान दिया जाता है। काशी, वाराणसी जंक्शन समेत देश में 1300 स्टेशनों पर विकास और यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए काम करवाया जा रहा है। रेलमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 30 अमृत भारत ट्रेन चल रही हैं, बहुत जल्द इनकी संख्या बढ़ेगी।