News: वाराणसी में नौ पुलिस चौकियों पर नए प्रभारी, अब्बास अंसारी मामले में 24 जून को सुनवाई; पढ़ें खास खबरें
Varanasi News Today: कमिश्नरेट वाराणसी में नौ चौकियों में नए प्रभारियों को नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व विधायक अब्बास अंसारी से जुड़े मामले की सुनवाई 24 जून को होगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: पुलिस कमिश्नरेट के काशी जोन की नौ चौकियों में शनिवार को नए प्रभारी तैनात किए गए। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि एसआई विकास मिश्रा को दुर्गाकुंड, एसआई विवेक शुक्ला को कालभैरव, एसआई संदीप सिंह को पियरी और एसआई रवि पांडेय को चितईपुर पुलिस चौकी का प्रभारी तैनात किया गया है। इसी तरह से एसआई मनोज राजपूत को सुंदरपुर, एसआई संदीप सिंह को नाटीइमली, एसआई शिवम मिश्रा को चौकाघाट, एसआई सत्यदेव गुप्ता को सोनिया और एसआई पंकज पांडेय को सरैया पुलिस चौकी का प्रभारी तैनात किया गया है।
पूर्व विधायक अब्बास अंसारी मामले में 24 जून को होगी सुनवाई
विशेष न्यायाधीश (एमपी/ एमएलए) राजीव कुमार वत्स की अदालत में शनिवार को पूर्व विधायक अब्बास अंसारी से जुड़े मामले की सुनवाई 24 जून को होगी। अब्बास ने दो साल की सजा सुनाए जाने के फैसले को चुनौती दी। अदालत ने 31 मई को सजा सुनाई थी।
विशेष न्यायाधीश ने मामले में स्टेट की ओर से आपत्ति दाखिल करने और विपक्षी संख्या दो वादी मुकदमा गंगाराम बिंद को दोबारा नोटिस जारी करने का आदेश दिया। साथ ही अब्बास अंसारी की अंतरिम जमानत को 24 जून तक बढ़ाने का आदेश दिया। मामला शहर मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है।
अभियोजन के अनुसार, एसआई गंगाराम बिंद की तहरीर पर शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में अदालत ने अब्बास अंसारी को दोषी करार दिया था और दो साल की सजा सुनाई थी। 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
मैजिक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त घायल
फूलपुर स्थित नाद नदी के समीप शनिवार को एक मैजिक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया।
जौनपुर जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के सुंगुलपुर गांव निवासी रमेश पटेल का पुत्र राजन पटेल (18) अपने पड़ोस में रहने वाले दोस्त अमीष पटेल (20) के साथ बाइक से उसके दादा की तेरहवीं का कार्ड बांटने निकला था। राजन बाइक चला रहा था और अमीष पीछे बैठा हुआ था। कठिरांव में कार्ड बांटने के बाद फूलपुर में अमीष अपने जीजा शिवा पटेल के घर जा रहा था। फूलपुर स्थित नाद नदी के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार मैजिक ने राजन की बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर सिर के बल गिरते ही राजन पटेल की मौके पर मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे अमीष पटेल का दायां पैर टूट गया। टक्कर के बाद चालक मैजिक लेकर पिंडरा की तरफ भाग निकला। इस संबंध में फूलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक चला रहे युवक के परिजनों को सूचित कर उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। घायल युवक को उपचार के लिए पिंडरा सीएचसी भिजवाया गया है। आरोपी मैजिक चालक की तलाश की जा रही है।
घर में घुसकर की मारपीट और छेड़खानी, 21 पर मुकदमा
मिर्जामुराद थाने में 21 लोगों के खिलाफ शनिवार को चित्तापुर गांव स्थित एक घर में घुस कर मारपीट और छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।मिर्जामुराद थाने की पुलिस को एक विवाहिता ने बताया कि वह बीते गुरुवार की देर शाम अपने घर में काम कर रही थी।
उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर चित्तापुर का सचिन पटेल, जय सिंह, नंदलाल पटेल, कमलेश, संजय पटेल, अमन पटेल, आकाश पटेल, धर्मेंद्र, बुझारत, चंदन पटेल, सूर्यबली, विक्रम साहनी, गोलू साहनी, रोहित, राजेश पटेल, काजू पटेल, धनी शंकर, तेजू पटेल, आयुष और दो अज्ञात लोग उसके घर में घुस आए।
आरोपियों के हमले में परिवार के दो सदस्यों को गंभीर चोट लगी। बीचबचाव करने पर आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी की। इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि वादिनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दालमंडी में चौड़ीकरण के लिए लगाया लाल निशान
दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने नपाई का काम तेज कर दिया है। चौड़ीकरण की जद में आ रही दुकानों के बाहर फाइनल नापी के निशान लगाने शुरू कर दिए गए हैं। शनिवार को 189 मकानों और दुकानों की नपाई पूरी की गई है। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ही विभाग ने दुकानों के बाहर यह निशान लगाए।
शनिवार को दालमंडी से लेकर लंगड़ा ऑफिस तक नापी की गई। निशान लगाने के साथ ही लोगों के साथ ही लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि जहां तक नापी की जा रही है, वहां तक स्वेच्छा से खाली कर दें। नपाई की कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ नगर निगम, जलकल की टीम भी साथ रही।
यहां 17.5 मीटर चौड़ीकरण किया जाना है। मौजूदा समय में करीब नौ मीटर चौड़ी है और इसमें भी कब्जा है। करीब 650 मीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रोजेक्ट करीब 200 करोड़ से अधिक है और इसमें 20 करोड़ से अधिक रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
मकानों और दुकानों की नाप पूरी हो चुकी है और इसी नाप के आधार पर मुआवजा दिया जाना है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू होगी। प्रशासन इस सड़क को मॉडल सड़क के रूप में विकसित करेगा। पीडब्ल्यूडी सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू करेगा और बिजली, पानी और नाले सभी अंडरग्राउंड होगा। सीवर लाइन का भी सर्वे हो चुका है। उसे भी नए सिरे से से डाला जाएगा।
खुले में लघु शंका कर रहे व्यक्ति को माला पहनाकर किया लज्जित
नगर निगम की टीम ने शनिवार को खुले में लघुशंका करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। रोडवेज स्टेशन के पास एक व्यक्ति खुल में लघुशंका कर रहा था। टीम ने उसे फूलों की माला पहनाकर लज्जित किया। इसके बाद यहां सफाई की गई।
इसके अलावा रावत बस्ती, पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास, महमूरगंज, गोलाघाट, मध्यमेश्वर, बलुआबीर, मदनपुरा, तुलसीपुर, सारंगनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन, विजय नगर मार्केट, रामापुरा मार्केट आदि क्षेत्रों में प्रतिबन्धित प्लास्टिक का प्रयोग न करने एवं घरों में दो प्रकार के डटस्टबिन रखने हेतु जागरूक किया गया।
इस टीम के द्वारा ब्रम्हानन्द नगर कालोनी, तराधाम कालोनी, नवदुर्गा मंदिर, साकेत नगर, मध्यमेश्वर आदि क्षेत्रों के लगभग 200 घरों एवं क्षेत्रीय दुकानदारों को अपने घरों में गीजा कूड़ा एवं सूखा कूड़ा रखने हेतु जागरूक किया गया और घर में निर्मित होने वाले कंपोस्ट के बारे में बताया गया।
पावर लूम मशीन में काड़ी भर रही महिला की करंट लगने से मौत
मिर्जामुराद क्षेत्र के हरपुर गांव में शनिवार की देर शाम पावर लूम में काड़ी भर रही महिला करंट की चपेट में आग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। संजू देवी (42) पत्नी हेमराज शनिवार की देर रात घर पर लगे पावर लूम मशीन में काड़ी भर रही थी कि अचानक उन्हें करंट लग गया। छटपटाती पत्नी को देख बगल में बैठे पति ने डंडे से मारकर करंट बंद कर दिया। इसके बाद पत्नी को लेकर एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला दो बेटों की मां है।
गुड़िया गांव के खतरनाक कुएं का पानी उपयोग नहीं करेंगे ग्रामीण
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव में दो दिन पहले कुएं में गिरने से मासूम समेत तीन की मौत के बाद ग्रामीणों ने कुएं का पानी उपयोग नहीं करेंगे। पानी की समस्या के समाधान के लिए सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह पटेल ने एसडीएम राजातालाब से पेयजल सप्लाई शुरू कराने और कुएं पर ढक्कन लगाने को कहा।
विधायक प्रतिनिधि को ग्रामीणों ने बताया कि गुड़िया गांव में हर घर नल जल योजना के तहत कनेक्शन कर दिया गया है। पेजयल टंकी बनकर तैयार है। बावजूद नल में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। एसडीएम राजातालाब को निर्देशित किया कि टंकी से सप्लाई शुरू कराई जाए। उधर, ऋषिकेश, माही की मौत पर शोक जताने को लेकर लोगों की आवाजाही शुरू है।
जमीन विवाद को लेकर महिलाओं से की मारपीट, दी धमकी
हृदयपुर की एक महिला और उनके परिवार के सदस्यों को जमीन विवाद को लेकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले को लेकर अंजनी देवी की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अंजनी देवी ने पुलिस को बताया कि गोइठहा स्थित उनकी जमीन का बैनामा वर्ष 2010 में उनके पुत्र संजय से वेदप्रकाश दूबे ने धोखाधड़ी करके कराया था। उसके निरस्तीकरण के लिए संजय ने सिविल वाद दाखिल किया है। वेदप्रकाश ने पूनम सिंह और विमला देवी को 3 बिस्वा जमीन बेच दी। गत 5 जून को ज्योति प्रकाश, आदि प्रकाश सिंह, राकेश सिंह, सोनू सिंह और 12 अज्ञात लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से आए। उन सभी ने धमकी दी।
इसके बाद 12 जून को दीक्षा सिंह, ऋषिकांत, कीर्ति सोनकर और तकरीबन 30 अज्ञात लोग उनकी जमीन पर जबरन निर्माण कार्य शुरू करा दिए। मना करने पर उन्हें, उनकी बहू मुन्नी देवी, पुत्रियों संगीता व सुनीता और पोती मुस्कान पटेल के साथ मारपीट की गई। इस संबंध में लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने शनिवार को बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एयरबैग खुलने से बाल-बाल बचा कार सवार परिवार
अजुहा के टांडा मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर हाईवे पर चालक के अचानक ब्रेक मारने से दो कारों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान एयर बैग खुलने से कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया।
वाराणसी के औलेशपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह परिवार के साथ कार से दिल्ली घूमने गए थे। घर लौटते समय शनिवार दोपहर अजुहा में टांडा मोड़ के समीप नेशनल हाईवे पर आगे जा रही कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे धर्मेंद्र सिंह की कार पीछे से भिड़ गई।
एयरबैग खुलने की वजह से कार सवार धर्मेंद्र सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी, बेटा आराध्य व बेटी अराध्या बाल-बच गए। जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मची अफरातफरी के कारण आगे वाली कार का चालक भाग निकला। कुछ देर बाद हादसे का शिकार परिवार दूसरे वाहन से वाराणसी रवाना हो गया।
मदरसे की 6 शाखाएं खोलने पर अवैध ठहराकर मांगा जवाब
मदरसा जामिया इस्लामिया मदनपुरा की छह शाखाएं संचालित करने पर आरटीआई कार्यकर्ता ने इसे अवैध ठहराते हुए जांच करने वाले जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से जवाब मांगा है। उनका कहना है कि मदरसा विनियमावली 2016 के तहत अन्य शाखाएं नहीं होनी चाहिए। इस अनुदानित मदरसे की छह शाखाएं चल रही हैं। वहीं, उस समय जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कौन था, इसको लेकर भी अधिकारियों में ऊहापोह है।
जिले के प्रभारी जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सिंह प्रताप देव ने आरटीआई कार्यकर्ता को विजय प्रताप यादव का नाम बताया है। जबकि विजय का कहना है कि जांच और रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद कार्यभार संभाला था। अभी विजय प्रताप उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण आजमगढ़ में तैनात हैं। मदरसे के प्रधानाचार्य अब्दुल स्वाले का कहना है कि मदरसे की शाखाएं चल रही हैं, जो शासन की नियमावली के तहत संचालित हैं।
जर्जर मकानों का विवरण दें थानाध्यक्ष
अपने थाना क्षेत्र के जर्जर मकानों को चिह्नित कराकर उनके विवरण के साथ एक हफ्ते में रिपोर्ट दें। यह निर्देश शनिवार को एडीसीपी सरवणन टी ने काशी जोन के 12 थानाध्यक्षों को दिया है। एडीसीपी काशी जोन ने कहा कि प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान जर्जर मकानों के कारण हादसे होते रहते हैं। या फिर, हादसों की आशंका बरकरार रहती है।
इसलिए इस बार पुलिस के स्तर से थाना स्तर पर जर्जर मकानों को चिह्नित कराने का निर्णय लिया गया है। चिह्नित जर्जर मकानों के संबंध में नगर निगम को रिपोर्ट भेज कर समय से आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा। ताकि, जर्जर मकान हादसे का कारण न बनें।
राजातालाब तहसील में डीएम ने की सुनवाई, 8 मामले निस्तारित
समाधान दिवस पर डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को राजातालाब तहसील में सुनवाई की। इस दौरान राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों के कुल 230 मामले आए। मौके पर 8 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
डीएम ने कहा कि भूमि विवाद संबंधी मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर सत्यापन कर मामले को निस्तारित करे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली अक्षम्य होगी। कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता से न्यायोचित समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है।
इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और राजस्व से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें, ताकि लोगों को भटकना न पड़े।
अवैध प्लाॅटिंग के खिलाफ की कार्रवाई
