Varanasi News: बनारस रेलवे स्टेशन पर मिला मजदूर का शव, इस वजह से मौत की आशंका; मिर्जापुर का रहने वाला है
Varanasi News: वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर गुरुवार को एक मजदूर का शव मिला। जीआरपी ने काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान मिर्जापुर के कछवा बाजार निवासी साबिर अली के रूप में कराई। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत का कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
विस्तार
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर गुरुवार को एक मजदूर का शव मिलने से यात्रियों और रेलवे कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मजदूर की मौत किसी बीमारी के कारण हुई है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को स्टेशन मास्टर ने प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना जीआरपी चौकी बनारस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अशोक ओझा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कराई। मृतक के पास कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी तत्काल शिनाख्त हो सके।
जीआरपी ने मृतक का फोटो रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट घर, सर्कुलेटिंग एरिया, ऑटो स्टैंड और मंडुवाडीह स्थित लेबर मंडी में दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया। काफी खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि मृतक कछवा बाजार क्षेत्र का निवासी हो सकता है। इसके बाद फोटो वहां भेजा गया, जहां स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान कराने में मदद की।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन बनारस स्टेशन पहुंचे। मृतक के चचेरे भाई शेख रोशन ने शव की पहचान साबिर अली पुत्र अली हसन, निवासी मोहल्ला पीर खान, कछवा बाजार, जनपद मिर्जापुर के रूप में की। पहचान की पुष्टि होने के बाद जीआरपी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसके बाद जीआरपी टीम शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस पहुंची, जहां पंचनामा की कार्रवाई संपन्न कराई गई। जीआरपी चौकी प्रभारी अशोक ओझा ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। प्रथम दृष्टया बीमारी से मौत होने की संभावना दिखाई दे रही है, लेकिन वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।