फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today man dies after being hit by train woman arrested in connection with murder case

Varanasi News Today: युवक की ट्रेन से कटकर मौत, हत्या करने के मामले में आरोपी महिला गिरफ्तार; पढ़ें खबरें

Tue, 03 Feb 2026 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 03 Feb 2026 05:56 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के लोहता स्थित रेलवे स्टेशन पर एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं, महिला ज्योति को छत से गिराने और मौत के मामले में आरोपी समशुल बेगम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today man dies after being hit by train woman arrested in connection with murder case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: लोहता रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है। मृतक की पहचान मोहम्मद कयूम (42) निवासी धन्नीपुर के रूप में हुई।

विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कयूम सुबह लोहता स्टेशन पर बैठा था। कुछ देर बाद वह रेलवे लाइन पार करने लगा। इसी दौरान भदोही की ओर से आ रही तेज काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को दी। जीआरपी इंस्पेक्टर राजाैल नागर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन


छत से धक्का देकर हत्या करने के मामले में आरोपी महिला गिरफ्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया गांव में 31 जनवरी दिन शनिवार की दोपहर लगभग 1:30 बजे कपड़ा सुखाने के विवाद में एक महिला द्वारा धक्कामुक्की कर दूसरी ज्योति को छत से गिराने और मौत के मामले में आरोपी महिला समशुल बेगम उर्फ सुमन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में शिवपुर पुलिस ने हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


दोनों किराए पर रहती थीं। 31 जनवरी को छत पर कपड़ा सुखाने को लेकर विवाद के बाद धक्कामुक्की हुई थी। इस दौरान ज्याति छत से नीचे गिरी और उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सोमवार को आरोपी महिला समसुल बेगम उर्फ सुमन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।

Trending Videos

फेसबुक पर धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के बहेड़वा गांव में फेसबुक पर युवक को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी पवन कुमार मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बहेड़वा निवासी आकाश कुमार गोंड ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया कि पवन कुमार मिश्रा ने उनके फेसबुक अकाउंट पर गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर ठगी
ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम जॉब दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी के मामले चितईपुर पुलिस ने इंद्रानगर एक्सटेंशन निवासी संजय कुमार, उनके बेटे शुभम सिंह उर्फ कुणाल और अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

पीड़ित शिवम कुमार ने चितईपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्हें एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम नौकरी देने के नाम पर ऑनलाइन इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इंटरव्यू जूम मीटिंग के जरिए लिया गया, जिसमें खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने उन्हें सेलेक्ट होने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने लैपटॉप और हार्डडिस्क खरीदने की बात कहकर पैसा लिया और बाद में वेतन के रूप में देने को कहा। बात में पता चला ये ठगी कर रहे हैं। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में विनोद और भोला की हुई पेशी, गए जेल
थाना सारनाथ क्षेत्र में दर्ज कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में सोमवार को मेसर्स अग्रवाल ब्रदर्स का संचालक कानपुर निवासी विनोद अग्रवाल को सारनाथ पुलिस ने अपर सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।

आरोपी के खिलाफ सारनाथ थाने में एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस के अनुसार यह पूरा नेटवर्क केवल कागजों पर दिखाए गए लेन-देन के जरिए चलाया जा रहा था, जबकि असल में कोडीन सिरप को अवैध नशे के कारोबार में सप्लाई किया गया। इसी मामले में शैली ट्रेडर्स का प्रोपराइटर भोला प्रसाद को भी सोनभद्र से लाकर कोर्ट में पेश किया गया।

मारपीट मामले में दी फायरिंग की फर्जी सूचना
सारनाथ थाना क्षेत्र हृदयपुर में सोमवार देर रात रिंग रोड के समीप गोली चलने की फर्जी सूचना पर पुलिस हलकान हुई। सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल से गोलीबारी से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार हृदयपुर के पास कुछ लोगों और स्थानीय दुकानदार कमलेश के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। दुकानदार ने शुरुआत में मारपीट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़े जाने की बात कही थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि संबंधित कैमरा पहले से ही बंद था।पुलिस पीड़ित को थाने ले आई है और उसकी तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच जारी है और प्रथम दृष्टया प्रकरण संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। 

जिला अस्पताल में दूरबीन विधि से युवती की सफल सर्जरी
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में 25 साल की युवती की दूरबीन विधि से सफल सर्जरी डॉक्टरों ने की है। सारनाथ निवासी मरीज काजल दस दिन से पेट दर्द से पीड़ित थी। पहले तो उसने निजी अस्पतालों में जांच करवाई जब इसके बाद भी राहत नहीं मिली तो जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. प्रेम प्रकाश की ओपीडी में दिखाने आई। 

डॉ. प्रेमप्रकाश ने बताया कि जांच कराने के बाद पता चला कि ओवरी में गांठ और एपेंडिक्स में सूजन है। इसके बाद सर्जरी करने का निर्णय लिया गया। बताया कि मरीज को भर्ती करने के बाद सर्जरी और एनीस्थीसिया विभाग की मदद से दूरबीन विधि से सर्जरी की गई। मरीज स्वस्थ है और सेहत में सुधार हो रहा है। सब कुछ सामान्य रहा तो मरीज को एक-दो दिन के भीतर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

तोफापुर में 22 लोगों को काटने वाले पागल की मौत
चिरईगांव ब्लॉक के तोफापुर गांव में रविवार को 22 लोगों को काटने वाले कुत्ते की मौत हो गई। इसके बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली। रविवार को इसी कुत्ते के काटने से 18 लोगों को मामूली खरोच आई थी जबकि चार बच्चों की हालत गंभीर थी। जिसको प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। सोमवार को कुत्ता सिवो मार्ग पर मृत अवस्था में मिला। इस बारे में पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को 50 नए मरीजों सहित प्रथम, द्वितीय व तृतीय डोज के कुल 125 मरीजों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाया गया।

मिर्जामुराद में मनरेगा दिवस पर मजदूरों ने की महापंचायत
मनरेगा दिवस पर दिहाड़ी मजदूर संगठन एवं लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में क्षेत्र के खालिसपुर गांव में मजदूरों की एक विशाल महापंचायत का आयोजन हुआ। महापंचायत में सेवापुरी ब्लॉक के कई गांव से 400 से ज्यादा ग्रामीण मजदूर, महिला श्रमिक और बेरोज़गार युवक-युवतियां शामिल हुए। सभा में मजदूरों ने मनरेगा की पूर्ण बहाली, 200 दिन काम, 600 रुपये दैनिक मजदूरी और वीबी-जीरामजी अध्यादेश को तत्काल वापस लेने की मांग की। लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि मनरेगा मजदूरों का दान नहीं, उनका कानूनी अधिकार है इसमें अध्यक्ष रानी (करधना), उपाध्यक्ष गुड्डी (लेधुवाई), सचिव वन्दना (ख़लीसपुर), कोषाध्यक्ष गीता (राने) और सलीमुन (गौर), शीला (प्रतापपुर) व सोनी (चंगवार) को संगठन मंत्री बनाया गया।  

मारपीट और लापरवाही में वरिष्ठ लिपिक निलंबित
विकास इंटर कालेज परमानंदपुर वाराणसी के प्रबंधक डॉ. अशोक कुमार सिंह के साथ मारपीट के मामले में वरिष्ठ सहायक विनय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई वाराणसी मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने की। निलंबन के दौरान विनय कुमार सिंह जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सारनाथ वाराणसी से संबंध रहेंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने बताया कि बताया कि मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

बिल्डर के खिलाफ अपार्टमेंट के फ्लैट मालिकों ने दी तहरीर
चंद्राग्रीन अपार्टमेंट में असुविधाओं को लेकर मुखर लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। अपार्टमेंट में सीवर की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नाराज फ्लैट मालिकों ने अपार्टमेंट के बिल्डर के खिलाफ शिवपुर थाने में तहरीर दी।

फ्लैट मालिक विकास सिंह, विवेक कुमार दुबे, संदीप यादव, गौरव सिंह, अशोक श्रीवास्तव आदि ने पुलिस को बताया कि अपार्टमेंट का निर्माण स्वीकृत मानचित्र, बिल्डिंग बायलॉज एवं पर्यावरणीय मानकों के विपरीत किया गया। सीवर की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। फायर सेफ्टी, लिफ्ट, पार्किंग आदि सुविधाएं नहीं हैं। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

अज्ञात वाहन के चपेट में आकर बाइक सवार घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के खजुरी गांव स्थित नेशनल हाईवे पर पुलिस चौकी के सामने सोमवार की शाम ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सवार रमेश कुमार सरोज अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए बीएचयू ट्राॅमा सेंटर भिजवाया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। 

आचार्य बटुक प्रसाद शास्त्री का निधन
वयोवृद्ध विद्वान आचार्य बटुक प्रसाद शास्त्री का सोमवार को भोर में अपने आवास ब्रह्मनाल पर निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे। काशी की पंडित परंपरा की अंतिम कड़ियों में से एक थे। धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी शिष्य थे। अखिल भारतीय रामराज्य परिषद, काशी विद्वत परिषद और धर्मसंघ के महामंत्री रहे।

तुलसी मानस मंदिर के अधीक्षक और उनका इस मंदिर की स्थापना में अहम योगदान रहा। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर हुआ। मुखाग्नि उनके पुत्र त्रिलोचन शर्मा ने दी। उनके निधन पर काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष पद्मभूषण प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी के अस्सी आवास पर श्रद्धांजलि सभा हुई। 

विद्वानों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। कहा कि वह धर्मशास्त्र के प्रकांड विद्वान थे। वह हमेशा भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित रहे। श्रद्धांजलि सभा में प्रो. रामनारायण द्विवेदी, प्रो. विनय पांडेय, प्रो. रामचंद्र पांडेय, प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी आदि ने उन्हें नमन किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed