फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accident victim dies including young woman admitted woman cyber-cheated

Varanasi News Today: दुर्घटना में घायल की मौत, युवती समेत तीन भर्ती, महिला से 16 लाख की साइबर ठगी; पढ़ें खबरें

Sun, 09 Nov 2025 06:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 09 Nov 2025 06:11 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में दर्दनाक हादसे में तीन लोग घायल हो गए थे। मंडलीय अस्पताल में एक की मौत हो गई। वहीं, साइबर शातिरों ने महिला के बैंक खाते से यूपीआई और नेट बैकिंग से 16.15 लाख की ठगी कर ली। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Accident victim dies including young woman admitted woman cyber-cheated
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: दुर्घटना में घायल मंडलीय अस्पताल में भर्ती एक अज्ञात व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गई। जबकि दो युवती समय तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक अज्ञात की हालत गंभीरहै। इंग्लिशिया लाइन के पास मंगलवार को 45 साल का व्यक्ति घायलावस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।

विज्ञापन


उधर, लोहता के भिटारी पास शनिवार को 28 साल का युवक घायलावस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली के नवापुर मोहल्ला निवासी ज्योति यादव (18) छत से गिरकर घायल हो गई। जैतपुरा के आजाद पार्क निवासी अंशिका अंसारी (21) भी छत से गिरकर घायल हो गई। परिजनों ने उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन


महिला से 16 लाख की साइबर ठगी, यूपीआई और नेट बैकिंग से निकली रकम
साइबर जालसाजों ने अंजली सेठ के बैंक खातों से यूपीआई और नेट बैकिंग से 16.15 लाख की ठगी कर ली। पीड़िता अंजली सेठ ने भुगतान रसीदे, स्क्रीनशॉट्स, बैंक स्टेटमेंट्स और अन्य साक्ष्य कोतवाली पुलिस को उपलब्ध कराया। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में केस दर्ज किया है। साथ ही साइबर क्राइम थाने को केस ट्रांसफर किया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


कोतवाली थाना क्षेत्र के मैदागिन दारानगर नवापुरा निवासी अंजली सेठ ने पुलिस को बताया कि उनके बैंक खाते से 16,15,990 रुपये की साइबर ठगी हुई है। रकम ऑनलाइन माध्यम (जैसे यूपीआई, नेट बैंकिंग एप) से निकाली गई है। जबकि मेरी तरफ से कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुआ है। बैंक अधिकारियों से भी शिकायत की है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि साइबर विशेषज्ञों से जांच कराई जाएगी।

डुप्लेक्स का झांसा देकर 23 लाख हड़पने का आरोप, केस दर्ज
डुप्लेक्स का झांसा देकर 23 लाख रुपये लेने और ताला तोड़कर कब्जा करने के मामले में जैतपुरा औसानगंज निवासी रोहित दुबे ने सारनाथ थाने में संतोष सिंह, निरे, मनोज और मुकेश के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस को तहरीर में रोहित दुबे ने बताया कि मां पुनिता दुबे के नाम पर सारनाथ के बेनीपुर इलाके में डुप्लेक्स के लिए नदेसर कैंट निवासी और डेवलपर मेसर्स शांभवी होम्स एंड डेकोर प्रा लि. के निदेशक संतोष सिंह ने संपर्क किया। 15 मार्च 2024 को अनुबंध में 23 लाख रुपये का भुगतान किया और डुप्लेक्स पर अपना ताला लगा दिया। 

कुछ दिन बाद बैनामा के लिए संतोष सिंह ने कुछ दस्तावेज को पूरा करने का आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया। 29 मार्च 2025 को डुप्लेक्स पर पहुंचा तो संतोष सिंह, भूमि स्वामी निरे, मनोज और मुकेश ने अनुबंध मानने से इन्कार कर दिया। साथ ही ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया। थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

12वीं के छात्र को मनबढ़ों ने पीटा, पांच नामजद पर केस
कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली में छात्र अकुल प्रताप सिंह की मनबढ़ों ने शुक्रवार को पिटाई कर दी। लहूलुहान हाल में उसे जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार कराया गया। पीड़ित के पिता ने पांच नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज कराया। सरसौली निवासी मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि बेटा अकुल शिवपुर के निजी स्कूल में 12वीं में पढ़ता है।

दोपहर 2 बजे वह घायल अवस्था में घर पहुंचा। बेटे ने बताया कि उसे अक्षत सिंह निवासी राजरानकी धाम कॉलोनी, सत्या तिवारी, शशांक पाठक, आशुतोष पाठक , अन्नू सिंह और 20 अज्ञात युवकों ने घेरकर लाठी डंडे और फाइटर से मारा। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से जांच की जा रही है।

बीएचयू की छात्रा का बैग लौटाया
बीएचयू की छात्रा के छूटे बैग को कैंट थाने के अर्दली बाजार में तैनात उपनिरीक्षक मुन्ना यादव ने बरामद कर वापस लौटाया। शुक्रवार शाम अंजलि प्रजापति भोजूबीर से ऑटो में सवार हुईं। उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में मंगलसूत्र, पहचान पत्र, 20 हजार रुपयेद, टैबलेट समेत अन्य जरूरी सामान थे। सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो का पता लगाया गया।

महिला से छेड़खानी और पिटाई के मामले में आठ पर मुकदमा
मिर्जामुराद के गणेशपुर में दीवापली की रात महिला से छेड़खानी और पिटाई के मामले में पुलिस ने आठ पर केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 अक्तूबर को दीपावली की रात छोटी बहन के साथ घर के बाहर पावरलूम पर दीपक जलाने गई थी। पड़ोसियों ने रंजिश को लेकर छोटी बहन पर छींटाकशी की और पटाखे फेंके। विरोध करने पर गालीगलौज की और लात-घूसे से पिटाई की। 

दरवाजे पर लगी झालर तोड़ दी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर शुक्रवार देर रात गणेशपुर गांव निवासी अमित कुमार, नवनीत कुमार, राहुल, महेंद्र कुमार और लालजी समेत अन्य के खिलाफ छेड़खानी, बलवा, मारपीट, धमकी व अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि विवेचना कराई जा रही है। 

पति समेत चार पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के चार सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस शनिवार को दर्ज कराया। परमानंदपुर निवासी प्रमिला देवी ने पुलिस को बताया कि दहेज के लिए पति रामाशीष, ससुर राजेंद्र पटेल, जेठ व जेठानी गालीगलौज और पिटाई करते हैं। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पति, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

सेना में सूबेदार के घर को चोरों ने खंगाला
रामनगर थाना क्षेत्र के विश्वामित्र कॉलोनी में शुक्रवार रात चोरों ने बलराम पांडेय के घर को खंगाला। बलराम सेना में सूबेदार हैं। इस समय वह लेह में तैनात हैं। बीते दिनों मां के निधन पर पूरा परिवार पैतृक आवास भभुआ जवार-कैमूर बिहार गया था। इस बीच चोरों ने मौका देख घर खंगाल डाला। 

शनिवार सुबह मकान का ताला टूटा देख पड़ोसियों ने सूचना दी। भुक्तभोगी ने रामनगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। बलराम पांडेय ने बताया कि मुख्य दरवाजे का ताला काटकर चोर अंदर घुसे। आलमारी में रखे आभूषण समेत अन्य समान पर हाथ साफ किया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

कंकाल मामले में डीएनए टेस्ट नहीं कराने पर विधायक ने जताई नाराजगी
पिछले दिनों चौबेपुर के चुमकुनी गांव में चार महीने से लापता राजकुमार गोंड (35) के परिजनों से शनिवार को अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने मुलाकात की। परिजनों के अनुसार, 28 नवंबर को गांव के खेत से बरामद कंकाल के बारे में विधायक ने पुलिस से जानकारी ली और अब तक डीएनए टेस्ट नहीं कराने पर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा पर नाराजगी जताई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रक्रिया जारी है। जल्द ही डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया है। 

फोन पर दी जान से मारने की धमकी, केस
सट्टा की जमीन बैनामा नहीं करने और पूछताछ करने पर फोन पर धमकी के बाद पीड़ित ने शिवपुर थाने में केस दर्ज कराया है। कादीपुर शिवपुर निवासी विजय कुमार चौबे ने बताया कि अकथा थाना सारनाथ निवासी नूतन देवी से सात दिसंबर साल 2023 में एक जमीन का सट्टा कराया था। इस सिलसिले में उनके घर गया, कहा कि या तो जमीन दो या पैसा। आरोप है इस बात से नाराज नूतन देवी के बेटे प्रियांशु ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। 

सिलाई कढ़ाई करने वाली महिला के घर से नकदी चोरी
शिवपुर के नारायणपुर में प्रतिज्ञा यादव के मकान से शुक्रवार रात एक लाख रुपये की चोरी हो गई। पीड़िता ने शनिवार को थाने में तहरीर दी। प्रतिज्ञा ने पुलिस को बताया कि छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने वारदात की। घर के आसपास माहौल ठीक नहीं है। सिलाई कढ़ाई कर छत की दीवार ऊंची कराने के लिए पैसे इकट्ठा की थी। डायल-112 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।

राजघाट पुल पर चढ़ा बुजुर्ग, पुलिस ने नीचे उतारा
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल पर शनिवार शाम एक बुजुर्ग पुल के गर्डर पर चढ़ गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा। मौके पर राहगीरों की काफी भीड़ जुट गई। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से अस्वस्थ थे, उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। कुछ देर के लिए पुल पर यातायात भी प्रभावित रहा। 

बाइक सवार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, दो घायल
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गुरुधाम चौराहे के पास शनिवार दोपहर को गलत दिशा से आए बाइक सवार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक सवार घसियारी टोला निवासी संदीप कुमार है। टक्कर के दौरान ई-रिक्शा चालक संजय कुमार का हाथ फ्रैक्चर हो गया। इस बीच चार बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई।

युवती को साथ ले जाने वाले पर केस दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी युवती को अपनी बातों में उलझाकर साथ ले जाने के मामले में पिता की तहरीर पर अमौत (जेगर) थाना सिंधोरा निवासी आरोपी विवेक कुमार के खिलाफ शिवपुर थाने में केस दर्ज हुआ। पिता का आरोप है कि उनकी 18 साल की बेटी को विवेक बातों में फंसा कर साथ ले गया। जब आरोपी के घर पहुंचे तो परिजन टालमटोल करने लगे। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

किशोरी लापता, गुमशुदगी दर्ज
जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमालपुरा क्षेत्र निवासी एक बच्ची लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिलने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को दिए तहरीर में किशोरी की मां ने बताया कि छह नवंबर की शाम साढ़े पांच बजे घर से पार्क में टहलने के लिए निकली। देर शाम तक नहीं लौटने पर आसपास व रिश्तेदारों के पता किया गया। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन की जा रही।

नौकरी का झांसा देकर ठगी, मुकदमा दर्ज
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और विरोध करने पर धमकी के मामले में कोर्ट के आदेश पर हरहुआ निवासी अंकित द्विवेदी के खिलाफ बड़ागांव थाने में केस दर्ज किया गया। गाजीपुर सैदपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी अनुपम कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि अंकित ने उससे और उसके साथियों से 20 से 30 हजार रुपये नौकरी लगाने और प्रशिक्षण के नाम पर पर लिए। इसके बाद भी नौकरी नहीं लगवाई। बाद में पैसे मांगने पर आरोपी ने 8 जून 2025 को गालीगलौज और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।

ईंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बीकॉम छात्र घायल, केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बौलिया गांव में शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बीकॉम का छात्र सुमित सिंह घायल हो गया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को मधुकर शाहपुर निवासी पीड़ित पिता कमला शंकर सिंह ने ईंट लदे ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कराया। सुमित सिंह बाबतपुर के एक कॉलेज में पढ़ता है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात चालक पर केस दर्ज किया गया है। 

पॉक्सो का आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
पॉक्सो के आरोपी वांछित जोनरू वनवासी को कपसेठी पुलिस ने शनिवार सुबह कुरु तिराहा अकोढ़ा से गिरफ्तार किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि साईंपुर निवासी जोनरू की काफी दिन से तलाश थी। 

ई-रिक्शा और ऑटो में टक्कर के बाद चालक की पिटाई, केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवींद्रपुरी पदमश्री चौराहे के पास मलिन बस्ती में बुधवार रात ई-रिक्शा और ऑटो में टक्कर के बाद ऑटो चालक की पिटाई के मामले में शुक्रवार रात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। रामनगर थाना क्षेत्र के पटनवा निवासी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि ई-रिक्शा सवार मनबढ़ों की पिटाई से उसका सिर फट गया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

कोचिंग से लौटते समय छात्र की पिटाई, केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया के श्रीनगर कॉलोनी के कंप्यूटर इंस्टीट्यूट से घर लौटते समय छात्र अभिराम मिश्रा और दोस्त दिव्यांश पाठक की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। बेनीपुर के प्रिंस यादव, राम यादव, आकाश यादव और अज्ञात पर शुक्रवार रात सारनाथ थाने में केस दर्ज किया गया। तिलमापुर के पूर्व प्रधान पीड़ित पिता नागेश्वर मिश्रा ने पुलिस को बताया कि रंजिश में आरोपियों ने बेटे और उसके दोस्त को पीटा। सारनाथ थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि तीन नामजद व अज्ञात पर मारपीट व जान से मारने की धमकी में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

गैंगस्टर एक्ट में दोषी को दो साल की सजा
राजातालाब थाना क्षेत्र के गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी अनिल प्रसाद को अदालत ने दो साल की सजा और पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अनिल महावन का रहने वाला है।

शरारती तत्वों ने पल्टू बीर बाबा की प्रतिमा की क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश
चौबेपुर थाना क्षेत्र के हडिया डीह गांव के पास शुक्रवार रात शरारती तत्वों ने पल्टू बीर बाबा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। शनिवार सुबह पुलिस ने छानबीन की है। इस कृत्य से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने उन्हें समझाया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुबह महिलाएं जब पूजा के लिए मंदिर पहुंचीं तो खंडित प्रतिमा देख अन्य लोगों को सूचना दी। 

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों हडिया डीह से 2 किमी दूर नाद नदी के बीच बसे पिपरी गांव के दो मंदिरों में शरारती तत्वों ने हनुमान जी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी थी। पांच महीने पहले राजवारी पुल के पास अखाड़े के बगल में प्राचीन हनुमान मंदिर की प्रतिमा तोड़ी गई थी। दो महीने पहले व्यासपुर गांव में भी प्राचीन मंदिर की मूर्तियों को तोड़ा गया था। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों को पुलिस चिह्नित करने में जुटी है।

मोबाइल चोरी और छीनने के तीन आरोपी गिरफ्तार
यात्रियों और राहगीरों से मोबाइल छीनने के आरोपी रितेश चौरसिया (20) निवासी सारनाथ, सनी यादव (18) निवासी सारनाथ और सुखदेव पासी (18) निवासी पंचकोसी सारनाथ को जैतपुरा पुलिस ने सिटी रेलवे स्टेशन कॉलोनी मजार के पास से शनिवार को गिरफ्तार किया। तीनों स्टेशन और आसपास के इलाकों में मोबाइल चोरी व छीनते थे। थाना प्रभारी बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि छह नवंबर को एक राहगीर से तीनों ने मोबाइल छीना था। पूछताछ में रितेश का आपराधिक इतिहास भी सामने आया। रितेश पर सिगरा, सारनाथ और चितईपुर थाने में सात केस दर्ज हैं। आरोपियों के पास से चोरी के तीन मोबाइल मिले हैं।

युवती से छेड़खानी में दुकानदार गिरफ्तार
नमो घाट पर पांच दिन पहले युवती से छेड़छाड़ में चाय दुकानदार निरंजन को आदमपुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। युवती ने पांच अन्य युवकों पर भी आरोप लगाए हैं। एसीपी कोतवाली अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पांच अन्य युवकों पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। 

ड्रोन को ग्रामीणों ने गिराया
थाना क्षेत्र के मुरली गांव में शनिवार रात 8 बजे उड़ रहे एक ड्रोन को ग्रामीणों ने गिरा दिया। पूर्व प्रधान रामजन्म यादव ने ड्रोन को पुलिस को सौंपा। इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों ने पत्थर मारकर ड्रोन को गिराया। ड्रोन को कब्जे में लिया गया है। जांच की जा रही है।

अर्दली बाजार सबसे ज्यादा प्रदूषित, भेलूपुर दूसरे नंबर पर
देव दीपावली के बाद से काशी की हवा लगातार खराब हो रही है। लगातार चार दिनों में बनारस का एयर क्वालिटी इंडेक्स यलो जोन में बना रहा। शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अर्दली बाजार सबसे अधिक प्रदूषित रहा तो वहीं भेलूपुर दूसरे नंबर पर था। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी समीर ऐप के मुताबिक बनारस का एयर क्वालिटी इंडेक्स 94 था। इलाकेवार आंकड़ों में अर्दली बाजार का एक्यूआई 104 और भेलूपुर का 102 था। मलदहिया का एक्यूआई 100 और बीएचयू का एक्यूआई 89 था। 5 नवंबर को एक्यूआई 102, 6 नवंबर को एक्यूआई 104, 7 नवंबर को एक्यूआई 100 था। हवा में धूल बढ़ने के कारण पीएम 10 की मात्रा बढ़ गई है।

तीर्थ यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी वंदे भारत : आयुष मंत्री
आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत तीर्थ यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी। यह ट्रेन भगवान शिव की नगरी वाराणसी को भगवान श्रीराम के वनवास स्थल चित्रकूट से जोड़ेगी। वाराणसी से चित्रकूट धाम के लिए अब तक कोई सीधी रेल सेवा नहीं थी। इस कारण श्रद्धालुओं को सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती थी। ज्यादा समय लगता था। महंगी यात्रा होती थी। वंदे भारत की शुरुआत से दोनों तीर्थ स्थलों के बीच यात्रा सुगम, सुविधाजनक और तीव्र हो जाएगी।

छात्रों ने भिक्षुओं संग मनाया संघदान समारोह
बीएचयू में पहली बार शनिवार को छात्रों के लिए बौद्ध भिक्षुओं और भिक्षुणियों के लिए एक संघदान समारोह हुआ। इसमें म्यांमार, वियतनाम, कंबोडिया, बांग्लादेश, भूटान, भारत और श्रीलंका के कई संकायों और विभागों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।बीएचयू के बौद्ध छात्र समुदाय और इंडोनेशिया की पीएचडी छात्रा देवी के की ओर से इसकी पहल की गई।

इसमें विश्वविद्यालय के कई विभागों के छात्र शामिल हुए। विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार यादव ने कहा कि विभाग छात्रों को बौद्ध धर्म के व्यावहारिक आयामों को अनुभव करने लिए प्रेरित करता है। भविष्य में विभाग इस प्रकार के और भी व्यावहारिक कार्यक्रमों का आयोजन करेगा।

पुरा छात्रों ने मनाया पुरातन छात्र रजत जयंती समारोह
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में एमबीए के पुरा छात्रों ने पुरातन छात्र रजत जयंती समारोह मनाया। 1998-2000 बैच के एमबीए छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। अपनी कक्षाओं को देख, शिक्षकों से मुलाकात कर पुरानी यादों को ताजा किया। शनिवार को कैंटोमेंट के एक होटल में हुए समारोह में पुरा छात्रों ने काशी विद्यापीठ के प्रबंधन संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. एमबी शुक्ला, डॉ. रीता अग्रवाल, डॉ. एसके दुबे और संजीव प्रकाश को सम्मानित किया। छात्रों ने शिक्षकों के साथ अपने पुराने दिनों की यादों और स्मृतियों को साझा किया। इस मौके पर किसलय राय, ईश्वर, अमिताभ, आशीष, ललित, अमित, समीर, अशोक मौजूद रहे।

सांस के मरीजों का स्पाइरोमीटर से होगा इलाज
जिले के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब सांस के मरीजों का इलाज स्पाइरोमीटर से होगा। मरीजों के फेफड़ों की क्षमता, सांस लेने में तकलीफ, खांसी या अन्य श्वसन संबंधी समस्या का आकलन सही तरीके से करने के बाद उसका निवारण आसानी से हो सकेगा। 

सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने शनिवार को वर्चुअली सीएचसी और पीएचसी के चिकित्सकों को इस संबंध में प्रशिक्षण दिया। सीएमओ ने बताया कि स्पाइरोमीटर से मरीज के फेफड़ों की क्षमता और श्वसन दक्षता को मापा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मरीज सांस लेने में तकलीफ, खांसी या अन्य श्वसन संबंधी समस्या लेकर चिकित्सालय आता है, तो उसकी स्पाइरोमेट्री जांच से बीमारी का सही आकलन किया जा सकता है। 

उन्होंने चिकित्सकों को समझाया कि स्पाइरोमीटर से दमा (अस्थमा), सीओपीडी, ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियों की पहचान कर समय पर और प्रभावी उपचार किया जा सकता है। सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे अपने केंद्रों पर आने वाले श्वसन रोगियों की जांच में स्पाइरोमीटर का नियमित उपयोग करें।

यज्ञ के साथ हुआ शास्त्रार्थ स्मृति वैदिक महोत्सव का आरंभ
महर्षि दयानंद काशी शास्त्रार्थ के 156 वें स्मृति वर्ष पर वैदिक धर्म महोत्सव का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरूआत शास्त्रार्थ स्थली आनंद बाग दुर्गाकुंड में यज्ञ से हुई। यज्ञ की ब्रह्मा पाणिनि कन्या महाविद्यालय की ब्रहमचारिणी भूमिका व धरा के आचार्यत्व एवं यजमान डॉ. श्रीमित्र, गीता रानी, सत्येन्द्र आर्य व अनीता आर्या रहे। 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हरिद्वार से आए हुए स्वामी वेदामृतानंद सरस्वती महाराज ने वेदों में वर्णित वेद मंत्र के आधार पर कहा कि परमपिता परमात्मा से अच्छा मित्र कोई हो ही नहीं सकता। परमात्मा समय-समय पर हम मनुष्यों की गलतियों को छुपाता है और गुणों को प्रदर्शित करता है। बरेली से पधारे पंडित भानु प्रकाश शास्त्री ने सुमधुर भजन व भजनोपदेश दिए। प्रधान प्रमोद आर्य ‘आर्षेय’ ने संचालन किया व मंत्री रवि प्रकाश आर्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

महाभैरवष्टमी पर लाट भैरव मंदिर में सजेगी अष्ट भैरव की झांकी
महाभैरवष्टमी पर लाटभैरव मंदिर में अष्टभैरव की झांकी सजाई जाएगी। भैरव प्राकट्योत्सव मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष अष्टमी तिथिनुसार 12 नवंबर को महाभैरवष्टमी का पावन पर्व मनाया जाएगा। अवसर विशेष पर लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से कज्जाकपुरा स्थित काशी के न्यायाधीश बाबा श्री कपाल भैरव के दरबार में अन्नकूट शृंगार, संगीतमय सुंदरकांड पाठ व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 

पौराणिक कपाल मोचन कुंड (लाट भैरव तालाब) पर अष्ट भैरव की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। रामबाग में परंपरानुसार नगर वधुएं हाजिरी लगाएंगी। उक्त आशय की जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि ने दी।

डॉ. शनिश की बांसुरी पर राग जोग से सजी वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरण सोसायटी आफ इंडिया की ओर से शनिवार को वरुणा संध्या का आयोजन किया गया। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बनारस घराने के युवा बांसुरी वादक डॉ. शनिष कुमार ज्ञावली ने प्रथम प्रस्तुति राग जोग आलाप जोड़ झाला रूपक ताल में रही। 

दूसरी प्रस्तुति तीन ताल मध्य लय एवं द्रुत लय एवं अंत में बनारसी दादरा रंगी सारी गुलाबी चुनरिया... प्रस्तुत कर मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर वरिष्ठ तबला वादक पंकज राय ने साथ दिया। इस अवसर पर 39 जीटीसी गोरखा रेजिमेंट के नायब सूबेदार उदय थापा व सूबेदार पूरन शाही को अंग वस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलाकारों को प्रमाण पत्र अजय गुप्ता ने प्रदान किया। संचालन तनुज कुमार वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया।

जिले के 5 केंद्रों पर राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा आज, शामिल होंगे 2665 छात्र
राष्ट्रीय आय एवं छात्रवृत्ति प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जिले के 5 केंद्रों पर होगी। इसके लिए 269 सीटों पर कुल 2665 छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से लेकर अपराह्न 1 बजे तक होगी। इस छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए आवेदन मांगे गए थे। 

इसमें कुल सीटों के सापेक्ष 9 गुना आवेदन यानी 10 जिलों में 2451 सीटों के सापेक्ष कुल 21886 आवेदन आए हैं। मनोवैज्ञानिक बनानी सिन्हा ने बताया कि इसकी परीक्षा शनिवार को होगी। परीक्षा पास करने वाले छात्र को मेरिट के आधार पर 1000 रुपये प्रतिमाह यानी 12000 रुपये वार्षिक दिया जाएगा। परीक्षा में प्रतिभाग करने से पहले प्रशिक्षण देने की कार्रवाई भी पूरी जा चुकी है।

डीएवी पीजी कॉलेज बना अंतर संकाय शतरंज का विजेता
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से अंतर संकाय शतरंज प्रतियोगिता डाॅ. विभूति नारायण इंडोर हॉल में हुई। आयोजन सचिव प्रदीप खालखो ने बताया कि यह प्रतियोगिता चार चक्रों में खेली गई। इसमें सर्वाधिक अंक अर्जित तक डीएवी पीजी कॉलेज की टीम चैंपियन बनी। 

यह प्रतियोगिता 6 से 8 नवंबर तक हुई। टीम के कप्तान तनिष्क द्विवेदी के अलावा, स्वयम चतुर्वेदी, आकाश मौर्या और विभू दत्त ने मैच खेले। कप्तान तनिष्क द्विवेदी चार चक्र की बाजी में चार अंक हासिल कर शीर्ष पर रहे। टीम कोच विनीत राज तिवारी थे। इस मौके पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो बीसी कापरी, सहायक निदेशक डॉ राजीव, डॉ वैभव राय मौजूद रहे।

पूर्व विधायक राजित यादव को दी श्रद्धांजलि
भारतीय पशुपालक संघ और राजर्षि राजित फाउंडेशन की ओर से पूर्व विधायक राजित प्रसाद यादव की पांचवीं पुण्यतिथि मनाई गई। लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पद्मश्री फुलबासन देवी, कारगिल युद्ध के नायक परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव, शशि यादव, संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने भी उन्हें नमन किया। उन्होंने राजित यादव के सामाजिक, आध्यात्मिक एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। श्रद्धांजलि सभा में डॉ. संध्या यादव, डॉ. भारत भूषण यादव, आचार्या संविदा, आचार्य वेद, दिनेश यादव शामिल रहे।

विरासत को समझकर अपनानी होगी देसी व्यवस्था
वाराणसी। समाज में समय के साथ विकृति आई है। उसका समाधान बहुत जरूरी है, अन्यथा यह रक्तबीज की तरह फैल जाएगी। पश्चिमी देशों का अंधानुकरण भारतीय समाज के लिए घातक है इससे बचना होगा। हमें अपने देश को शक्तिशाली बनाना होगा। अपनी विरासत को समझकर देसी व्यवस्था अपनानी होगा। हमारा आकलन पश्चिमी देश नहीं कर सकते। 

बीएचयू में राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय संगोष्ठी में ये बातें डाॅ. वीरेंद्र जायसवाल ने कहीं। प्रो. हेमंत मालवीय ने बताया कि संगोष्ठी में देशभर के 105 प्रतिभागियों ने शोधपत्र प्रस्तुत किए। वहीं, 560 शोधपत्र प्राप्त हुए जो कि यह दिखाते हैं कि भारतीय समाज इस विषय को कितनी गंभीरता से लेता है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. अमरनाथ मोहंती, प्रो. सोनाली सिंह मौजूद रहीं। संचालन डाॅ. संजीव सराफ ने किया।

व्यापारियों ने रेलमंत्री को सुनाईं बरेका के 200 दुकानों की समस्याएं
बरेका में व्यापारियों की समस्या के प्रति व्यापार मंडल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अवगत कराया। मंडल की सचिव योगिता तिवारी और सुरक्षा अध्यक्ष रमेश सिंह ने व्यापारियों से जुड़े सभी मुद्दों को रेल मंत्री के समक्ष क्रमवार रखा। रेलमंत्री ने समस्याएं सुनकर समाधान के लिए बरेका महाप्रबंधक सोमेश कुमार को निर्देशित किया।

महामंत्री अखिलेश पाठक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से बरेका के 700 दुकानों का किराया 5 गुना बढ़ा दिया। 2 वर्षों में 500 दुकानों का किराया कम कर दिया गया है लेकिन 200 दुकानों के मालिक बढ़ा हुआ किराया जमा कर रहे हैं। इसे लेकर कई बार अधिकारियों से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई बातचीत करने को तैयार नहीं हुआ। रेलमंत्री के निर्देश के बाद महाप्रबंधक ने बताया कि कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं। जांच के बाद समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। 

सीजन तीसरी सबसे ठंडी रात, पारा 13.5 डिग्री
बनारस में रात का पारा दिनोंदिन लुढ़कता जा रहा है। शनिवार को 13.5 डिग्री सेल्सियस के साथ लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार बनारस में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यह सामान्य 3 डिग्री कम रही। इससे पहले शुक्रवार को पारा 14 डिग्री और सप्ताह भर पहले 15 डिग्री तक तापमान गिरा था। 

शनिवार को बनारस का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अगले सात दिनों के लिए धुंध और कोहरा पड़ने की उम्मीद है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 5-6 दिनों तक तापमान में कोई ज्यादा कमी आने की संभावना कम है।

हिंदू कैलेंडर से महामना की 80वीं पुण्यतिथि आज
बीएचयू में रविवार को हिंदू तिथि से विश्वविद्यालय के संस्थापक पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। मार्ग शीर्ष कृष्ण पक्ष चतुर्थी पर मालवीय भवन सभागार में सुबह 10 बजे महामना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण किया जाएगा। 10.10 बजे शांति पाठ, 10.14 बजे गीता पाठ, 10.18 बजे मौन धारण आदि कार्यक्रम होंगे। ये कार्यक्रम संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय की ओर से किया जाएगा। इसमें बीएचयू के सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे। अंग्रेजी कैलेंडर के मुताबिक 12 नवंबर को पुण्यतिथि मनाई जाती है। इस बार महामना की 80वीं पुण्यतिथि होगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed