फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News going to give Ganga water to Sangh Pramukh mohan bhagwat FIR against

Varanasi News: संघ प्रमुख को देने जा रहे थे गंगा जल, 5 पर FIR, युवक से 5.9 लाख ठगे; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Mon, 07 Apr 2025 02:06 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 07 Apr 2025 02:06 PM IST
सार

वाराणसी में मोहन भागवत को गंगा जल देने जा रहे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। वहीं, अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने के नाम पर पर 5.9 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News going to give Ganga water to Sangh Pramukh mohan bhagwat FIR against
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

News Update: सिगरा स्थित भारत माता मंदिर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सिगरा थाने में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व अधिवक्ता विकास सिंह, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनुपम राय, अनिरुद्ध सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन


अधिवक्ता विकास सिंह ने रविवार को कहा कि संघ प्रमुख ने प्रयागराज के महाकुंभ में स्नान नहीं किया था। इसे लेकर गत तीन अप्रैल को उनके काशी आगमन पर भारत माता मंदिर परिसर में आरएसएस प्रमुख को प्रयागराज महाकुंभ का पवित्र जल अर्पित करने का प्रयास किया गया था। 
विज्ञापन


इस पर पुलिस ने यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। मुकदमा हमें डराने और हमारी आवाज दबाने का प्रयास है। मगर, हम झुकने वाले नहीं है। सरकार चाहे जितने मुकदमे दर्ज करवा ले, हमारा संघर्ष नहीं रुकेगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

अमूल डेयरी में नौकरी के नाम पर 5.9 लाख ठगे
करखियाव स्थित अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर 5.9 लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर रविवार को फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सेवापुरी क्षेत्र के खिल्लूपुर निवासी राहुल कुमार वर्मा ने पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन के यहां शिकायत की थी। बताया कि अखिलेश कुमार ने उसकी बहन को अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और आईडी कार्ड देकर उनसे 5.9 लाख रुपये ले लिए। उनकी बहन जब ज्वाइनिंग लेटर लेकर बनास अमूल डेयरी में गई तो प्लांट इंचार्ज अलोकमणि मिश्रा मिले। उन्होंने बताया कि ज्वाइनिंग लेटर फर्जी है और आपके साथ ठगी हुई है। 

शाइन सिटी के दो निदेशकों और दो एजेंट पर मुकदमा
शाइन सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशकों व दो एजेंट के खिलाफ न्यायालय के आदेश से धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई विश्वकर्मा नगर कॉलोनी, चितईपुर निवासी सौरभ कुमार के प्रार्थना पत्र पर की गई। 

सौरभ कुमार के अनुसार, वर्ष 2013 में उन्होंने शाइन सिटी के वरुणा पार क्षेत्र स्थित कार्यालय में संपर्क किया। वहां मौजूद एजेंट मोहम्मद शाहिद और सुषमा श्रीवास्तव से उनकी मुलाकात हुई। दोनों ने प्रयागराज के जीबीटी नगर, करैली निवासी अपने सीएमडी राशिद नसीम और एमडी आसिफ नसीम से बात की। उन्हें बताया गया कि कंपनी की एक स्कीम है। उसके तहत जमा राशि का ढाई गुना भुगतान किया जाना था। 

विश्वास करके 5 जनवरी 2019 को चेक के जरिये वह पांच लाख रुपये का भुगतान किए। एक माह बाद कंपनी के एजेंट ने दो-दो लाख रुपये का छह चेक दिए। समय पूरा होने पर बैंक में भुगतान के लिए चेक दिया गया तो पता चला कि उससे संबंधित खाता बंद है। इसकी शिकायत कैंट थाने के साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की गई। कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। 

कल से चलेगी पुणे गाजीपुर सिटी ट्रेन
01431/01432 पुणे-गाजीपुर सिटी द्वि-साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का संचालन पुणे से 8 अप्रैल को शुरू हो रहा है। 26 जून को प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को और गाजीपुर सिटी से 10 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक रविवार व गुरुवार को 24 फेरों के लिए संचालित होगा।

पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 01053/01054 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस द्विसाप्ताहिक ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का संचालन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 9 अप्रैल से 26 जून और बनारस से 10 अप्रैल से 27 जून तक 24 फेरों के लिए किया जाएगा। 

शराब पीकर मारपीट-तोड़फोड़ करने वालों पर मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र के नासिरपुर इलाके में शनिवार को डाफी के रहने वाले विशाल सिंह व पवन अपने दोस्त अतुल व अभिषेक से मिलने गए थे। विशाल सिंह और पवन सिंह के अनुसार, बगल में बर्थडे पार्टी चल रही थी।

उसमें शराब के नशे में धुत विशाल चौबे, कौशल सिंह, अनिकेत, आयुष राज तिवारी, चाहत सिंह और रब नवाब ने मिलकर विशाल, पवन, अतुल और अभिषेक को पीटकर घायल कर दिया। मारपीट में विशाल और पवन के चेहरे की हड्डियां टूट गई हैं। विशाल की कार का शीशा भी तोड़ दिया गया। इस संबंध में चितईपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

शिकायत करने पहुंचे पिता-पुत्र को पीटा
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में रविवार को घर में घुसकर पिता-पुत्र की मनबढ़ों ने पिटाई की। मामले को लेकर फूलपुर थाने में पीड़ित पक्ष ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पिंडरा बड़ा अहिरान निवासी पंकज यादव ने पुलिस को बताया कि घर के सामने गिट्टी रखी हुई थी। उसे कुछ युवक नुकसान पहुंचा रहे थे।

कुछ दूरी पर रहने वाले जदवातारा पिंडरा दलित बस्ती निवासी आशीष और धर्मेंद्र से जब शिकायत करने वह उनके घर गया तो सभी उसे पीटने लगे। बचाने पहुंचे पिता रामधनी यादव की भी पिटाई की गई। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। 

तीन श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन और नकदी चोरी
दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़ के बीच उचक्कों ने पर्स और मोबाइल फोन उड़ा दिए। अस्सी की रहने वाली दीपा सेठ का पर्स चोरी हो गया। पर्स में दो हजार रुपये और मोबाइल फोन रखा था। इसी तरह से सरकारीपुरा, मंडुवाडीह की रहने वाली बरखा देवी का मोबाइल फोन चोरी हो गया। बीएचयू में रहने वाले मिथलेश राय का मोबाइल फोन भी गायब हो गया। भुक्तभोगी पुलिस को सूचना देकर लौट गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। 

दुष्कर्म का आरोपी किशोर पकड़ा गया
जैतपुरा थाने की पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और धमकाने सहित अन्य आरोपों में किशोर को पकड़ा है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गत एक अप्रैल को किशोरी की मां ने मुकदमा दर्ज कराया था।

उन्होंने बताया था कि भोर में उनके घर में घुसकर उनकी बेटी के साथ 17 वर्षीय किशोर ने दुष्कर्म किया। किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस किशोर की तलाश कर रही थी। रविवार को ऊंचवा मैदान पर किशोर के मौजूद होने की सूचना मिली तो उसे पकड़ लिया गया। किशोर अमरपुर मढि़या, सरैया इलाके का रहने वाला है। 

बंद मकान में लाखों की चोरी 
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बंद निर्माणाधीन मकान से चोरों ने दरवाजा तोड़कर वायरिंग समेत अन्य सामान चुरा लिया। बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के निवासी प्रकाशानंद यादव ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि ओम नगर काॅलोनी (बेनीपुर पोखरा) स्थित मकान में 30 मार्च तक वायरिंग का काम हुआ था। उसका बचा हुआ सामान और सेनेटरी का सामान घर में ही रखा था। 

चीनी मांझे से पुलिसकर्मी की अंगुली कटी
नई सड़क के पास सनातन धर्म इंटर कॉलेज के सामने रविवार को प्रतिबंधित चीनी मांझे की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी के दाएं हाथ की अंगुली कट गई। पुलिसकर्मी ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में अपना उपचार कराया।

घायल पुलिसकर्मी की पहचान बलिया निवासी रणधीर गुप्ता के रूप में हुई है। रणधीर एलआईयू में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह कोतवाली स्थित ऑफिस से लंका की तरफ जा रहे थे। सनातन धर्म इंटर काॅलेज के सामने चीनी मांझे की चपेट में आकर उनकी अंगुली कट गई। ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टर ने उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। 

पीएम विजिट के बाद नाइट मार्केट पर होगा फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजिट के बाद नाइट मार्केट पर फैसला होगा। इसे लेकर वेंडर्स ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। इसके बाद तय हुआ कि पीएम विजिट के बाद इस समस्या का हल निकाला जाएगा। 

पिछले दिनों नगर निगम की ओर से तोड़ने की घोषणा के बाद वेंडर्स ने पीएम के संसदीय कार्यालय में गुहार लगाई थी। लोगों ने कहा था कि यातायात की जिस समस्या के लिए इसे तोड़ा जा रहा है। उस समस्या को दूर कराया जाए। जहां पर जाम लग रहा है वहां से दुकानों को शिफ्ट कराएं। 

बाकी दुकानों को व्यवस्थित किया जाए। जिन दुकानदारों को हटाया जाएगा उन्हें किसी अन्य जगह पर शिफ्ट कराया जाए। इसके बाद तय हुआ कि पीएम विजिट के बाद नाइट मार्केट के रूपरेखा तैयार की जाएगी। अब तक की बनी योजना के तहत यहां पर यात्रियों के लिए विश्राम की व्यवस्था होगी। 

शहर के जलस्रोतों की सफाई जल्द होगी शुरू 
शहर के जल स्रोतों को सहेजने की कवायद शुरू हो गई है। शहर के सभी कुओं की सफाई कराई जाएगी। पूर्व में जिन कुएं की सफाई कराई गई थी उनमें मलबा भर गया है। पूर्व में हुए सर्वे के दौरान सामने आया कि करीब 150 कुएं पट चुके हैं। कई कुएं कचरों व मलबा से भरे परे हैं। जो कुएं अस्तित्व में हैं, उनका रखरखाव ठीक से नहीं हो पा रहा है।

लोग कुएं का उपयोग कचराखाना के रूप में कर रहे हैं। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कुओं की सफाई की जिम्मेदारी सामान्य विभाग को दी है। उनके अनुसार नगर निगम क्षेत्र के सभी कुओं की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस कार्य में क्षेत्रीय पार्षद की मदद ली जाएगी। 

केंद्रीय कारागार में खुली गो विचरणशाला 
शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार में रविवार को प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने गो विचरणशाला का उद्घाटन किया। राज्यमंत्री ने कारागार परिसर में स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

गौ विचरणशाला का उद्घाटन करने के बाद राज्यमंत्री ने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया। इसके बाद वाग्भट वाटिका में हनुमान मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने कारागार में होने वाली रामलीला के पात्रों को प्रशंसा पत्र भी दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र  वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिह मौजूद रहे। 

ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटी
गरथौली पूर्व कन्या विद्यालय के सामने मुड़ते समय ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। ड्राइवर और ट्राॅली पर सवार मजदूरों ने कूदकर जान बचाई। कादीपुर रेलवे क्राॅसिंग बंद होने के कारण और बहादुरपुर क्राॅसिंग से निकलने के लिए पूर्व कन्या माध्यमिक विद्यालय गरथौली के सामने मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक घूम गया। उसी दौरान पानी भरे गड्ढे में ट्राॅली पलट गई। 

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत 
कादीपुर रेलवे स्टेशन से लगभग सौ मीटर की दूरी पर रविवार की भोर गोरखपुर से वाराणसी की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी ने शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक के दाएं हाथ में राजेश नाम का गोदना गोदा गया है। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र 45 वर्ष से अधिक प्रतीत हुई है। 

अभियान : नगर आयुक्त ने झाड़ू लेकर सफाई के प्रति किया जागरूक 
विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत रविवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सारनाथ वार्ड से की।  आयुक्त ने खोदाई कर इंटरलाॅकिंग न करने पर बिजली निगम को नोटिस देकर सही कराने को कहा। उन्होंने स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर अधिकारियों और पार्षद अभय पांडेय के साथ सफाई की और स्वच्छता के प्रति लोगों को भी जागरूक किया। 

सफाई के दौरान नगर आयुक्त ने आशापुर चौराहा से मवइया सारनाथ मोहल्ले को जाने वाले गली की शुरुआत में इंटरलॉकिंग उखड़ा पाया। पार्षद ने बताया कि बिजली निगम ने केबल डालने के दौरान खोदाई की थी, लेकिन सही नहीं किया। उन्होंने नोटिस देकर बिजली निगम को इंटरलॉकिंग ठीक कराने को कहा। 

आशापुर चौराहे के पास सीवर लाइन बिछाने में देरी पर बताया गया कि रोड कटिंग की परमिशन में विलंब से कार्य शुरू हो पा रहा है। इस पर महाप्रबंधक जलकल को समन्वय स्थापित करते हुए कार्य शुरू कराने को कहा। पार्षद ने कुएं की सफाई एवं टीन शेड से छत का निर्माण कराने की मांग की। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए यूजर्स चार्ज कलेक्शन के लिए क्यूआर कोड घरों पर नहीं मिला। 

डॉ. मनोज की पुस्तक का देहरादून में लोकार्पण
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में डॉ. मनोज श्रीवास्तव की पुस्तक एसेंशियल ऑफ डायबिटीज का लोकार्पण किया गया। आईएमए के अध्यक्ष दिलीप भानुशाली, पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन ने लोकार्पण किया। 

डॉ. मनोज ने बताया कि हर सात व्यक्ति में एक व्यक्ति डायबिटीज से पीड़ित है। इसका मुख्य कारण अनियमित दिनचर्या, मोटापा, जेनेटिक फैक्टर प्रमुख रूप से हैं। पुस्तक में डायबिटीज के कारण, बचाव, इलाज आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। पुस्तक लोकार्पण पर आईएमए वाराणसी शाखा के सचिव डॉ. एके त्रिपाठी आदि ने बधाई दी है। 

कांग्रेसियों ने शिवम सोनकर का किया स्वागत 
बीएचयू में शोध में दाखिले की मांग को लेकर कुलपति आवास के पास धरने पर बैठे छात्र शिवम सोनकर से मिलकर कांग्रेसियों ने न्याय का भरोसा दिलाया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशन में बीएचयू पहुंचे महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शिवम का माल्यार्पण का स्वागत किया।

कहा कि 25 मार्च को शिवम से मिलकर उनकी समस्याओं पर संघर्ष करने की बात कही गई थी। अब संघर्ष रंग लाया और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शिवम सोनकर के दाखिला के लिए आश्वस्त किया गया। इस दौरान एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय, चंचल शर्मा, रोहित दुबे, अनुभव राय, दिलीप सोनकर आदि लोग मौजूद रहे। 

अब मंडपम भी घूम सकेंगे यात्री पंबन ब्रिज होगा आकर्षण का केंद्र
देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक रामेश्वरम दर्शन के बाद रेलवे के जरिये मंडपम भ्रमण के लिए यात्री आसानी से पहुंच सकेंगे। समुद्र में बने पहले वर्टिकल पंबन रेल ब्रिज का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभारंभ कर दिया। इस ब्रिज के जरिये मंडपम और रामेश्वरम का जुड़ाव हो गया। मदुरै व मंडपम से रामेश्वरम के लिए ट्रेनें आवाजाही करेंगी। वहीं, यह वर्टिकल पंबन ब्रिज पर्यटन का एक नया केंद्र होगा।

पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस स्टेशन से रामेश्वरम के बीच रामेश्वर-बनारस एक्सप्रेस का संचालन होता है। यह ट्रेन मंडपम तक जाती है। इसके अलावा अन्य कोई ट्रेन नहीं हैं। आईआरसीटीसी की ओर से भारत गौरव ट्रेन का भी संचालन होता है। हालांकि यह तीन से चार माह के लंबे अंतराल पर होता है। तमिलनाडु के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से 12295 संघमित्रा एक्सप्रेस है। इसके अलावा स्पेशल ट्रेनें हैं। हालांकि अब इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी।

टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता और टूर ऑपरेटर प्रदीप राय ने बताया कि रामेश्वरम और काशी के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़नी चाहिए। अब पर्यटकों में वर्टिकल पंबन ब्रिज को लेकर काफी उत्सकुता है। 

रामेश्वरम के दर्शन के साथ ही पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र पंबन ब्रिज होगा। सिर्फ एक ट्रेन होने के कारण यात्रियों का दबाव इतना है कि 60 दिन से पहले भी कंफर्म सीट नहीं मिलती है। आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया कि रामेश्वरम, मंडपम के लिए भारत गौरव ट्रेन का संचालन किया जाएगा। 

तुलसी घाट पर मना प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव 
गोस्वामी तुलसीदास की तपस्थली तुलसीघाट के राम मंदिर में भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया गया। दोपहर 12 बजे अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में पुजारी ने भगवानराम लक्ष्मण और सीता का नयनाभिराम शृंगार करके भव्य आरती की। 

प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ेगा तब-तब भगवान राम किसी न किसी रूप में धरती पर जन्म लेंगे। आरती के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रो. केके शुक्ला, मदर्स फॉर मदर की अध्यक्ष आभा मिश्रा, अनूप मिश्रा, विश्वनाथ यादव, हृदय नारायण मिश्रा आदि रहे।

वहीं, श्री काशी अग्रवाल समाज की ओर से संचालित श्री अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय इंटर काॅलेज चौखंभा में स्थापित श्री राम जानकी मंदिर में रामलला का जन्मोत्सव मनाया गया। ममता अग्रवाल और श्रुति जैन के संयोजन में कन्या पूजन, श्रीराम जन्मोत्सव, संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ। रामभक्तों ने प्रभु श्रीराम दरबार के दर्शन किए। 

पंचामृत अभिषेक के साथ चारों वेदों का हुआ पारायण
श्रीराम जानकी मंदिर रामापुरा में रामजन्मोत्सव पर चारों वेदों के पारायण के साथ ही कलाकारों ने देर शाम को भजनों के जरिये प्रभु श्रीराम को श्रद्धा और भक्ति अर्पित की। रामचंद्र भगवान का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया। दोपहर 12 बजे विशेष महाआरती और चारों वेदों की अष्टावधान सेवा रामजी को समर्पित की गई। दोपहर तीन बजे से छह बजे तक ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद का पारायण हुआ। 

शाम छह से रात 10 बजे तक पुनीत कृष्ण जेटली पागल बाबा और उनकी टीम ने भजनों की प्रस्तुति दी। सभी कार्यक्रम महंत जगदीश दीक्षित के नेतृत्व में हुए। इस दौरान संतोष दास महाराज, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, मेयर अशोक कुमार तिवारी, प्रो. रामनारायण द्विवेदी, वी. चंद्रशेखर द्राविड़ घनपाठी, अजीत सिंह बग्गा मौजूद रहे। 

हजरत तैयब शाह बनारसी की दरगाह पर सजा छोटी ईद का मेला
हजरत तैयब शाह बनारसी की दरगाह पर छोटी ईद का मेला सजाया गया। छोटी ईद के मेले के साथ ही यहां उर्स की रौनक भी थी। रविवार को मंडुवाडीह स्थित दरगाह परिसर मेले में तब्दील हो गया। एक ओर जहां अकीदतमंद आस्ताने पर जियारत करने और चादर चढ़ाने में लगे रहे। वहीं, दूसरी ओर बच्चों ने झूलों और खिलौनों की दुकानों में खूब मस्ती की।

ईद के सात दिन बाद छोटी ईद और उर्स का आयोजन किया गया। मेले में बनारस सहित बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। दरगाह के खादिम मोहम्मद अब्दुल सलाम रसीदी और मैनेजर मोहम्मद अकरम की निगरानी में करीब 200 स्टाॅल लगाए गए। 

नमाज के बाद कुल शरीफ हुआ और फिर देर रात तक चादरपोशी, गुलपोशी और फातिहा पढ़ने का सिलसिला जारी रहा। रात को कव्वाली की महफिल ने माहौल को और रूहानी बना दिया। कव्वालों ने बाबा की शान में शानदार कलाम पेश किए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंडुवाडीह पुलिस के जवान तैनात रहे। 

1533 पर करें निगम से जुड़ीं शिकायतें 
शहर में नगर निगम से जुड़ी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1533 पर काल कर सकते हैं। जो सफाई, सीवर और पेयजल सहित अन्य शिकायतों के समाधान के लिए जारी किया गया है। यहां पर आपकी शिकायत नगर निगम में पंजीकृत होगी। स्मार्ट सिटी के सिटी कमांड सेंटर में इस नंबर को अटेंड करने के लिए नगर निगम की ओर कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। जिन्हें संबंधित विभागों में शिकायतों को ट्रांसफर करने की जिम्मेदारी दी गई है। सभी शिकायतों की माॅनीटरिंग नगर आयुक्त अक्षत वर्मा कर रहे हैं। 

घर बैठे जमा करें अपना कर
नगर निगम की वेबसाइट www.nnvns.org.in पर भारत बिल पे सर्विस पोर्टल पर डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, एटीएम, गूगल पे, भीम एप, क्यूआरकोड सभी प्रकार के बैंक उपलब्ध हैं। जिससे गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने में कठिनाई नहीं होगी।

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शहरवासियों से अपील की है कि आम जनता को ऑनलाइन सभी प्रकार के कर जमा कर सकते हैं। घर बैठे भवन का गृहकर, जलकर, सीवरकर का भुगतान करें। नगर निगम के कंप्यूटर सेल विभाग को इसकी माॅनीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। 

सारनाथ में तीन घंटे गुल रही बिजली
सारनाथ के पंचक्रोशी स्थित काॅलोनी में रामनवमी का हवन करने के दाैरान रविवार को बिजली का तार जलने से सुबह करीब 10:30 बजे बिजली कट गई। इससे पुलकोहना, पुरानापुल, पंचकोशी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। साथ ही शहर में शोभायात्रा निकाले जाने के लिए भी एहतियातन बिजली काटी गई। इससे भी क्षेत्र में बिजली की आवाजाही जारी रही। जेई विश्वनाथ मौर्य ने बताया कि हवन पूजन करते समय आग की लपटों से बिजली का तार जल गया।

शहर की काॅलोनियों की दीवारों पर भी होगी पेंटिंग
शहर की काॅलोनियों में भी वॉल पेंटिंग कराई जाएगी। इससे दीवारें खूबसूरत दिखेगी और शहर की छवि और बेहतर होगी। पर्यटन के लिहाज से भी लोगों को आकर्षित करेगा। पहले चरण में शास्त्री नगर कॉलोनी में वाल पेंटिंग कराई जाएगी। 

वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि अभी तक प्रमुख स्थानों और पिलर पर ही पेंटिंग के कार्य किए जाते थे। अब काॅलोनियों की दीवारों पर भी पेंटिंग दिखेगी। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यह किया जा रहा है। शास्त्री नगर कॉलोनी की सभी 14 दीवारों पर पेंटिंग कार्य किया जाएगा। इसमें कई प्रमुख आर्टिस्ट भी भाग ले रहे हैं। यह पहल वाराणसी को कला और संस्कृति के दृष्टिकोण से और भी समृद्ध बनाने में सहायक होगी। 

शाश्वत बने विश्व आर्थिक मंच के युवा क्यूरेटर
सिगरा निवासी शाश्वत पांडेय को विश्व आर्थिक मंच के ग्लोबल शेपर्स समुदाय में सबसे कम उम्र के क्यूरेटर के रूप में चुना गया है। यहां वह विश्व आर्थिक मंच के दृष्टिकोण से जुड़े प्रभावशाली युवा-संचालित परियोजनाओं और पहलों का नेतृत्व करेंगे।

शाश्वत को 9-11 जुलाई को स्विट्जरलैंड के जेनेवा में होने वाले ग्लोबल शेपर्स वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। शाश्वत ने डीयू के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक कर सार्वजनिक नीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने पहले इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ पॉलिटिकल साइंस स्टूडेंट्स के एशिया अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। 

नियमों का पालन करवाएंगे दो एक्सटर्नल मॉनीटर
बीएचयू में सामानों की खरीददारी में नियमों का पालन करवाने के लिए केंद्रीय सतर्कता आयोग की ओर से दो इंडिपेंडेंट एक्सटर्नल मॉनीटर की तैनाती की गई है। इसमें वीरेंद्र कुमार सक्सेना और जयाकोडी विरुसंकुलम कुमार सामी की नियुक्ति की गई है। आयोग की ओर से बीएचयू को इस तैनाती की जानकारी दी गई है। दोनों लोगों का कार्यकाल एक साल का होगा। 

बीएचयू इकाई की अध्यक्ष बनीं डॉ. ममता
बीएचयू में रविवार को नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन (एनएमओ) की बीएचयू इकाई का पुनर्गठन किया गया। इसमें डॉ. ममता को अध्यक्ष बनाया गया जबकि डॉ. आरएस मोरे और डॉ. दीपक मिश्रा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

बायोकेमिस्ट्री विभाग के सेमिनार कक्ष में हुई बैठक में एनएमओ की बीएचयू इकाई में सचिव पद पर दरबारा सिंह, संगठन मंत्री आशीष कुमार चौहान व अपूर्वा तिवारी और सह-सचिव रामावतार मीणा व पूर्वी जैन को बनाया गया। कोषाध्यक्ष शिवम सिंह बने। आईटी टोली में चयन हुड़ैत और अभय श्रीवास्तव शामिल हुए। इसके अलावा वर्ग प्रतिनिधि में विभिन्न छात्र प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई। बैठक में डॉ. आरएन चौरसिया, डॉ. विश्वंभर सिंह, डॉ. एसपी मिश्रा, डॉ. अतुल तिवारी मौजूद रहे। 

दो महीने पहले प्रवेश परीक्षा परिणाम, दाखिले का इंतजार
काशी विद्यापीठ में एक साल की देरी से हुए शोध में दाखिले की प्रक्रिया अभी भी पूरी नहीं हो पाई है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने के करीब दो महीने हो गए अब तक विभागवार केवल पास अभ्यर्थियों की सूची ही बन पाई है।

खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को शोध समिति के समक्ष पावर पॉइंट प्रेंजेटेशन देना होगा। इसके बाद प्रवेश संबंधी आगे की कार्यवाही पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय के विभागों में 834 सीट के सापेक्ष इस बार 8 दिसंबर को करवाई गई प्रवेश परीक्षा में 1111 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी। 

इसके दो माह बाद 8 फरवरी को प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया, लेकिन करीब दो महीना होने जा रहा है अब तक दाखिले की प्रक्रिया पूरा होना तो दूर कई विभागों में तो पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन की तिथि भी नहीं तय हो पाई है। 

जिस तरह से विश्वविद्यालय की ओर से तैयारी चल रही है, उससे इस महीने तक भी दाखिला चलते रहने के आसार हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से जल्द से जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने को विभागाध्यक्षों से कहा गया है। उधर, दर्शनशास्त्र विभाग में तो शोध प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को दो मई तक कागजात जमा करने को कहा गया है। ऐसे में इस विभाग की प्रक्रिया मई के पहले सप्ताह तक चलेगी। 

विद्यालयों को अपलोड करने होंगे आंतरिक मूल्यांकन के मार्क्स
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षा खत्म होने के बाद अब परिषद को हाईस्कूल, इंटर के विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन की रिपोर्ट का इंतजार है।

परिषद की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को एक पत्र जारी कर यह कहा गया है कि शैक्षिक सत्र 2024-25 में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं का हाईस्कूल में विद्यालय स्तर पर आयोजित आंतरिक मूल्यांकन के अंक और इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया गया है। 

ऐसे विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए 7 अप्रैल की शाम 4 बजे तक अंक को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय तक अंक अपलोड न किये जाने पर संबंधित परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हो जाएंगे। यदि किसी परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम प्रभावित होता है तो उसके लिए संबंधित प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक उत्तरदायी होंगे।

विद्यापीठ : कला प्रदर्शनी में दिखा छात्रों का हुनर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी और कला मेले का शुभारंभ हुआ। इसमें एक से बढ़कर एक मॉडल बनाकर विद्यार्थियों ने अपना हुनर दिखाया। किसी ने भारत माता का चित्र बनाया तो किसी ने मिशन इसरो, प्रभुश्रीराम की यात्रा पर आधारित चित्र की प्रदर्शनी लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। प्रदर्शनी मंगलवार तक चलती रहेगी। 

भारत माता मंदिर परिसर स्थित ललित कला विभाग में कुलपति प्रो. आनंद त्यागी ने वार्षिक कला मेले और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में धार्मिक, सामाजिक साधु, महिला उत्पीड़न, फोटोग्राफी एवं अन्य विषयों पर चित्र प्रदर्शित की गई जबकि कला मेला में 14 स्टाॅल लगाए गए हैं। ललित कला विभाग के अलावा महादेव पीजी कॉलेज बरियासनपुर, गंगापुर परिसर के छात्र-छात्राओं के बनाए चित्र भी प्रदर्शनी में शामिल रहे। 

छात्र-छात्राओं ने मिशन इसरो, भारत माता, प्रभु श्रीराम की यात्रा, जंगल की कला, नाथद्वारा शैली में श्रीनाथजी की कलाकृति बनाई। सांस्कृतिक संध्या में रितेश उपाध्याय ने क्लासिकल डांस, तनु गुप्ता ने दुर्गा स्तुति की प्रस्तुति दी। इस दौरान विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार विश्वकर्मा, प्रो. केके सिंह, प्रो. सतीश कुशवाहा, डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद, डॉ. स्नेहलता कुशवाहा, डॉ. रामराज, डॉ. सविता यादव आदि रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed