Varanasi: शहर के 100 वार्डों में 1275 स्ट्रीट लाइटें बंद, पार्षद कर रहे शिकायत; फिर भी नहीं हुई मरम्मत
Varanasi News: वाराणसी में शहर के 100 वार्डों में 1275 स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। वार्डों के पार्षद भी इसकी शिकायत दर्ज करा रहे हैं, लेकिन इसका समाधान नहीं किया जा रहा है।
विस्तार
बारिश के कारण शहर में स्ट्रीट लाइटों की शिकायतें बढ़ गई हैं। प्रतिदिन हर वार्ड से 10 से 15 शिकायतें आ रही हैं। 100 वाडों में 1275 स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। वार्डों के पार्षद भी इसकी शिकायत दर्ज करा रहे हैं। इसके बाद भी मरम्मत नहीं हो रही है। इससे नगर निगम के आलोक विभाग की कार्यप्रणाली का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सावन में बाहर से कांवड़िये भी काशी आ रहे हैं। इसके बावजूद चांदपुर, बौलिया, लहरतारा, राजातालाब से मोड़ैला, औद्योगिक आस्थान, माताकुंड, लल्लापुरा, काजीपुरा, जवाहर नगर, आर्य समाज मंदिर, शेख सलीम फाटक, कालीमहाल, कालीमहाल फाटक, करौंदी से बाईपास हैदराबाद गेट, बघवा नाला, गीता नगर कॉलोनी, हुकुलगंज आदि इलाकों की स्ट्रीट लाइटें बंद हैं।
इसे भी पढ़ें; UP: ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी गिरफ्तार, प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की परीक्षा में सेंध
कहीं स्ट्रीट लाइट की एलईडी खराब हैं तो कहीं कंट्रोल वॉक्स में पानी भरने से लाइटें बंद हैं। इस मौसम में नमी और बारिश के कारण स्ट्रीट लाइट के पोल में भी खराबी आई है। अंधेरा होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पार्षदों की शिकायतों को भी अनसुना किया जा रहा है। उनके इलाकों में कई लाइटें या तो बंद हैं या पूरी तरह खराब हो चुकी हैं। पुराने पोलों पर लगी हेरिटेज स्ट्रीट लाइटों के उपकरण तक नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में इन लाइटों को बदलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
अधिकारी बोले
खराब स्ट्रीट लाइटों की लगातार मॉनिटरिंग कर मरम्मत कराई जा रही है। शहर में पार्षदों की ओर से जो शिकायतें आती हैं, उनका समाधान किया जाता है। -विनोद कुमार गुप्ता, अपर नगर आयुक्त