वीडीए की टीम ने शनिवार को सारनाथ में दो बीघा में हो रही अवैध प्लाॅटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। संदहा में बिना लेआउट स्वीकृत कराए बिना पांच बीघे में, फरीदपुर, रिंग रोड के किनारे लगभग 1.5 बीघा में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त की गई। इस दौरान जोनल अधिकारी प्रकाश और अवर अभियंता विनोद कुमार मौजूद रहे।
सरिया लादे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
चौबेपुर के बहादुरपुर गांव के समीप शनिवार की शाम चौबेपुर से कैथी की ओर जा रही सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली उगापुर पुलिया के पास पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक सहित दो लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें हल्की चोट लगी। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में चालक और उसका साथी युवक सुरक्षित हैं।
मकान से छड़, तार, नकदी और सामान चोरी
आवास विकास कॉलोनी, दौलतपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान से चोर निर्माण सामग्री और नकदी चुरा ले गए। घटना के संबंध में भुक्तभोगी ने लालपुर पांडेयपुर थाने में उसरा, दौलतपुर निवासी कल्लू प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मनोहर सिंह ने बताया कि वह भवन निर्माण का काम करा रहे हैं। मकान के बगल में एक छोटी झोपड़ी बनवा कर उन्होंने उसमें छड़, सीमेंट, बिजली का तार, मजदूरों का सामान और दो हजार रुपये रखा था। कल्लू प्रजापति उनकी झोपड़ी से लगभग 80 हजार रुपये की छड़, पांच हजार रुपये का बिजली का तार, मजदूरों का सामान और दो हजार रुपये चुरा ले गया। चोरी की घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने शनिवार को बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
महिला को मनबढ़ों ने पीटा, बीचबचाव करने आया पति भी घायल
बड़ागांव के बाबतपुर गांव में शुक्रवार की शाम पट्टीदार के घर जन्मदिन की पार्टी में गई एक महिला को मनबढ़ों ने पिटाई की। बीचबचाव करने पहुंचे महिला के पति को भी मनबढ़ों ने पीट कर लहूलुहान कर दिया। घायल महिला ने बड़ागांव थाने में चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेनू देवी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पट्टीदार ओमप्रकाश के घर उनके बच्चे के जन्मदिन की पार्टी में गई थी। वहां मौजूद आशीष, इंदर, बबलू और गोलू उनसे कहासुनी करने लगे। कहासुनी के दौरान ही हमला कर दिया। बीचबचाव करने के लिए उनके पति अरविंद आए तो मनबढ़ों ने उन्हें भी पीट कर घायल कर दिया।
चाचा के ई-रिक्शा से चुराई थी बैटरी, गिरफ्तार
लोहता थाने की पुलिस ने ई-रिक्शा से चुराई गई चार बैटरी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने शनिवार को बताया कि पकवा बाजार, छितौनी निवासी किशन गुप्ता अपने पड़ोसी चाचा के ई-रिक्शा की चार बैटरी चुराया था। चुराई हुई बैटरी को वह बेचने की फिराक में था, उससे पहले ही पकड़ा गया।
मकान से छड़, तार, नकदी और सामान चोरी
आवास विकास कॉलोनी, दौलतपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान से चोर निर्माण सामग्री और नकदी चुरा ले गए। घटना के संबंध में भुक्तभोगी ने लालपुर पांडेयपुर थाने में उसरा, दौलतपुर निवासी कल्लू प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मनोहर सिंह ने बताया कि वह भवन निर्माण का काम करा रहे हैं। मकान के बगल में एक छोटी झोपड़ी बनवा कर उन्होंने उसमें छड़, सीमेंट, बिजली का तार, मजदूरों का सामान और दो हजार रुपये रखा था। कल्लू प्रजापति उनकी झोपड़ी से लगभग 80 हजार रुपये की छड़, पांच हजार रुपये का बिजली का तार, मजदूरों का सामान और दो हजार रुपये चुरा ले गया। चोरी की घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने शनिवार को बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
चंद्रावती गांव में ताजिया के रास्ते का विवाद, देखने पहुंचे अधिकारी
चौबेपुर थाने में शनिवार की शाम पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में चंद्रावती गांव में ताजिया के मार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। अफसरों ने जल्द ही विवाद सुलझाने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।
चंद्रावती गांव निवासी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद है वह उनकी निजी संपत्ति है। उस पर गेट लगा है और बाउंड्री वॉल बनी है। इसके अलावा उनके दो भाइयों के उत्तराधिकार के निर्धारण को लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है और उस पर स्थगन आदेश भी प्राप्त है। वहीं, डुबकियां गांव में ताजिया जुलूस मार्ग पर आने वाली समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने अपनी परेशानी साझा की। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने कहा कि सभी पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण जल्द कराया जाएगा।
डीजे पर डांस को लेकर बराती-घराती भिड़े, दो खिलाफ मुकदमा
मंडुवाडीह में डीजे पर डांस करने को लेकर शुक्रवार की रात बराती और घराती भिड़ गए। मिश्र पोखरा लक्सा निवासी बराती अभिषेक चौरसिया की तहरीर पर दुल्हन के दो भाइयों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मारपीट में बरात पक्ष के कुछ लोगों को चोटें आई हैं। थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि दुल्हन पक्ष के नाथूपुर निवासी शनि और विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
अस्सी फूड कोर्ट में मारपीट के मामले में चार पर केस
अस्सी घाट स्थित अस्सी फूड कोर्ट में मारपीट के मामले में 5 नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हरिहरपुर निवासी ऋषभ जायसवाल की तहरीर पर हर्ष पांडेय, कचालू पांडेय, आनंद मोहन झा, शुभम तिवारी सहित अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। ऋषभ ने बताया कि अस्सी फूड कोर्ट में ओपन किचन चलाते हैं। इस दौरान सभी गाली गलौज के साथ मारपीट की। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
पारंपरिक अंदाज में 11 पॉइंट पर भाजपा कार्यकर्ता करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री का स्वागत
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे की तैयारियों और स्वागत कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने शनिवार को बैठक की। गुलाबनगर स्थित महानगर कार्यालय पर हुई बैठक में पदाधिकारियों ने चर्चा की। 23 जून को वह शाम 5 बजे बाबतपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे और यहां से वह सीधे कालभैरव मंदिर प्रस्थान करेंगे और दर्शन-पूजन के बाद नदेसर स्थित ताज होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।
काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि एयरपोर्ट से लेकर कालभैरव मंदिर और ताज होटल तक 11 स्वागत पॉइंट बनाए जाएंगे। यहां ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल एवं पुष्पवर्षा के साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग, बुद्धिजीवियों, आम जनमानस और भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा श्री शाह का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया जाएगा।
बाबतपुर एयरपोर्ट रनवे के समीप त्रिमुहानी पर, एयरपोर्ट रोड स्थित विद्यालय के समीप, एयरपोर्ट मोड़ पुल के पास, संत अतुलानंद विद्यालय शिवपुर मोड पर, भोजूबीर चौराहे पर राजर्षि मूर्ति के पास, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर, लहुराबीर चौराहा पर और होटल ताज के प्रवेश द्वार पर जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस द्वारा गृहमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा।
बैठक में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय व मीडिया प्रभारी नवरतन राठी मौजूद रहे।
एक दिन में हुआ चार मरीजों का काॅर्निया प्रत्यारोपण
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में एक दिन में चार मरीजों में निशुल्क कार्निया प्रत्यारोपण किया गया। इसके बाद मरीजों को नई रोशनी मिल गई है। प्रत्यारोपण के इस मामले में ट्रिपल प्रोसिजर (क्षतिग्रस्त कॉर्निया को निकालने के साथ मोतियाबिंद का ऑपरेशन करके लेंस प्रत्यारोपण और कॉर्निया प्रत्यारोपण) किया। क्षेत्रीय नेत्र संस्थान बीएचयू के अध्यक्ष और बीएचयू आईबैंक के चेयरमैन प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि लालगंज आजमगढ़ के किशोरा निवासी रमाकांत और कृष्णपुरी कॉलोनी मंडुवाडीह निवासी जगदीश सोनकर की आंख में फुल्ली के साथ-साथ मोतियाबिंद भी था।
इनकी ट्रिपल प्रोसिजर किया गया। दानगंज चोलापुर की शकुंतला की आंख में चोट के कारण कॉर्नियल अल्सर हो गया था। प्रो. मौर्य ने बताया कि शकुंतला के आंख में कार्निया प्रत्यारोपित किया गया। इस विधि को थेरेप्यूटिक केराटोप्लास्टी (घाव वाली क्षतिग्रस्त कॉर्निया को हटाकर उसकी जगह स्वस्थदाता कॉर्निया को लगाना) कहते हैं। बलिया की एक अन्य महिला को भी कॉर्निया ट्रांसप्लांट किया गया। इस कार्य के लिए आईएमएस बीएचयू निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने नेत्र प्रत्यारोपण करने वाली टीम में शामिल प्रो. वीपी सिंह, प्रो. आरपी मौर्य, डॉ. प्रियंका और डॉ. वैष्णवी को बधाई दी।
ईद ए मुबाहेला के जश्न में सजी महफिल जुल्म के खिलाफ बुलंद हुई आवाज
देश और दुनिया के साथ शहर बनारस में भी मुसलमान भाइयों ने ईद ए मुबाहेला का जश्न मनाया। अर्दली बाजार, शिवपुर, दोषीपुरा, मुकीमगंज, चौहट्टा लाल खां, रामनगर, भेलूपुर, दालमंडी, चौक में महफिल सजाई गई। शिया मस्जिद काली महल में महफिल को खिताब करते हुए हाजी फरमान हैदर ने बताया नबी और इमाम के बताए हुए रास्ते पर चलना ही सच्ची जिंदगी है। जुल्म कहीं भी हो रहा उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। लोगों ने मिठाई तक्सीम करके फातिहा भी कराई।
सावन से होगा काशी सर्राफा मंडल का विस्तार
श्रीकाशी सर्राफा मंडल की बैठक शनिवार शाम रवि सर्राफ की अध्यक्षता में जतिन रस्तोगी के प्रतिष्ठान पर हुई। इसमें तय किया कि 11 जुलाई से शुरू होने वाले पवित्र सावन माह में संगठन का विस्तार किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि 27 जून को बाबा श्रीकालभैरव की शोभायात्रा का स्वागत होगा। मंडल के अध्यक्ष रवि सर्राफ ने मंडल के नाम का दुरुपयोग करने वालों को चेताया। बैठक में अमनदीप सिंह, पंकज सर्राफ, पीयूष गुप्ता, संजय अग्रवाल, श्री कुमार दबे, राजा सेठ माैजूद रहे।
सीआरपीएफ जवानों ने मुख्यालय में किया योगाभ्यास
95 बटालियन सीआरपीएफ के जवानों ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पहड़िया मुख्यालय पर योगाभ्यास किया। एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य की थीम पर सीआरपीएफ के 250 से ज्यादा जवानों ने योग के माध्यम से आम जनमानस को भी जागरूक किया। कानपुर के वरिष्ठ वयोवृद्ध योगाचार्य गौरी शंकर कोस्टा एवं योगाचार्य प्रकाश नाथ योगेश्वर योगी ने ताड़ासन, ध्रुवासन, भ्रामरी और अनुलोम विलोम का फायदा लोगों को बताया।
कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने योगाचार्य को सम्मानित किया। इस दौरान अर्चना बालापुरकर, सुनीता देवी, राजेश कुमार सिंह, आलोक कुमार, प्रदीप सिंह शेखावत, अभिषेक सिंह, पंकज कुमार, परविंदर प्रसाद, प्रिंस सिंह,अनिल कुमार यादव मौजूद रहे।
काशी विद्यापीठ में 16 जुलाई से होगी सेमेस्टर परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अर्थशास्त्र विभाग में एमए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 16 से 22 जुलाई तक होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने बताया कि परीक्षा दोपहर 12 से 2 बजे तक होगी। समयसारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
काशी विद्यापीठ में 8-9 जुलाई को होगी समाज कार्य की मौखिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्नातक समाज कार्य मेजर (एनईपी) छठवें सेमेस्टर सत्र 2024-25 के रिसर्च प्रोजेक्ट वर्क एवं फील्ड वर्क की मौखिकी परीक्षा 8 व 9 जुलाई को होगी। समाज कार्य विभागाध्यक्ष एवं सकायाध्यक्ष प्रो. महेंद्र मोहन वर्मा ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगी। दोनों मौखिक परीक्षा समाज कार्य विभाग में समानांतर रूम से होगी। सभी विद्यार्थियों को शामिल होना जरूरी है। विभाग से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।
काशी विद्यापीठ हिंदी विभाग में 30 जून और 1 जुलाई को होगी बैठक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में सत्र 2023-24 की शोध प्रवेश प्रक्रिया को पुरा करने के लिए शोध समिति की बैठक 30 जून और 1 जुलाई को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि ने बताया कि बैठक को लेकर विभाग स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
सुबह 10 बजे से होने वाली बैठक में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अपने पीपीटी (सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी) और मूल दस्तावेज के साथ हिंदी विभाग में उपस्थित होना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि को उपस्थित न होने पर सभी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।
एथलेटिक्स में हिस्सा लेने काशी की टीम प्रयागराज रवाना
यूपी की अंडर-20 एथलेटिक्स टीम में शामिल काशी के 15 खिलाड़ी शनिवार देर रात प्रयागराज के लिए रवाना हुए। कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि अंडर-20 राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता प्रयागराज के महामना मालवीय स्टेडियम में 22 से 24 जून तक खेली जाएगी। इसमें स्टीपल चेज के अलावा, वाॅक रेस और दौड़ प्रतियोगिता में सिगरा स्टेडियम के नौ खिलाड़ी और भारतीय खेल प्राधिकारण (साई) बीएचयू सेंटर के छह खिलाड़ी खेलेंगे।
प्रतियोगिता में सिगरा स्टेडियम के अजीत, अभिषेक यादव, आनंद यादव, विशाल, सुनील राजभर, आशीष पाल, अजय पाल, हृदय नारायण के अलावा एकमात्र महिला खिलाड़ी कोमल पटेल खेलेंगी। वहीं बीएचयू साई सेंटर के देवांश, रिचा यादव, अंबाली त्रिवेदी, संध्या यादव, रिशा गोस्वामी, प्रिया राय हिस्सा लेंगे।
बहुजन समता पार्टी 2027 में उतारेगी प्रत्याशी
पूर्वांचल मूवमेंट तथा बहुजन समता पार्टी के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर बैठक की। बैठक की अध्यक्षता राजेश आजाद ने की। राजेश आजाद ने घोषणा की कि बहुजन समता पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। बैठक में डॉ. रश्मि अग्रवाल, अंजना श्रीवास्तव, नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रेखा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
योग ओलंपियाड में आदित्यवर्धन ने जीता स्वर्ण
कन्याकुमारी में राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में बंगाली टोला इंटर कॉलेज में 9वीं के छात्र आदित्यवर्धन शुक्ल ने यूपी टीम का प्रतिनिधित्व किया। वापस लौटने पर राष्ट्रीय खिलाड़ी का सम्मान प्रधानाचार्य ने किया। खेल शिक्षक मेजर विमल कुमार राव ने बताया कि शिवाला के हनुमान घाट निवासी आदित्यवर्धन ने स्वर्ण पदक जीतकर मान बढ़ाया है। ओलंपियाड राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली की ओर से 13 से 18 जून तक विवेकानंद केंद्र में हुआ था। प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश मणि पांडेय, योग आचार्य कमल भट्टाचार्य ने बधाई दी।
कुलपति ने पौधरोपण करने का दिया संदेश
आज दुनिया में पर्यावरण प्रदूषण के कारण अनेक रोगों की उत्पत्ति रही है। बारूद के धुएं से संपूर्ण वातावरण आच्छादित है। इस समस्या से निजात पाने के लिए पौधरोपण कर जन-जागरण करने की जरूरत है। उक्त विचार संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने व्यक्त किए। शनिवार को कुलपति आवास प्रांगण में पौधरोपण कर प्रो. शर्मा ने स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कुलपति ने कहा कि पौधारोपण का कार्य बहुत ही पुण्य का कार्य है। इस अवसर पर निदेशक प्रकाशन डॉ. पद्माकर मिश्र सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहभाग किया।
प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने के निर्णय पर हो दोबारा विचार
भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह ने प्रदेश के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को बंद या अन्य विद्यालयों में विलय करने के निर्णय पर गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। यह पत्र डिप्टी कलेक्टर पिनाक पाणि द्विवेदी को सौंपते हुए इस पर दोबारा निर्णय लेने पर विचार करने की मांग की। पत्र में जिलाध्यक्ष ने कहा कि इससे शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइया जैसे रोजगार सीधे प्रभावित होंगे।
यूपी की खुशहाली के लिए संघर्ष कर रहा है आप कार्यकर्ता
आम आदमी पार्टी के प्रांतीय संकल्प शिविर की शुरुआत शनिवार को राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने क्रांति है पुकारती... गीत से की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बगैर सत्ता के 2012 से जनहित के मुद्दों पर कार्यकर्ता लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कुव्यवस्था से प्रदेश को बाहर निकालने का आह्वान किया।
यूपी सह-प्रभारी दिलीप पांडेय ने कार्यकर्ताओं से मीडिया के माध्यम से अपने मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देने का आग्रह किया। दिल्ली के विधायक और यूपी के सह-प्रभारी विशेष रवि ने कार्यकर्ताओं से संगठन निर्माण में पूरे दिल से जुड़ने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, जिलाध्यक्ष रमाशंकर पटेल मौजूद रहे।
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में तैनात होंगे मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक
बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए जिले के 26 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में जल्द ही मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक तैनात किए जाएंगे। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान के तहत शुरू की जा रही है, जिसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चयन के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत, चयनित विद्यालयों में तीन महीने तक प्रतिदिन 40 मिनट का आत्मरक्षा प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशिक्षण उन्हें न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाएगा बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चयन में योग्यता को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
आवेदक किसी राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो। चयनित प्रशिक्षकों को मानदेय के रूप में प्रतिमाह 5 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार, तीन महीने की अवधि के लिए उन्हें कुल 15 हजार रुपये का मानदेय मिलेगा।
बिजली निगम के निजीकरण के निर्णय के साथ है जनता : एके शर्मा
प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा कहा कि जनता की सुविधा के लिए विद्युत निगम का निजीकरण जरूरी है। प्रदेश की जनता हमारे फैसले के साथ है। शनिवार को मां विंध्यवासिनी के का दर्शन पूजन करने बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
विंध्याचल पहुंचे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विधि विधान के साथ मां विंध्यवासिनी का पूजन किया। उन्होंने कहा कि जितनी अच्छी बिजली व्यवस्था होनी चाहिए, वह नहीं है। जनता को हमारे कर्मचारियों के व्यवहार, बिजली आपूर्ति, बिलिंग की व्यवस्था से संतोष नहीं है। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति हो, इसके लिए निजीकरण की बात सोची जा रही है। आगे हमारी सरकार और मुख्यमंत्री का जैसा निर्णय होगा, उस अनुसार कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उन पर और परिवार पर है मां विंध्यवासिनी की असीम कृपा है। बाल्यकाल में अपने पिता के साथ मां के दर्शन के लिए आते थे। कहा कि जिस तरह विंध्यधाम का विकास हो रहा है, उसे देखकर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के साथ विंध्य धाम के विकास पर चर्चा की।
खेलों में योगदान के लिए विमल राव सम्मानित
खेलो को बढ़ावा और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए शिक्षक खेल सम्मान से विमल राव को सम्मानित किया गया है। विमल राव बंगाली टोला इंटरमीडिएट इंटर कॉलेज में शारीरिक शिक्षक पद पर हैं। सीएम की ओर से पुरस्कृत होने का श्रेय उन्हाेंने बाबा काशी विश्वनाथ को दिया है। उपलब्धि पर विद्यालय विद्यालय के प्रबंधक अशोक कांत चक्रवर्ती सहित सभी शिक्षकों ने शुभकामनाएं दी हैं।
कमांड सेंटर की मदद से तिरुपति से आई श्रद्धालु को खोजा
सिटी कमांड सेंटर फेस 2 से जुड़े कैमरों की मदद से शनिवार को तिरुपति से आई श्रद्धालु एलवी रत्नावल्ली को खोजा गया। कमांड सेंटर फेस-2 के इंचार्ज राजेश सिंह ने बताया कि तिरुपति से दर्शन-पूजन के लिए दंपती आए थे। दशाश्वमेध घाट पर महिला खो गई। पति ने सिटी कमांड सेंटर में सूचना दी। कमांड सेंटर ने गोदौलिया से शीतला घाट तक लगे कैमरों की मदद से महिला को खोजा गया।
महापंचायत में निजीकरण का मुद्दा उठाएंगे 300 कर्मचारी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर धरना, प्रदर्शन, आंदोलन के बाद अब लखनऊ में रविवार को होने वाली महापंचायत में बिजली कर्मी अपनी आवाज उठाएंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों की तरह काशी से करीब 300 कर्मचारी लखनऊ जाएंगे। इसमें निजीकरण के विरोध में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
एक साथ बड़ी संख्या में कर्मचारियों के जिले में न रहने से लोकल फाॅल्ट, कटौती संबंधी समस्या का समाधान करने में चुनौती हो सकती है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 22 जून को होने वाली महापंचायत में प्रदेशभर से कर्मचारी हिस्सा लेंगे। एक दिन पहले शनिवार को भोजनावकाश के समय में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर आयोजित सभा में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को जागरूक किया।
कर्मचारी नेता अंकुर पांडेय, वेदप्रकाश राय ने बताया कि महापंचायत में उपभोक्ता मंचों के प्रतिनिधि, किसान, मजदूर, शामिल होंगे। कर्मचारी नेता अंकुर पांडेय ने बताया कि महापंचायत में शामिल होने के लिए 300 कर्मचारी काशी से रवाना होंगे। इस दौरान ओपी सिंह, जिउतलाल, रमाशंकर पाल, अभिषेक शुक्ला मौजूद रहे।
40 वीवीआईपी शहर में करेंगे पौधरोपण
एक जुलाई से शुरू होने वाले पौधरोपण महाभियान की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसे देखते हुए सभी विभागों के लिए पौधरोपण का लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया गया है। इसबार की विशेष पहल ऑपरेशन सिंदूर के तहत पूरे जिले में सिंदूर के पौधे रोपे जाएंगे। पूरे शहर में 40 से अधिक वीवीआईपी लोग पौधारोपण करेंगे। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि सहजन भंडारा के तहत आमजन को निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। सागौन, शीशम, आम, अमरुद, सहजन, नीम, सिरस, अमलतास, पीपल, बरगद आदि पौधों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
समाजसेवी त्रिभुवन नाथ मिश्रा की मनाई पुण्यतिथि
हनुमान जी के सेवक और समाजसेवी त्रिभुवन नाथ मिश्रा की प्रथम पुण्यतिथि शनिवार को अस्सी स्थित जय कुंज में मनाई गई। जागृति फाउंडेशन की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ स्व. रघुनाथ मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण और दीप जलाकर हुआ। मुख्य अतिथि रणवीर संस्कृत विद्यालय में संगीत के अध्यापक डॉ. ऋतुराज कात्यायन, विशिष्ट आतिथि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के महानगर अध्यक्ष राजीव पांडेय, साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्रा ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। संचालन रामयश मिश्रा और धन्यवाद विनय कुमार मिश्रा ने किया।
जोन स्तरीय निरंकारी महिला समागम आज
संत निरंकारी मंडल की ओर से रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मलदहिया स्थित निरंकारी सत्संग भवन के नवनिर्मित सत्संग हाॅल में एक विशाल जोन स्तरीय महिला निरंकारी संत समागम का आयोजन हुआ। जोनल इंचार्ज सिद्धार्थ शंकर सिंह ने बताया कि महिलाओं में आध्यात्मिक जागृति के लिए निरंकारी मिशन महिला सत्संग की स्थापना करके महिलाओं को भक्ति से जोड़ने का निरंतर प्रयास करता रहता है।
महिला समागम को दिल्ली से पधार रही केंद्रीय निरंकारी प्रचारिका डॉ. प्रवीण खुल्लर संबोधित करेंगी। वाराणसी के अलावा गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली जिले की भी निरंकारी महिलाएं शामिल होंगी। विश्व योग दिवस के अवसर पर मलदहिया सत्संग भवन पर सुबह 6 से 7 बजे तक योग प्रशिक्षक के देखरेख में योगा का आयोजन हुआ। इसमें सैकड़ों निरंकारी भक्तों ने योग किया।
आज मनाई जाएगी योगीराज देवरहा बाबा की पुण्यतिथि
ब्रह्मलीन योगीराज देवरहवा बाबा की 35वीं पुण्यतिथि 22 जून को अस्सी स्थित देवरहवा बाबा आश्रम द्वारकाधीश मंदिर में मनाई जाएगी। मठ के कोठारी राम अभिलाष दास ने बताया कि ब्रह्मलीन योगीराज देवरहवा बाबा की पुण्यतिथि रविवार योगिनी एकादशी के दिन मनाई जाएगी। इस अवसर पर सुबह 10:00 बजे विद्वत सभा और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
पहली बार लंबी कूद में जीती साइकिल अब ओलंपिक के लिए बहा रहे पसीाना
प्रतापगढ़ के मोहम्मद उजैफा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एंफीथियेटर में रोज सात घंटे अभ्यास करते हैं। 2023 में बच्छाव में इनामी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सफल होने पर उन्हें साइकिल मिली थी। उजैफा के प्रशिक्षक विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. खुर्शीद अंसारी ने बताया कि खिलाड़ी ओलंपिक में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार प्रशिक्षण दे रहे हैं। 2023 से छह मुकाबले खेले और चार में पदक हासिल किया। लंबीकूद में उसका 6.90 बेस्ट रहा है। 2024 में अंडर-17 की प्रादेशिक प्रतियोगिता लखनऊ में हिस्सा लिया, लेकिन पांचवां स्थान मिला।
ढोल, नगाड़ों के साथ भाजपा कार्यकर्ता करेंगे अमित शाह का स्वागत
भाजपा के महानगर कार्यालय पर शनिवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। बताया कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस गुलाब बाग कार्यालय पर सुबह 10:30 बजे मनाया जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय मुख्य अतिथि होंगे। 23 जून को शाम 4:00 बजे भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह काशी आ रहे हैं।
महानगर की सीमा में तरना बाईपास से लेकर होटल ताज होते हुए काल भैरव मंदिर तक महानगर के कार्यकर्ता ढोल नगाड़ा शहनाई एवं डमरू दल के साथ ऐतिहासिक स्वागत करेंगे। 29 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस सभी बूथ पर मनाया जाएगा।
राजू यादव बने शिवपुर विधानसभा प्रभारी
सपा प्रदेश सचिव राजू यादव को शिवपुर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया। राजू यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का जो विश्वास प्राप्त हुआ है, उसे हम सभी जीत के रूप में उन्हें लौटाएंगे। उनके मनोनयन पर चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे दादा, पूर्व मंत्री मनोज राय, धूपचंडी ने शुभकामना दी।
शतरंज प्रतियोगिता आज, 209 ने कराया पंजीकरण
पवनीफाई चेस एकेडमी की ओर से जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता रविवार को ककरमत्ता फ्लाईओवर के टीडब्ल्यूए एकेडमी में खेली जाएगी। एक दिवसीय प्रतियोगिता के लिए 209 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन सचिव ब्रजभूषण यादव ने बताया कि प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी के साथ-साथ अंडर-17, अंडर-13 और अंडर-11 आयु वर्ग में खेली जाएगी। प्रथम छह स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी पुरस्कृत होंगे।
हनुमान मंदिर में हुआ वार्षिक भंडारा
सिंधौरा के महगांव कोट स्थित हनुमान मंदिर का वार्षिक शृंगार शनिवार को हुआ। अखंड रामायण पाठ और वृहद भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके पूर्व हनुमान प्रतिमा को फूलों से सजाया गया। इस दौरान भाजपा नेता रतन सिंह, बनारस बार के पूर्व उपाध्यक्ष विनीत सिंह, नवयुवक मंगल दल के सदस्य हेमंत सिंह, अमन सिंह, उमेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
सीतापुर में खेलेंगी जूनियर बालिका रग्बी टीम
प्रादेशिक जूनियर अंडर-18 रग्बी प्रतियोगिता सीतापुर में खेली जाएगी। जिले की टीम शनिवार दोपरह बाद पहुंची और मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में अभ्यास किया। प्रादेशिक रग्बी 22 से 23 जून तक खेली जाएगी। जिला रग्बी फुटबाल संघ के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि टीम में कोमल गुप्ता, पायल यादव, करीना प्रजापति, सृष्टि पटेल, रोशनी, प्रियांशी सिंह, छवि, साक्षी राय, आरुषि गुप्ता, काजल यादव, श्रेया पाल और काजल चौहान का चयन किया गया है। टीम के साथ अवनीश पाल गए हैं।
मांसपेशियों में कड़ापन खिलाड़ियों का दुश्मन
खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने में मांसपेशियों को काम करना पड़ता है। इसका ट्रीटमेंट ठीक से नहीं किया जाए तो प्रदर्शन गिरने लगता है। मांसपेशियों में तनाव खेल को प्रभावित करते हैं। राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला से प्रशिक्षित शाहिद ने शनिवार को बताया कि ऑयल मसाज और कपिंग थेरेपी मांसपेशियों के तनाव में मददगार होती है। मसल्स इंजरी से बचने के लिए खिलाड़ी को वॉर्मअप करने के बाद ही मैदान पर उतरना चाहिए।
कैंपस प्लेसमेंट में 22 अभ्यर्थियों का चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को कैंपस प्लेसमेंट हुआ। महाराष्ट्र की एक कंपनी ने 24 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किया। साक्षात्कार के बाद 22 का चयन किया गया और चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह बाद ज्वाइन करने के लिए ऑफर लेटर दिया।
एचआर ने बताया कि अभ्यार्थियों को कंपनी में ऑनरोल जॉब दिया गया है। प्लेसमेंट इंचार्ज सुनील कुशवाहा ने बताया कि विभिन्न ट्रेडों के पासआउट 18 से 35 आयु वर्ग के अभ्यार्थियों ने भाग लिया था। इन्हें 15229 से 17200 तक सैलरी दी जाएगी। प्रधानाचार्य एमके सिंह ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्लेसमेंट सहप्रभारी देवव्रत, मनोज कुमार, हेमंत कुमार ने प्लेसमेंट कराया।
तीन होटलों ने तैनात किए फायर सेफ्टी ऑफिसर
अग्निशमन और आपात सेवाएं विभाग ने बहुमंजिला भवनों में फायर सेफ्टी ऑफिसर तैनात करने के आदेश दिए हैं। 3 होटलों ने फायर सेफ्टी ऑफिसर तैनात किए गए हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि सभी बहुमंजिला भवनों में फायर सेफ्टी ऑफिसर की तैनाती जरूरी है। फायर फाइटिंग का कोर्स करने वाले ही नियुक्त किए जा सकेंगे।
सीएमएस ने सौंपा मृतक आश्रित नियुक्ति पत्र
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर (सिस्टर) आशा देवी के निधन के बाद उनके बेटे अंकित कुमार कौशल को मृतक आश्रित के तहत नौकरी मिली है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने अंकित को नियुक्ति पत्र सौंपा। बताया कि निदेशक प्रशासन क आदेश के बाद अंकित की नियुक्ति मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन रिक्त पद कनिष्ठ लिपिक के पद पर की गई है।
पांच दिवसीय कार्यशाला में 30 बच्चों ने पेश की गुरु की बंदिशें
पंडित राम सहाय फाउंडेशन एवं काशी सुर धरोहर की ओर से आयोजित पांच दिवसीय संगीत कार्यशाला का समापन विश्व संगीत दिवस पर शनिवार को हुआ। इस दौरान 30 विद्यार्थियों ने अपने गुरु द्वारा सिखाई गई बंदिश और भजनों की प्रस्तुति की। कार्यशाला गुरु पंडित रजनीश मिश्रा के सानिध्य में संपन्न हुई।
कार्यशाला की शुरूआत में पं. राजन मिश्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। अंत में नीरज मिश्रा का सितार वादन हुआ। कार्यक्रम का संयोजन रोहित मिश्रा और आशीष मिश्रा ने किया। कार्यशाला में पंडित राजेश्वर प्रसाद मिश्रा, पंडित पूरण महाराज, कन्हैया लाल मिश्रा, त्रिलोकी मिश्रा, किशोर मिश्रा, गणेश मिश्रा, देवब्रत मिश्रा, अमित मिश्रा, सौरव गौरव मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग मौजूद रहे।
आप सांसद को बुनकरों ने बताई परेशानी
बुनकर उद्योग मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से सर्किट हाउस में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बुनकरों को होने वाली समस्या से अवगत कराया और सदन में बुनकरों की आवाज बुलंद करने की मांग की। सांसद एवं दिल्ली के विधायक सुधीर चौधरी एवं देवकांत वर्मा ने सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान ज़ुबैर आदिल, शकील अहमद पंजाबी, तनवीर अहमद, जमालुद्दीन, जकी मुख्तार मौजूद रहे।
बड़ी पटिया में लगेगा नलकूप
मेयर अशोक तिवारी ने शनिवार को बजरडीहा वार्ड में बड़ी पटिया में हनुमान मंदिर के पास एक मिनी नलकूप का शिलान्यास किया। इसकी लागत 31 लाख 80 हजार है। इससे 500 परिवारों को पेयजल मिलेगा। इस दौरान पार्षद श्याम आसरे मौर्य, मदन मोहन दुबे, पार्षद प्रतिनिधि-अतुल पांडेय व राजकुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
वरुणा संध्या में हुई भरतनाट्यम की प्रस्तुति
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से वरुणा संध्या में नृत्योदय भारतनाट्यम अकादमी की ओर से समूह भरतनाट्यम की प्रस्तुति हुई। शनिवार को नेहरु पार्क में दिव्याश्री एस. वटी शिक्षिका के निर्देशन में पहली प्रस्तुति पुष्पांजलि की रही। मुख्य अतिथि एयरफोर्स स्टेशन के एयर कमोडोर कुणाल काला ने कहा कि निश्चित रूप से आज के इस विपरीत मौसम में भी इन कलाकारों ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
अतिथियों का स्वागत विकास जायसवाल ने किया। संचालन तनुज कुमार वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। कलाकारों में नम्रता एस, प्रेरणा बालाजी, श्रेया यू, प्रणति राजीव ग्रिमजी, सहाना पी, वैष्णवी एस., प्रेक्षा एस, अर्थाना आचार, गोवरी किरण मेंडरकर, नृत्या यूबी और मनस्वानि के. कुमार रहीं।
बैंक ऑफ इंडिया ने किया ग्राहक जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन
बैंक ऑफ इंडिया, वाराणसी अंचल ने शनिवार को ग्राहक जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। आयोजन का उद्देश्य ग्राहकों को बैंक के उत्पादों एवं सुविधाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (प्रधान कार्यालय) सुवेंदु कुमार बेहरा थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आंचलिक प्रबन्धक शशिकांत प्रसाद ने की। करीब 50 से अधिक ग्राहक कार्यक्रम में उपस्थित हुए। सभी ग्राहकोंको सरकारी योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग, अन्य वित्तीय सुविधाओं के बारे पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया। इस मौके पर ग्राहकों को ऋण वितरण पत्र बांटे गए।
सुबह ए बनारस आनंद कानन के संगीत प्रशिक्षण केंद्र नाद कानन का हुआ शुभारंभ
विश्व संगीत दिवस पर सुबह ए बनारस आनंद कानन के सांगीतिक प्रकल्प नाद कानन का शुभारंभ शनिवार को अस्सी घाट पर हुआ। संगीत प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत शुभारंभ पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य के कर कमलों से हुआ। उन्होंने कहा सुबह ए बनारस के सुधिजन प्रातः वंदन में मात्र श्रोता ना रहें, अपितु प्रस्तोता भी बनें। संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने केंद्र की निदेशिका के रूप में कलाकार डॉ. शिवानी शुक्ला के नाम की घोषणा करते हुए शुभकामनाएं दी।
उपाध्यक्ष पं. प्रमोद मिश्र ने बताया कि केंद्र का लक्ष्य नई प्रतिभाओं का संवर्धन करना है। डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सुबह ए बनारस के नवीन संगीत प्रशिक्षण केंद्र नाद कानन की ख्याति और सफलता की कामना व्यक्त की। इस अवसर पर योगाचार्य विजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष अभय श्रीवास्तव, श्याम केसरी, सीमा केशरी, डॉ. प्रेमनारायण, डॉ. प्रीतेश आचार्य मौजूद रहे। संचालन अंकिता खत्री ने किया। युवा कलाकार दीक्षा मिश्रा का गायन हुआ। तबला संगति श्रीकांत मिश्रा और संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की।
दिल्ली से पटना जा रहा विमान डायवर्ट हो वाराणसी पहुंचा
शनिवार को दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट मौसम खराबी के कारण डायवर्ट हो वाराणसी पहुंची। बाद में मौसम सामान्य होने पर पटना के लिए उड़ान भरी। पटना में खराब मौसम के कारण एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1014 को पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। दिल्ली से शाम चार बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान पटना के लिए उड़ान भरी और शाम 5:10 बजे पटना हवाई क्षेत्र में पहुंची और लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन पटना एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।
विमान करीब आधे घंटे तक हवा में चक्कर काटने के बाद नजदीकी एयरपोर्ट वाराणसी के लिए डायवर्ट किया गया। विमान 6:35 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुआ। फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्री विमान में ही बैठे रहे करीब 45 मिनट बाद 7:20 बजे विमान वापस पटना के लिए रवाना हो गया। विमान में 165 यात्री सवार थे।
अतिक्रमण करने वाले 92 लोगों के खिलाफ 5 थानों में मुकदमे दर्ज
सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट की पुलिस की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। कार्रवाई के क्रम में कोतवाली, चौक, दशाश्वमेध, लक्सा और चेतगंज थाने में अतिक्रमण करने वाले 92 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि सुगम यातायात व्यवस्था के लिए अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सड़क और फुटपाथ सिर्फ आवागमन के लिए हैं, दुकान लगाने के लिए नहीं हैं। इसलिए आमजन से अपील है कि वह सड़क और फुटपाथ पर दुकान न लगाएं। अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी रहेगा।
कैंट स्टेशन के 24 एटीवीएम में सिर्फ पांच पर मिल रहा जनरल टिकट
कैंट स्टेशन पर फर्जी जनरल टिकट में एटीवीएम संचालक की गिरफ्तारी के बाद एटीवीएम संचालकों ने दूरी बना ली है। 24 एटीवीएम में सिर्फ पांच एटीवीएम संचालित हो रहे हैं। उधर, शनिवार को बुकिंग काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतार लगी रही। कुछ यात्रियों ने यूटीएस ऑन मोबाइल एप के जरिये जनरल टिकट बनाया।
दो दिन पूर्व मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक ने जनरल टिकट जालसाजी में मुकदमा दर्ज कराया। कैंट जीआरपी ने आरोपी एटीवीएम संचालक बृजेश कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया और जेल भेजा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के एसीएम स्तर पर विभागीय जांच चल रही है। कमर्शियल विभाग के कुछ कर्मियों ने बताया कि प्राइवेट व सेवानिवृत रेलकर्मी के सहयोगी स्टेशन परिसर से गायब है। एटीवीएम कार्ड भी जमा करा लिया गया है। जबकि, फेसिलेटर भी नहीं पहुंच रहे हैं।
डेबिट-क्रेडिट कार्ड छीनने की आरोपी युवती गिरफ्तार
चेतगंज थाने की पुलिस ने शनिवार को मारपीट कर आईफोन और डेबिट-क्रेडिट कार्ड छीनने सहित अन्य आरोपों में 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मुकदमे के विवेचक चेतगंज थाने के एसएसआई रणजीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार सौमिया कुमारी गाजीपुर की रहने वाली है। उसके पास से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और आईफोन बरामद किया गया है। सौमिया और उसके सहयोगियों के खिलाफ गत 19 जून को महामंडलनगर, लहुराबीर निवासी सतीश कुमार राय की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
यूपी कॉलेज में 200 रुपये में मिलेगी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी, आवेदन शुरू
उदय प्रताप कॉलेज में आरटीआई के तहत सेमेस्टर परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी के लिए आवेदन शुरू हो गया है। 21 जून से पांच जुलाई तक अभ्यर्थी कॉलेज के गोपनीय कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। यूपी कॉलेज के प्राचार्य और परीक्षा नियंता की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि स्नातक, परास्नातक, बैक और इंप्रूवमेंट परीक्षा देने वाले छात्र और छात्राओं को सूचित किया गया है कि पांच जुलाई तक आवेदन नहीं किया गया तो आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आरटीआई के तहत लिखी कॉपी की फोटोकॉपी मांगी जा सकती है। उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी 7 जुलाई से 10 जुलाई के बीच दिखाई जाएगी। उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी की कॉपी 200 रुपये जमा करने होंगे। यूपी कॉलेज की ओर से सभी परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। अब इसे डिजि लॉकर पर भी अपलोड किया जा रहा है। वहीं, छात्र और छात्राओं को रिजल्ट की हार्डकॉपी देने से पहले आपत्तियों और संदेह का निस्तारण किया जा रहा है। ऐसे में उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी कराकर दी जा रही है।