फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Police outpost in-charge suspended in Varanasi hearing on Amitabh Thakur bail

Varanasi News Today: वाराणसी में चौकी प्रभारी निलंबित, अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी पर सुनवाई; पढ़ें खबरें

Tue, 06 Jan 2026 06:33 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 06 Jan 2026 06:33 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में मोबाइल चोरी प्रकरण में लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी अस्सी को निलंबित कर दिया गया। वहीं, जिला जज की अदालत में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Police outpost in-charge suspended in Varanasi hearing on Amitabh Thakur bail
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकिता का मोबाइल अस्सी घाट से चोरी हो गया था। इस मामले में शिकायत के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं करने पर चौकी प्रभारी अस्सी रोहित त्रिपाठी को एसीपी की जांच रिपोर्ट के बाद निलंबित कर दिया गया। डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने बताया कि प्रकरण सामने आने के बाद एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार को जांच सौंपी गई थी। 

विज्ञापन


जांच में सामने आया कि चौकी प्रभारी महिला के साथ मौके पर गए लेकिन मोबाइल की बरामदगी नहीं कराई। मुंबई निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकिता सपरिवार काशी घुमने आई थी। 30 दिसंबर को अस्सी घाट पर भ्रमण के दौरान एक उचक्का उनका करीब दो लाख रुपये कीमत का आई फोन छीनकर फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद अंकिता ने अस्सी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन इसके बाद जांच ठीक से नहीं की। 
विज्ञापन


इस बीच अंकिता मुंबई में अपने सहयोगियों की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया और लोकेशन के आधार पर चांदपुर पुलिस को लेकर पहुंची। आरोप है रहा कि पुलिस ने खानीपूर्ति कर लौट आई। इसके बाद रात करीब दो बजे अंकिता फिर उसी लोकेशन पर पहुंची। क्योंकि वहां एक ही मकान के अंदर लोकेशन शो कर रहा था। अंकिता ने मकान मालिक से आग्रह कर कमरा खुलवाया तो पाया कि यहां 12 मोबाइल छुपा कर रखा गया था जो चोरी का था। मकान मालिक ने बताया कि उसने ये कमरा किसी को देख रखा और वह उसी दिन रात से फरार है।

विज्ञापन
विज्ञापन

कर्णघंटा में दुकान से आभूषण और नकदी चोरी, तीन युवक हिरासत में
चौक थाना क्षेत्र के कर्णघंटा के दुकान से आभूषण और नकदी चोरी हो गई। सोमवार दोपहर चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है। चौक पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। मकान मालिक भी मुंबई से वाराणसी रवाना हुए हैं। उनके पहुंचने पर थाने में तहरीर दी जाएगी। सवा दो किलो सोना और एक लाख नकदी चोरी का दावा कर्मचारियों की ओर से किया जा रहा है। 

मुंबई के रहने वाले दीवाकर राणा ने पुलिस को बताया कि रात में कर्मचारी ने सूचना दी कि खिड़की का शीशा टूटा हुआ है और गेट खुला है। दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख नकदी गायब है। दीवाकर राणा ने तुरंत इसकी सूचना चौक पुलिस और डीसीपी क्राइम को दी। सुबह चौक पुलिस और फॉरेंसिक टीम दुकान पर पहुंची और छानबीन की। 

ऊपरी मंजिल पर रहने वाले कर्मचारियों से भी पुलिस ने पूछताछ की। तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि व्यवसायी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आसपास के सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

काशी विश्वनाथ मंदिर गेट के पास लॉकर से चोरी करने वाला गिरफ्तार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर 4 के पास लॉकर से चोरी करने वाले शुभम मेहरोत्रा निवासी सिगरा को चौक पुलिस ने मणिकर्णिका कुंड के पास से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से चोरी के दो मोबाइल और 3540 रुपये मिले। पुलिस के अनुसार, देहरादून उत्तराखंड निवासी एक व्यक्ति परिवार के साथ 31 दिसंबर को वाराणसी आया था। 

एक जनवरी को दर्शन के दौरान एक युवक ने खुद को शुभम बताते हुए मंदिर गेट नंबर चार के पास लॉकर में पीड़ित के दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये रखवा दिए। दर्शन के बाद जब पीड़ित लौटा तो आरोपी लॉकर से सामान लेकर चला गया। पीड़ित ने चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सर्विलांस और सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर चौक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।

अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी पर सुनवाई, अभियोजन ने मांगा समय
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में सोमवार को आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई। अभियोजन की तरफ से समय मांगा गया और कहा गया कि विवेचक ने आवश्यक प्रपत्र नहीं प्रस्तुत किए हैं। अभियोजन की अर्जी को स्वीकार करते हुए अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि सात जनवरी तय कर दी। 

अमिताभ ठाकुर इस वक्त देवरिया जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ वाराणसी के बड़ी पियरी निवासी अंबरीष सिंह भोला ने नौ दिसंबर को चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि 30 नवंबर को अमिताभ ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर उनके खिलाफ आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के झूठे आरोप लगाए थे।

आरपीएफ ने बाल श्रम वाले 27 बच्चों को छुड़ाया
कैंट रेलवे स्टेशन पर पिछले एक साल में आरपीएफ ने 10 किलो चरस और 23 किलो गांजा पकड़ा, जबकि बाल श्रम के लिए ले जाए जाने वाले 27 बच्चों को भी छुड़ाकर छह मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ की ओर से सोमवार को यह आंकड़ा जारी किया गया। इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल की ओर से ऑपरेशन नन्हे घर फरिश्ते के तहत घर से भाग कर, भटक कर स्टेशन पर आने पर कुल 422 मामलों में बच्चों को बचाया गया। 

जीआरपी वाराणसी के सहयोग में से करीब पांच करोड़ रुपए के 10 किलोग्राम चरस की बरामदगी की गई। जबकि 4:50 लाख कीमत के करीब 23 किलोग्राम गांजा भी पकड़ा गया। बताया कि वर्ष 2025 में सर्कुलेटिंग एरिया में नो पार्किंग में वाहन लगाने वाले 995 लोगों पर कार्रवाई की गई। ट्रेन में चेन पुलिंग करने पर 273 लोगों पर कार्रवाई हुई है। 

पिकअप चालक ने छिनैती का लगाया आरोप
फूलपुर थाना के पिंडरा बाजार के उत्तरी छोर पर रविवार दोपहर पिकअप चालक ने बाइक सवार दो लोगों पर छिनैती का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी। जौनपुर नेवादा बैरगिया निवासी पिकअप वाहन स्वामी सुभाष चंद यादव का आरोप है कि रविवार दोपहर ढाई बजे वाराणसी से अपने घर जा रहा था। पिंडरा में सरकारी अस्पताल के पास पहुंचा, पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने रोक कर पर्स मोबाइल छीन लिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लेनदेन का मामला है। जांच की जा रही है। 

धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर निवासी शिखा दुबे के खाते से दो बार में 20 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। पीड़िता को मेसेज आने पर पता चला। पीड़िता ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिखा दुबे ने बताया कि 24 दिसंबर को उनके मोबाइल पर दो बार में 10-10 हजार रुपये निकलने का मेसेज मिला। खाते से राशि कटने की जानकारी मिलते ही बैंक से संपर्क किया। बैंक प्रबंधक ने बताया कि राशि किसी एटीएम से निकाली गई है, जबकि उनका एटीएम कार्ड पूरे समय उनके पास था। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जांच की जा रही है। 

कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 11 वाहनों का चालान, एक पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सोमवार को रुटीन चेकिंग के दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में अवैध रूप से खड़े 10 ऑटो और मोटरसाइकिल का आरपीएफ ने चालान कर दिया। निरीक्षक संदीप ने बताया कि सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ट्रेन संख्या 12168 में चेन पुलिंग करने के जुर्म में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

जिस लेखपाल पर था भ्रष्टाचार का आरोप, उसी ने खुद को दी क्लीन चिट
यूपी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को धता बताते हुए सदर तहसील में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जिस लेखपाल के खिलाफ उसने भ्रष्टाचार और अवैध उगाही की शिकायत की थी, उसी लेखपाल ने ही जांच कर मामले को रफा-दफा कर दिया। कटारी निवासी देवेंद्र बहादुर सिंह ने तहसील दिवस प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 20 दिसंबर को लेखपाल सतीश चंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 

आरोप था कि लेखपाल आराजी संख्या 568 के फांट (बंटवारे) की जांच के नाम पर अभद्र व्यवहार कर रहे थे। साथ ही रिश्वत मांग रहे थे। पीड़ित का कहना है कि लेखपाल ने धमकी दी थी कि पैसे न देने पर रास्ता रोक दिया जाएगा।

पीड़ित उस समय दंग रह गया जब उसने ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी शिकायत का निस्तारण देखा। शिकायती पत्र के अनुसार, आरोपी लेखपाल सतीश चंद्र ने खुद ही जांच अधिकारी बनकर अपनी रिपोर्ट लगा दी और मामले को खारिज कर दिया। देवेंद्र बहादुर सिंह ने तहसील प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

किशोरी लापता, युवक पर प्राथमिकी दर्ज
आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला क्षेत्र निवासी किशोरी घर से लापता हो गई। खोजबीन कर परिजनों ने रोहन दुबे नामक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि किशोरी को रोहन दो जनवरी को बहलाकर अपने साथ लेकर चला गया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी और युवक की तलाश की जा रही है। 

टेलीग्राम पर लिंक भेज कर महिला के साथ आठ लाख की ठगी
आदमपुर थाना क्षेत्र के कर्मदेश्वर महादेव गाय घाट निवासी सारिका दुबे साइबर ठगी का शिकार हो गईं। साइबर जालसाज ने टेलीग्राम लिंक पर भेजकर टास्क पूरा करने और मोटा मुनाफे की बात कहकर बैंक खाते से आठ लाख की ठगी कर ली। पीड़िता ने आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। 

सारिका ने पुलिस को बताया कि साइबर ठग ने 19 नवंबर से नौ दिसंबर के बीच लिंक भेज कर टास्क पूरा करने की बात कही। अकाउंट से कई बार में आठ लाख रुपये के ट्रांजेक्शन करा लिए। बाद में तीन लाख रुपये की और मांग करने लगा। शक होने पर पैसा वापस मांगा तो जालसाज ने अकाउंट हटा दिया। थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि साइबर सेल जांच कर रही है।

पीडब्ल्यूडी ने दालमंडी में कराई मुनादी
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के लिए भवनों की रजिस्ट्री कराने के लिए सोमवार को मुनादी कराई गई। पीडब्ल्यूडी की ओर से चलने वाले ध्वस्तीकरण अभियान के पूर्व यहां मुनादी कराई जा रही है ताकि किसी प्रकार की अड़चन न आने पाए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने कहा कि भवनों की रजिस्ट्री कराने के लिए मुनादी कराई जा रही है। जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। 

जमीन विवाद में महिला से मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर के सुल्तानीपुर गांव में जमीन से जुड़े पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पीड़िता कंचन लता पाण्डेय ने का आरोप है कि उनके मकान के पीछे स्थित उसकी भूमि पर अमन उर्फ कल्लू शौच कर रहा था। मना करने पर अमन उर्फ कल्लू, सूर्यकांत, विकास, सीमा, बंदना पाण्डेय, दिव्या पाण्डेय ने मिलकर मारपीट की। जबकि रास्ते से संबंधित विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

दहेज प्रताड़ना में छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना नथईपुर गांव निवासी महिला ने दहेज प्रताड़ना में पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में पीड़िता शबनम बानो ने बताया कि 21 जनवरी को उसकी शादी गाजीपुर निवासी इश्तियाक अहमद से हुई। शादी में एक लाख नकदी समेत अन्य सामान ससुराल वालों को मिला। बुलेट और चेन की मांग पूरी न होने पर पति तलाक की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पीड़िता के पति इश्तियाक अहमद, सास खुदाईजा, जेठ अब्दुल सलाम व अब्दुल कलाम, जेठानी जमीला व पुत्तुल और मोसारिक अंसारी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

आयुष्मान कार्ड के नाम पर वसूली का आरोप
आयुष्मान कार्ड के नाम पर स्वास्थ्य विभाग में वसूली का मामला सामने आया है। सेवापुरी के बड़ौरा बाजार निवासी जयप्रकाश गुप्ता का आरोप है कि आयुष्मान कार्ड के बाद भी इलाज के लिए आशा कार्यकर्ता से लेकर अधिकारियों ने पैसे मांगे। जयप्रकाश का आरोप है कि उनके एक पैर में एक्सीडेंट में काफी चोट आई। गांव की आशा कार्यकर्ता ने आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने के लिए सुविधा शुल्क की डिमांड की। 

कुछ दिन बाद कार्ड लेकर अस्पताल में पहुंचने पर बताया गया कि कार्ड लॉक हो गया है। इसके बाद ग्राम प्रधान ने भी पैसे की डिमांड की। सीएमओ कार्यालय पर तैनात कर्मचारी ने पैसा न देने पर फर्जी कार्ड बताते हुए जेल भेजने की धमकी दी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी के प्रभारी डॉक्टर अमित सिंह ने बताया कि अब कार्ड लॉक हो गया है तो इस विषय में हमें कोई जानकारी नहीं है।

मारपीट के मामले में महिलाओं का धरना
चोलापुर के मुर्दहां चौकी के धरमलपुर गांव की एक महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। बार-बार हो रही घटनाओं से आहत पीड़िता और उसके परिजन सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। वहां से गुजर रहे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने महिलाओं से मामले को जाना, साथ ही पुलिस कार्यालय बुलाकर प्रकरण को सुना। 

पुलिस आयुक्त ने चोलापुर थाना प्रभारी को मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा। धरमलपुर गांव निवासी संजू देवी पत्नी राजेश यादव का आरोप है कि भूमि विवाद को लेकर पड़ोसी धनंजय यादव उर्फ पिंटू, सूर्यबली यादव, प्रियांशु यादव, विकास यादव समेत अन्य विवाद और मारपीट पर उतर आते हैं। 

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मारपीट के तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। आरोप है कि धनंजय यादव उर्फ पिंटू ने उनके साथ मारपीट की थी। पीड़िता का कहना है कि मुकदमे में सुलह का दबाव बनाते हुए उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

निर्माण कार्यों में मानक और गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान : डीएम
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को निर्माणाधीन 220/33 केवी जीआईएस उपकेंद्र, कैंट चौकाघाट और संबंधित लाइनों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। बिजली विभाग व कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। कार्यदायी संस्था ने परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि उपकेंद्र की क्षमता 2 गुने 60 एमवीए है। डिजाइन का कार्य पूरा हो गया हैं। 

बाउंड्रीवॉल का निर्माण 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। 33केवी जीआईएस बिल्डिंग की पाइलिंग का कार्य पूरा कराया जा चुका है। वर्तमान में 33 केवी जीआईएस बिल्डिंग की पाइलिंग कैप का 42 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्यों में मानक और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उपकेंद्र के निर्माण के फलस्वरूप विधानसभा क्षेत्र वाराणसी उत्तरी और दक्षिणी की विद्युत आपूर्ति और उपलब्धता में गुणात्मक सुधार होगा।

चीनी मांझे से कटी युवक की नाक, सात टांके लगे
ककरमत्ता ओवरब्रिज पर चीनी मांझे की चपेट में आकर स्कूटी सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ने साहस का परिचय देते हुए खुद को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा। मंडुवाडीह क्षेत्र निवासी सुमित जायसवाल स्कूटी से बरेका की ओर जा रहा था। ककरमत्ता ओवरब्रिज पर अचानक चीनी मांझा उसके चेहरे से उलझ गया। जब तक वह संभलता नाक और आंख की पलक कट गई। लोगों की मदद से सुमित ने स्कूटी को खड़ा कर अपने दोस्त को बुलाया और निजी अस्पताल में इलाज कराया। चिकित्सकों ने सात टांके लगाए।

चाइनीज मांझा के साथ युवक गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के गंगापुर में चोरी-छिपे प्रतिबंधित चीनी मांझा बेच रहे दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड 6 गंगापुर निवासी प्रदीप केसरी चीनी मांझा बेच रहा है। दबिश देकर आरोपी की दुकान से 13 किलो मांझा बरामद किया। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। 

होटल में नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाने का आरोपी गिरफ्तार
होटल में नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाने के आरोपी को रोहनिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने रोहनिया थाने में चार जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी की पहचान मिल्कीचक निवासी नंदलाल यादव के रूप में हुई। 

पीड़िता का आरोप है कि एक कंपनी में काम करने के दौरान उसकी पहचान नंदलाल से हुई। आरोपी ने लोन दिलाने के बहाने मंडुवाडीह के एक होटल में दुष्कर्म किया। इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा गया। न्यायालय में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पूछताछ के लिए थाने आया युवक मौका देख भाग निकला
सारनाथ क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर थाने पर पूछताछ के लिए आया युवक मौका देखकर भाग निकला। युवक की खोजबीन में पुलिस जुटी है। घुरहूपुर के राजभर बस्ती निवासी युवक के पिता ने बताया कि चार पुलिसकर्मी और कुछ सादे वर्दी में थे। घर आए और बेटे को पूछताछ के लिए साथ लेकर चले गए। परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर जब वे थाने पहुंचे तो उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया गया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी का कहना है कि यह उनके थाने का मामला नहीं है, फिर भी युवक की तलाश की जा रही है। 

घर में घुसकर लाखों की चोरी, पुलिस ने की छानबीन
फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरारघुनाथपुर गांव नौघड़वा में रविवार रात सीढ़ी के सहारे घर में घुसे चोर ने आभूषण समेत नकदी पर हाथ साफ किया। सुशील दुबे ने बताया कि चोर आलमारी को खोलकर सोने-चांदी के आभूषण ले गए। जिनकी कीमत तीन लाख रुपये है। पुलिस छानबीन में जुटी है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। 

धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में चार गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम दुनियापुर हरहुआ में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बहलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। आरोपियों में मुकेश, कृष्ण कुमार मौर्य, इनोश जोसेफ और रवि जोसेफ शामिल हैं। 

पुलिस ने बताया कि मुकेश को कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि कृष्ण कुमार मौर्य, इनोश जोसेफ और रवि जोसेफ को मदनपुर नहर पुलिया के पास से हिरासत में लिया गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचार प्रमुख अमन सेठ की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पांडेयपुर में सड़क पर हो रहा पानी का रिसाव
पांडेयपुर पुलिस चौकी के सामने सड़क पर पानी का रिसाव हो रहा है। इससे लोगाें को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जलकल विभाग का कलेक्शन सेंटर महज यहां से 50 मीटर की दूर है फिर भी पानी की बर्बादी हो रही है। सड़क के दोनों तरफ पानी बह रहा है। राहगीर-वाहन चालक फिसलकर गिरने का खतरा बना है। पांडेयपुर के राकेश कुमार ने कहा कि इस संबंध में शिकायत की गई। जलकल के सचिव विश्वनाथ ने कहा कि जानकारी मिलने के बाद मरम्मत का निर्देश दिया गया है।

जमीन पर कब्जे के विरोध में मुखौटा लगाकर किया प्रदर्शन
बंजर भूमि पर कब्जे के विरोध में सोमवार को गांधी नगर में मुखौटा लगाकर लोगों ने प्रदर्शन किया गया। भू माफिया रूपी राक्षसों के भूमि कब्जा की इच्छा को ढोल, घंटा, झाल मंजीरा बजाकर शांत करने का प्रतीकात्मक विरोध किया गया। जुलूस निकालकर लोगों को जागरूक किया। पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने कहा कि गांधीनगर, रोहित नगर, नरिया में पार्क, कम्युनिटी सेंटर, सीवर ड्रेनेज, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, प्राइमरी स्कूल और बंजर भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। 

लोगों में आक्रोश है। पूर्व पार्षद अशोक पटेल ने बताया समाज में भूमि पर कब्जा करने वाले राक्षसों को भी सामाजिक बहिष्कार का दंड मिलना चाहिए। राजीव पटेल और अधिवक्ता हरिशंकर मिश्रा ने कहा यह लड़ाई न्याय और अन्याय के बीच की है। श्री राम आवास सहकारी समिति ने जमीन बेच खरीद में भारी अनियमितता की है। प्रशासन को जानकारी दे दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में धीरज सिंह, मधुसूदन राव सोनू और रहे। 

फार्मर रजिस्ट्री का लाभ बताएंगे 8 प्रचार वाहन
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने के लिए जागरूकता वाहन को सोमवार को तहसील सदर से 8 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एग्रीस्टेक (डिजिटल एग्रीकल्चर) के तहत यह वाहन 20 जनवरी तक सभी विकास खंडों में जाएंगे। वाहन के साथ कृषि विभाग के कर्मचारी हैं, जो किसानों को फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने और इसके लाभ में जानकारी देंगे। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल बताया कि किसान इसके जरिये जानकारी लेकर फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। 

ऑटो से टकराई नीलगाय, युवक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चुमकुनी गांव के पास रविवार शाम ऑटो से नीलगाय टकरा गई। हादसे में ऑटो सवार दानगंज निवासी जंगली (25) नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। ऑटो मुनारी बाजार से कादीपुर कलां चौराहे की ओर आ रहा था। लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जंगली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भिजवाया था। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि नीलगाय अचानक दौड़ते हुए ऑटो से टकरा गई थी, जिससे हादसा हुआ। सोमवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

नए साल पर घाट घूमने आए युवक से मारपीट
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला में चेत सिंह घाट पर नए साल पर घूमने आए युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में भेलूपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हथिनी गांव निवासी अवी राय ने बताया कि वह चेत सिंह घाट घूमने आए थे। छह युवकों ने उसे अकारण मारना पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अवी राय को गंगा नदी में धकेलने का भी प्रयास किया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आदित्य तिवारी समेत पांच अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। 

कोहरे के कारण 20 उड़ानें देर, सबसे देर मुंबई से 2 घंटे बाद पहुंचा विमान
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को विमानों का संचालन प्रभावित रहा। सोमवार को कुल 20 उड़ानें प्रभावित रहीं। सबसे देर एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ान 2 घंटे 14 मिनट बाद पहुंची। एयरपोर्ट पर बुधवार को काठमांडू-वाराणसी-काठमांडू की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 37 मिनट देरी से पहुंचीं। 

अकासा एयर की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू की उड़ान 49 मिनट, एयर इंडिया कि दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 1 घंटे 1 मिनट, इंडिगो की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 24 मिनट, हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 1 घंटे 15 मिनट, स्पाइस जेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ान 1 घंटे 49 मिनट, इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 37 मिनट, हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 25 मिनट और मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ान 35 देरी से पहुंची।

पिकअप से सात गोवंश छुड़ाए, एक मरा मिला
चेकिंग के दौरान रोहनिया पुलिस ने पिकअप में क्रूरता पूर्वक लदे सात संरक्षित मवेशी को बरामद किया। वाहन चालक को भी पकड़ा। चालक की पहचान शशि कुमार चौबे उर्फ भोलू निवासी गद्दोपुर जौनपुर के रूप में हुई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि एक पिकअप में गोवंश लादकर तस्करी के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने पंडितपुर में घेराबंदी कर पिकअप को रोका। उसमें से एक मरा हुआ मिला। छह को गो आश्रय केंद्र में भेज दिया गया है। चालक को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

डीह बाबा और रामजियावन बाबा मंदिर से 12 घंटे चोरी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली में रविवार रात डीह बाबा मंदिर और रामजियावन मंदिर भुल्लनपुर से 12 घंटे चोरी हो गए। 50 से 60 किलो के घंटे चोरी होने के मामले में व्यवस्थापकों ने थाने में सोमवार को तहरीर दी है। लोगों ने पुलिस से बताया कि सुबह मंदिर पहुंचे तो देखा कि जंजीर से बंधे कई घंटे गायब थे। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से गश्त का दावा किया जाता है, लेकिन चोरी पर लगाम नहीं है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि छानबीन की जा रही है।

गौ तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
गोहत्या और पशु क्रूरता के मामलों में वांछित राहुल यादव को चौबेपुर पुलिस ने शंकरपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोहत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। 

तीन पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार
लंका थाना क्षेत्र में रमना चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर तीन पेटी अंग्रेजी शराब के साथ युवक को विश्वसुंदरी पुल सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अखिलेश कुमार सिंह निवासी रोहतास, बिहार के रूप में हुई। तलाशी में आरोपी के बैग से तीन पेटी अंग्रेजी शराब मिली। उसने स्वीकार किया कि वह शराब लेकर बिहार जा रहा था। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई। 

सौदा तय कर दो लाख लिए, न जमीन मिली न पैसा
सिंधौरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में जमीन का सौदा पांच लाख में तय कर दो लाख रुपये लेने और बैनामा नहीं करने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। सारनाथ के श्रीनगर कॉलोनी निवासी कैलाश नाथ गुप्ता का आरोप है कि वीना पांडेय और अजय पांडेय से पिंडरा तहसील के दिनदासपुर में जमीन का सौदा तय किया। पांच लाख रुपये बिस्वा की दर से जमीन के लिए दो लाख 13 जुलाई 2022 को दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगे। तीन साल बीत जाने के बाद भी बैनामा नहीं किया। पैसा वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है।

Varanasi News Today Police outpost in-charge suspended in Varanasi hearing on Amitabh Thakur bail
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

अवैध प्लॉटिंग के प्रति जागरुता के लिए नुक्कड़ नाटक
वीडीए के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के नेतृत्व में जन जागरूकता अभियान सोमवार को जारी रहा। अवैध प्लॉटिंग के प्रति लोगों में जन जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में टीम ने लोगों को आगाह किया। नागरिकों को बताया गया कि सिर्फ प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट वाले प्लॉट ही खरीदें। प्लॉट विक्रेता (प्लॉटर) भी वीडीए से लेआउट स्वीकृति के बाद ही विक्रय करें। ऐसा न करने पर वीडीए की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के लिए शिक्षा नीति बदलाव जरूरी: कुलपति
मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, शिक्षाशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आठ दिवसीय ऑनलाइन राष्ट्रीय शिक्षा नीति: उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के लिए शिक्षा नीति बदलाव की जरूरत है। 

प्रथम सत्र में डाइट प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार शुक्ल ने कहा कि हमें अपने शिक्षण अधिगम व्यवस्था में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बदलाव करना होगा, तभी वर्तमान शिक्षा नीति का उद्देश्य पूरा होगा। दूसरे सत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय गुजरात के प्रो. जेपी सिंह ने समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा पर प्रकाश डाला। केंद्र निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का लक्ष्य भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करना है। संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, तकनीकी सहयोग विनय सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. लालधारी यादव ने किया।

एनपीएस खाते में प्रतिमाह सरकारी अंशदान जमा नहीं होने से समस्या : सुधांशु
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के वाराणसी खंड के नेता माध्यमिक शिक्षा के प्रमुख सचिव, शिक्षा निदेशक तथा वित्त नियंत्रक को सोमवार को पत्र ईमेल कर शिक्षकों की समस्या का समाधान कराने को कहा। उन्होंने पत्र में लिखा है कि पूरे प्रदेश सहित वाराणसी खंड में सरकार की ओर से शिक्षकों के एनपीएस खाते में प्रतिमाह नियमित सरकारी अंशदान जमा नहीं हो रहा है। इससे शिक्षकों की व्यापक आर्थिक क्षति हो रही है। इसी प्रकार की स्थिति पूर्व में 13 फरवरी 2019 के शासनादेश के बाद भी हुई थी। इसे लेकर शिक्षक नेता ने बलिया, जौनपुर और कई अन्य जिलों के शिक्षकों का उदाहरण भी दिया।

बीएचयू ने 23 को झांकी प्रदर्शनी के लिए बनाई 13 सदस्यीय समिति
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर निकलने वाली झांकियों की प्रदर्शनी के लिए 13 सदस्यीय समिति गठित कर दी है। 23 जनवरी को संस्थानों, संकायों और इकाइयों की उपलब्धियों को झांकी के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इस समिति की अध्यक्षता छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह करेंगे। 

उनके अलावा एमएमवी के डॉ. संदीप पोखरिया, प्रो. अंचल श्रीवास्तव, प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा, प्रो. सरफराज आलम, प्रो. निशात अफरोज, डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, डॉ. स्वपना मीना, आईएमएस के डॉ. अरुण कुमार दुबे, डॉ. संजय कुमार, नित्यानंद तिवारी, प्रो. आलोक कुमार पांडे को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। बीएचयू की स्थापना हिंदू तिथि के अनुसार वसंत पंचमी के दिन चार फरवरी 1916 को की गई थी। इसे देखते हुए हर साल बीएचयू का स्थापना दिवस वसंत पंचमी के दिन मनाया जाता है। इसमें बीएचयू के साथ ही आईआईटी बीएचयू की भी झांकी शामिल रहती है।

आयुर्वेद कॉलेज में 278 बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन
चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय में सोमवार को शिशु एवं बालरोग विभाग की ओर से 278 बच्चों का स्वर्णप्राशन हुआ। कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. नीलम गुप्ता ने भगवान धन्वंतरि का पूजन कर कैंप का शुभारंभ किया। कैंप में रोटरी क्लब का सहयोग रहा। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार गराइ और डॉ. अश्विनी कुमार गुप्ता ने बच्चों के अभिभावकों को स्वर्णप्राशन के लाभ बताए। इस दौरान विजय कुमार जायसवाल, राकेश कोचर, अनिकेश चंद्र गुप्ता मौजूद रहे।

आज से काशी विद्यापीठ की सेमेस्टर परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय की परास्नातक के तीसरी सेमेस्टर की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू होंगी जो 13 जनवरी तक चलेंगी। परीक्षा नियंत्रक डाॅ. दीप्ति मिश्रा ने बताया कि पीजी कोर्स की तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 6 जनवरी से 13 जनवरी तक होंगी। इसमें 6 जनवरी को 7 विषयों की परीक्षा होगी। 8 जनवरी को दो विषयों, 9 जनवरी को 5, 10 जनवरी को 2, 12 जनवरी को 6 और 13 जनवरी को 5 विषयों की परीक्षाएं होंगी। इसके लिए समय सारिणी पहले ही जारी कर दी गई थी। परीक्षा का समय दोपहर 2 से 4 बजे तक है।

बाबा काल भैरव का सवा लाख रुद्राक्ष की माला से शृंगार
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का सोमवार को सवा लाख रुद्राक्ष और अन्नकूट से शृंगार हुआ। बाबा की सजी झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। मंदिर परिसर भी रुद्राक्ष की मालाओं से आकर्षक सजाया गया था। पुजारी वैभव दुबे ने बाबा कालभैरव का पंचामृत स्नान कराया। इसके बाद आभूषण, सवा लाख की रुद्राक्ष और फूलों से शृंगार किया। इसके बाद दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। रुद्राक्ष भक्तों में प्रसाद के रूप में बांटा गया। वैभव दुबे बताया कि मान्यता है कि प्रसाद के रूप में प्राप्त रुद्राक्ष को पानी में डालकर रखने से भगवान कालभैरव की कृपा से जीवन की नकारात्मक शक्तियां और काल बाधाएं दूर होती हैं।

अविरल, निर्मल गंगा व हिंदू राष्ट्र के लिए सुंदरकांड का पाठ
सेंटर फॉर सनातन रिसर्च की ओर से अस्सी घाट पर सुंदर कांड पाठ हुआ। भजन गायक पंडित प्रेम प्रकाश दूबे के पाठ किया। सभी ने अविरल, निर्मल गंगा और हिन्दू राष्ट्र की स्थापना का संकल्प लिया। पूजन में राज्यमंत्री डॉ दया शंकर मिश्र दयालु, काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक पं. श्रीकांत मिश्रा, संस्था के प्रदेश संस्थापक डॉ. केएन पांडेय, राष्ट्रीय प्रवक्ता पं. राम द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ अभिषेक द्विवेदी गणेश, अवधेश पाठक, अभय पांडेय, रंजन त्रिपाठी आदि रहे।

ट्रेनों का संचालन प्रभावित, 4 ट्रेनें लेट
कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। सोमवार को दिल्ली, मुंबई रूट के अलावा राजधानी भी देरी से पहुंची। ट्रेन संख्या 22436 नई दिल्ली से चलकर वाराणसी आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 2 बजे की जगह 1:20 घंटे की देर से अपराह्न 3.20 बजे आई। 20504 डिब्रुगढ़ राजधानी एक्सप्रेस रात 10:50 बजे की बजाय 1.15 घंटे की देरी से 12:05 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंची। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सुबह 4:40 बजे से 2 घंटे 5 मिनट की देरी से 6:45 पर आई। 11071 लोकमान्य तिलक से चलने वाली कामायनी एक्सप्रेस शाम 7:45 की जगह 1.55 घंटे लेट होकर रात 9:40 बजे आई।

जन्मजात गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज का किया इलाज
कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में सोमवार को ग्लोबल डेवलेपमेंट डिले से पीड़ित युवक को आईसीयू में भर्ती करके इलाज किया गया। कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय युवक को जन्मजात गंभीर बीमारी थी। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले आए थे। जहां फिजिशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, मनोरोग चिकित्सक और बाल रोग चिकित्सकों की टीम ने उसे भर्ती करके इलाज किया। अस्पताल के एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि ग्लोबल डेवलेपमेंट डिले एक ऐसी स्थिति है जब 5 साल से कम उम्र के बच्चे का विकास दो या अधिक क्षेत्रों में अपेक्षित उम्र से काफी पीछे रह जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed