फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accused arrested in gold chain theft case miscreants vandalized statue

Varanasi News Today: सोने की चेन चोरी मामले में आरोपी अरेस्ट, शरारती तत्वों ने प्रतिमा तोड़ी; पढ़ें खबरें

Tue, 21 Oct 2025 09:42 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 21 Oct 2025 09:42 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में लंका थाने की पुलिस ने चेन चोरी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्राचीन काली मंदिर में मां की प्रतिमा तोड़ दी गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Accused arrested in gold chain theft case miscreants vandalized statue
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: ऑटो सवार महिला से सोने की चेन चोरी मामले में आरोपी कविता को लंका पुलिस ने सोमवार को भगवानपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। कब्जे से 2360 रुपये नकद बरामद हुए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि भोगाबीर निवासी स्वीटी सिंह ने 8 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कराया था। ऑटो में सफर के दौरान एक महिला ने सोने की चेन चोरी कर ली। सीसी टीवी फुटेज और ऑटो रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच शुरू हुई और आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। महाराष्ट्र की मूल निवासी कविता वर्तमान में राजघाट पर किराये के मकान में रहती है। 

विज्ञापन


शरारती तत्वों ने प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में प्राचीन काली मंदिर में रविवार की रात शरारती तत्वों ने मां काली की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान लाइट, बल्ब व अन्य उपकरणों में तोड़फोड़ की। सोमवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि गांव के ही कुछ शरारती तत्वों ने यह कृत्य किया है। आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।

विज्ञापन

पार्षद ने सफाई कर्मचारियों के धोए पांव
दीपावली पर सुसुवाही के पार्षद सुरेश कुमार पटेल ने क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों के पांव धोए और मुंह मीठा कराके शुभकामनाएं दी। पार्षद ने कहा कि हमारे वार्ड को चमकाने में इन सफाई कर्मचारियों का बड़ा योगदान है। इन स्वच्छताग्रहियों का सम्मान करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। सुबह सफाई का काम पूरा होने के बाद सभी कर्मचारियों को बुलाया गया। सभी कर्मचारियों को कुर्सी पर बैठाने के बाद उनके पांव धुले गए। इसके बाद उन्हें माला पहनाया गया। इस मौके पर उन्हें अंगवस्त्र भी दिया गया। इस मौके पर अजीत सिंह, कन्हैया सिंह, संतोष पाल, मित्रालाल, रिशु, बबलू, किशन, राजेश, आनंद मौजूद रहे। 

बड़ा लालपुर में बनेगा कम्युनिटी सेंटर
बड़ा लालपुर में रहने वालों को अब खरीदारी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने घर के पास ही बुनियादी सुविधाएं प्राप्त होंगी। यहां 25 करोड़ की लागत से कम्युनिटी सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। वीडीए की ओर से बड़ा लालपुर में 2500 वर्ग मीटर में चार मंजिला कम्युनिटी सेंटर का निर्माण होना है। इसके निर्माण से क्षेत्रीय लोगों को एक छत के नीचे जरूरत की सभी सुविधाएं मिलेंगी। लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। 

कम्यूनिटी सेंटर में डिजिटल संसाधनों के साथ सार्वजनिक पुस्तकालय और रीडिंग जोन होगा। यहां बैंक की शाखाएं व एटीएम भी होंगे। कमर्शियल एरिया, रिटेल शॉप के अलावा रेस्टोरेंट और कॉफी शॉप होंगे। इस सेंटर में मांगलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अत्याधुनिक बैंक्वेट हॉल के साथ चार से पांच कमरे भी होंगे। 

शिवपुर सीएचसी में 4 डॉक्टरों की तैनाती, नेत्र विशेषज्ञ का पद खाली
शिवपुर स्थित सीएचसी में 4 नए चिकित्सकों की तैनाती की गई है। डॉ. राकेश सिंह दांत के डॉक्टर बने हैं। डॉ. राज बहादुर (एमबीबीएस) ईएमओ बने हैं। बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. संजीव द्विवेदी की तैनाती हुई है। डॉ. उपमा पांडेय की नियुक्ति अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ के रूप में हुई है। वहीं, सीएचसी पर नेत्र रोग विशेषज्ञ का पद अभी भी खाली है। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के लिए कागज भी नहीं है। सीएचसी की ओपीडी में प्रतिदिन 250 नए और पुराने मरीजों का इलाज होता है। चिकित्साधिकारी डॉ संतोष यादव ने बताया कि चिकित्सकों की नियुक्ति से राहत मिलेगी। 

पुलिस आयुक्त ने अपना घर आश्रम में मनाई दीपावली
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दीपावली पर सामनेघाट स्थित ‘अपना घर आश्रम’ पहुंचकर यहां रहने वाले आशाहीन, असहाय, बेघर, मन्दबुद्धि, नेत्रहीन एवं मूक-बधिर सहित लगभग 635 प्रभुजनों संग दीप प्रज्ज्वलित कर आत्मीयता, संवेदना एवं उल्लास के साथ दीपावली का पर्व मनाया। पुलिस आयुक्त महोदय ने प्रभुजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके रहन-सहन, खान-पान एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। 

विज्ञापन

Varanasi News Today Accused arrested in gold chain theft case miscreants vandalized statue
बच्चों के साथ अजय राय और अन्य कांग्रेसी नेता। - फोटो : अमर उजाला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वाल्मीकि बस्ती के बच्चों के साथ मनाई दीपावली
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने नदेसर लक्ष्मी नगर स्थित शक्ति माता मंदिर के पास वाल्मीकि बस्ती में रहने वाले बच्चों के साथ दीपावली मनाई। दीप जलाकर मिठाइयां और उपहार बांटे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह उम्मीद, संघर्ष और संकल्प का संदेश देने वाला पवित्र अवसर है जो विश्वास दिलाता है कि अंधकार चाहे कितना गहरा क्यों न हो, यदि एक भी उम्मीद का दीया जलता रहे तो उजाला अवश्य फैलेगा। हम समाज के हर कोने, हर बस्ती, हर घर तक उस उजाले को पहुंचाएं जो समानता, शिक्षा और सम्मान से जन्म लेता है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, वीरेन्द्र कपूर, फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, अरविन्द कुमार मौजूद रहे।

पति की खुदकुशी में पत्नी और सास 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार
सारनाथ थाना क्षेत्र के हृदयपुर निवासी पति जयसिंह पटेल की खुदकुशी की आरोपी पत्नी शिवांगी और सास सुनीता को सारनाथ पुलिस ने सोमवार की सुबह जिला अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।

सारनाथ थाना प्रभारी शिवानंद ने बताया कि हृदयपुर निवासी जयसिंह पटेल ने रविवार की सुबह विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी थी। इस दौरान वीडियो भी जारी किया और आरोप लगाया कि पत्नी, सास और एक अन्य युवक की प्रताड़ना से परेशान होकर जान दे रहा है। पिता भोलानाथ की तहरीर पर पत्नी शिवांगी, सास सुनीता और एक अन्य युवक अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों पत्नी और सास को गिरफ्तार किया गया।

आयुर्वेदिक खांसी की सिरप बच्चों के लिए सुरक्षित
मध्य प्रदेश में मिलावटी कफ सिरप पीने से बच्चो की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जगह-जगह छापा मारने की कार्रवाई के साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय भी जागरूक कर रहा है। इस बीच आईएमएस बीएचयू आयुर्वेद संकाय के रसशास्त्र विभाग के प्रो. आनंद चौधरी का कहना है कि आयुर्वेदिक उपचार पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावी विकल्प हैं। 

आयुर्वेदिक खांसी की सिरप, जड़ी-बूटियां और अनुभव से प्रमाणित कुछ घरेलू नुस्खे यह भी बताते हैं कि दो वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को बिना किसी डर के आयुर्वेदिक सिरप दिया जा सकता है। डॉ. चौधरी ने कहा कि खांसी या जुकाम से पीड़ित बच्चों की छाती और पीठ पर हल्के गर्म तेल से मालिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा ऐसे बच्चों की माताओं को ठंडी प्रकृति के भोजन से परहेज करने और शरीर में कफ और दोष को संतुलित रखना होगा। 

अखिलेश यादव के बयान पर काशी के संत नाराज
काशी सुमेरुपीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि भारत सनातनियों का देश है। यहां पर दीपक जलाना सबसे बड़ा यज्ञ है। सरयू के तट पर दीपक जलाने से जिन्हें कष्ट हो रहा है, उन्हें कब्रिस्तान पर दीपक जलाने से दुख नहीं होता है। ऐसे नेताओं को महत्व नहीं देना चाहिए। सोमवार को अखिलेश यादव के बयान पर काशी के संतों में नाराजगी है। स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि सनातनी जमकर पटाखे जलाएं। 

उन्होंने कहा कि अखिलेश ने भारत, भारतीय संस्कृति और सनातन हिंदू धर्म का अपमान करना ही अपना राजनीतिक एजेंडा बना लिया है। अखिलेश यादव ने कहा था कि हमें दीयों और मोमबत्तियों पर इतना पैसा खर्च क्यों करना पड़ता है? क्रिसमस पर दुनिया भर के शहर महीनों तक रोशनी से जगमगाते हैं।

गिरजाघर के पास रोपवे निर्माण में सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान
डाला छठ पर दशाश्वमेध गंगा घाट जाने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ गिरजाघर और गोदौलिया होकर जाएगी। इसे देखते हुए यहां पर रोपवे के निर्माण में सुरक्षा उपयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां पर जाली लगाई जा रही है कि ताकि कोई भी सामान नीचे न गिरने पाए।

अधिकारियों ने बताया कि डाला छठ पर 27 अक्तूबर को पहला अर्ध्य दिया जाएगा। इस दौरान यहां काफी भीड़ होगी। इसलिए यहां पर फैले हुए सामान को समेटा जा रहा है ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न आने पाए। पिछले दिनों गोदौलिया पर रोपवे निर्माण के दौरान घोड़ा नाला टूटा था। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण स्थल के पास एक नाली की बाउंड्री टूटी और सीवर का पानी आना शुरू हो गया। इसके बाद इसके क्षतिग्रस्त होने पर जांच हुई तो पता चला इसके नीचे शाही नाला का एक हिस्सा है।

इसके बाद निर्माण कर रही एजेंसी ने काम रोका और तत्काल इसकी मरम्मत शुरू कराई गई। कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक रोपवे का निर्माण चल रहा है। जिसमें कुल पांच स्टेशन कैंट, भारत माता मंदिर, रथयात्रा, गिरिजाघर और गोदौलिया पर रोपवे स्टेशन का निर्माण चल रहा है। 

ज्ञानवापी : 24 को आ सकता है आदेश
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में शृंगार गौरी और ज्ञानवापी के सील वजूखाने के ताले में लगे कपड़े बदलने के मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है। मामले में 24 अक्तूबर को आदेश आ सकता है। वाराणसी जिला प्रशासन की तरफ से पुराने कपड़े बदलने की अर्जी लगाई गई है। कहा गया है कि कपड़ा फट गया है। इसे बदलना जरूरी है। 

पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई कल
सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक भावना भारती की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे की सुनवाई होगी। स्वर्गीय हरिहर पांडेय की बेटियों ने पक्षकार बनने से संबंधित वाद में संशोधन की अर्जी दी है। बुधवार को वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की तरफ से बहस की जाएगी। 

कांग्रेस नेताओं पर  परिवाद में सुनवाई कल
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य सहयोगियों के खिलाफ परिवाद दर्ज किए जाने के मामले में बुधवार को सुनवाई होगी। यह मामला अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ एमपी,एमएलए की अदालत में विचाराधीन है। 

15 दिसंबर को लगेगी पेंशन अदालत
पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के कार्यालय पर पेंशनरों के पेंशन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 15 दिसंबर को पेंशन अदालत लगेगी। पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि वाराणसी मंडल के पेंशनर अपनी शिकायत की लिखित जानकारी 31 अक्तूबर तक कार्यालय में दे सकते हैं। 

छात्रों की नामावलियों में संशोधन के लिए 4 दिन शेष
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा में पंजीकरण को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। बोर्ड ने पंजीकरण के बाद संशोधन को लेकर समय सीमा तय करते हुए अंतिम तिथि 25 अक्तूबर घोषित है। 

वाराणसी के सहायक सचिव मनोज कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए पंजीकरण में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए समय सीमा निर्धारित की है। बोर्ड ने इसके लिए 25 अक्तूबर का समय दिया है। सभी विद्यालयों को निर्देश जारी किया है कि सभी संशोधन की प्रकिया को पूरा करने के बाद दस्तावेज जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 31 अक्तूबर तक उपलब्ध करा दें। 

10 स्कूलों के 100 छात्रों ने बनाई पेंटिंग
इंटैक के वाराणसी चैप्टर के 40 साल के सफर पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में 10 स्कूलों के 100 छात्रों ने 40 साल के काम पर आधारित पेंटिंग बनाई। प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल, डब्ल्यूएच स्मिथ मेमोरियल स्कूल और सनबीम मुगलसराय को प्रथम स्थान मिला। आर्यन इंटरनेशनल स्कूल अखरी और लिटिल फ्लावर हाउस को संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। 20 पेंटिंग्स को इनाम देने का फैसला किया गया। सभी प्रतिभागियों को इंटैक वाराणसी की ओर से स्पेशल कंसोलेशन प्राइज और ट्रॉफी दी गई। 

उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रो. रजनीश सम्मानित
इंडोनेशिया स्थित आईजीबी सुग्रीव स्टेट हिंदू यूनिवर्सिटी ने संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल को हिंदू अध्ययन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्टिफिकेट ऑफ एप्रेशिएशन अवाॅर्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान 15 अक्तूबर को सुग्रीव राज्य हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित चतुर्थ वैश्विक संस्कृत सम्मेलन के समापन समारोह में दिया गया। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी विदेशी विश्वविद्यालय की ओर से यहां के प्रोफेसर को सम्मानित किया गया है। 

नैक रिव्यू के बाद सुधर सकता है संस्कृत विवि का ग्रेड
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की नैक ग्रेडिंग में सुधार हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि ऑनलाइन रिव्यू के बाद विश्वविद्यालय को बी ग्रेडिंग की जगह ए ग्रेडिंग मिल सकती है। दीपावली के बाद नैक मूल्यांकन की फाइनल ग्रेडिंग जारी हो जाएगी। सूत्रों की मानें तो विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन रिव्यू में पिछली गलतियों को दुरुस्त कर लिया है। 

नैक से मिले बी प्लस प्लस ग्रेड में सुधार के लिए पिछले सप्ताह ऑनलाइन रिव्यू हुआ था। नौ घंटे तक चली ऑनलाइन बैठक में ग्रेडिंग के सभी बिंदुओं पर दोबारा चर्चा की गई। नैक ग्रेडिंग में 0.3 अंक कम मिलने से विश्वविद्यालय को ए ग्रेड नहीं मिल सका था। एक जुलाई को ग्रेडिंग जारी होने के बाद ही विश्वविद्यालय की ओर से नैक में रिव्यू के लिए आवेदन किया गया था। 

विश्वविद्यालय ने तर्क दिया था कि सीमित संसाधनों के बाद भी उनका प्रदर्शन बेहतर है। नैक का रिव्यू प्रो. विजय कुमार की अध्यक्षता में हुआ। विश्वविद्यालय ने ग्रेडिंग में सुधार के लिए साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। संभावना जताई जा रही है कि नई ग्रेडिंग दीपावली के बाद जारी हो सकती है। इसमें विश्वविद्यालय की रैंकिंग में सुधार हो सकता है और ए ग्रेड मिल सकता है। 

कुलाधिपति ने लगाई थी क्लास
व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने आठ अक्तूबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में खराब ग्रेडिंग पर मंच से दोनों विश्वविद्यालय के अधिकारियों की क्लास लगाई थी। कुलाधिपति ने दीक्षांत के मंच से कहा था कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में दोनों राज्य विश्वविद्यालय ए ग्रेड नहीं ला सके। प्रधानमंत्री को क्या जवाब दिया जाए।

Varanasi News Today Accused arrested in gold chain theft case miscreants vandalized statue
BHU - फोटो : अमर उजाला

बीएचयू में अगले महीने होगा शब्दोत्सव तीन दिन लगेगी कला प्रदर्शनी
बीएचयू में अगले महीने 16 से 18 नवंबर तक काशी शब्दोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भारतीय कला, संस्कृति और साहित्य की थाती को संजोने के उद्देश्य से कला प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें बीएचयू, काशी विद्यापीठ सहित कई विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षक सहित देश-विदेश के कलाविद शामिल होंगे। स्वतंत्रता भवन में होने वाले आयोजन की खासियत यह है कि तीनों दिन लोक, कला संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। 

काशी में शब्दोत्सव को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही है। शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डॉ. हरेंद्र राय को इसका संयोजक बनाया गया है। डॉ. राय ने बताया कि विश्व कल्याण: भारतीय संस्कृति पर आधारित कला, संस्कृति, साहित्य का यह अंतरराष्ट्रीय महोत्सव है। इसके लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर सभी को जिम्मेदारी दी गई है। इसकी शुरुआत दो साल पहले 2023 में काशी से ही हुई थी। यह एक सांस्कृतिक, साहित्यिक नहीं बल्कि भारतीय चिंतन परंपरा के नवोन्मेष का मंच भी रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed