फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Comment on dimple yadav Doctor says phone was hacked three bodies found separately

Varanasi News: सपा सांसद पर टिप्पणी...डॉक्टर बोले- हैक हुआ था फोन, अलग-अलग मिलीं तीन लाश; पढ़ें खबरें

Fri, 24 Oct 2025 10:49 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 24 Oct 2025 10:49 AM IST
सार

Varanasi News: समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी मामले में आरोपी डॉ. अनुराग टंडन ने कहा है कि उनका मोबाइल हैक किया गया था। वहीं, वाराणसी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। आइए अब विस्तार से जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Comment on dimple yadav Doctor says phone was hacked three bodies found separately
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: सपा सांसद डिंपल यादव पर नेत्र चिकित्सक डाॅ. अनुराग टंडन की सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी को लेकर सपा के विष्णु शर्मा ने सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी से फोन पर शिकायत की। सपा नेता ने डॉ. अनुराग टंडन पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया की पत्नी पर अमर्यादित टिप्पणी किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी ने इसका पूरजोर विरोध किया है। 

विज्ञापन


वहीं, इस मामले में सीएमओ ने कहा कि प्रार्थनापत्र नहीं मिला। वहीं, इस मामले में डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि उनका मोबाइल हैक कर किसी ने दोनों पर अमर्यादित टिप्पणी की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका खंडन भी किया है। प्रशासन को पत्र लिखकर ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। 
विज्ञापन


फंदे पर लटक कर दी जान
राजातालाब थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव में आम के बगीचे में स्थानीय बचई गोंड पुत्र स्व. बुल्लू ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पेड़ की डाली पर गमछे के सहारे लटकर रही लाश देख गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

तालाब में मिली लाश
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पीछे निजी तालाब में अधेड़ की लाश मिलने से हड़कंप गया। मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंची और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने में जुटी गई थी।

खिलौने बनाने वाले का मिला शव 
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवींद्रपुरी इलाके में आचार्य रामचंद्र शुक्ला चौराहे के पास बृहस्पतिवार को सड़क के किनारे शिव प्रसाद विश्वकर्मा (34) का शव मिला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जेब से मिले वोटर आईडी से उसकी पहचान की। 

थानाध्यक्ष भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिव रामनगर थाना क्षेत्र के रस्तापुर का रहने वाला था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अत्यधिक शराब पीकर पत्नी से विवाद करता था। कश्मीरी गंज में लकड़ी का खिलौना बनाता था। किराये पर कमरा लेकर रहता था। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब पीने से मौत का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कारण स्पष्ट होगा। 

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी कैंट स्टेशन से गिरफ्तार
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले के आरोपी दीपक पटेल उर्फ सूजल (19) को कैंट पुलिस ने बृहस्पतिवार को कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ से गिरफ्तार किया। वह फूलपुर थाना क्षेत्र के लखीमपुर झरिया गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके साथ नाबालिग को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पीड़िता के पिता ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया था। कैंट थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

दहेज के लिए पति समेत 5 ससुराल वालों पर केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर इलाके में रहने वाली काजल सोनकर की तहरीर पर पति सहित 5 ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है। काजल ने तहरीर में बताया कि पर पति धर्मेंद्र, सास उषा, ससुर मुन्ना लाल, ननद निहारिका और देवर अमन दहेज के लिए मारपीट, गालीगलौज और जान से मरने की धमकी देते हैं। 21 अक्तूबर को मामूली बात को लेकर लाठी-डंडे से हमला किया और गालियां दीं। 

चेहरे, जांघ, हाथ और रीढ़ की हड्डी पर गहरी चोट आई है। आरोप लगाया कि आए दिन उससे छेड़छाड़ की जाती है। विरोध करने पर देवर पिटाई करता है। 22 अक्तूबर को पुलिस चौकी के लिए निकली तो आरोपियों ने कहा कि अगर बाहर गई तो जिंदा जला देंगे। थानाध्यक्ष भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली की रात मारपीट, चोरी के आरोप में 5 गिरफ्तार
दीपावली की रात मारपीट कर साइकिल चोरी करने वाले पांच आरोपियों को सिगरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को रेलवे पार्किंग शिवपुरवा के पास से गिरफ्तार किया। एक आरोपी जय बिंद जौनपुर के बरईपार का निवासी है। बाकी पंकज कुमार बिंद, विकास कुमार बिंद सहित दो बाल अपचारी सिगरा के रहने वाले हैं। पुलिस को शिकायत मिली थी कि दीपावली की रात सिगरा में त्योहार मना रहे लोगों से 20 से 30 लोगों ने मारपीट की। ईंट-पत्थर मारकर घर का गेट तोड़ दिया। पास में रखी साइकिल भी लेकर चले गए। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है। 

ट्रांसपोर्ट नगर में मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार
मोहनसराय ट्रांसपोर्ट नगर से मारपीट के दो आरोपियों अरुण कुमार उर्फ गोलू (20) और रोविन पटेल उर्फ निक्की (19) को रोहनिया थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि आरोपियों ने रोहनिया के श्याम बाबू से बुधवार को मारपीट की थी। उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं थीं। श्याम बाबू की मां ने रोहनिया थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। 

एक साल पहले मिली मकान गिरवाने की धमकी, अब केस
मकान गिरवाने की धमकी के एक साल पुराने मामले में बिरदोपुर की सीमा वर्मा की शिकायत पर पड़ोसी विक्रांत मणि त्रिपाठी पर भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई हुई है। महिला का कहना है कि मकान का मामला सिविल जज की अदालत में विचाराधीन है। एक मामले की जांच नगर निगम मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के पास भी चल रही है। महिला का आरोप है कि विक्रांत तीन अक्तूबर 2024 को अपने छत से कूदकर उनकी छत पर आ गया था। मकान गिरवाने की धमकी दी। सामान भी बाहर निकाल कर फेंक दिया। भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

खाना खाने जा रहे युवक पर फेंकी बोतल, केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर के आदित्य शर्मा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि 21 अक्तूबर की रात 10.20 बजे वह अपने परिवार के साथ खाना खाने जा रहा था। रास्ते में अचानक किसी ने पीछे से उस पर शराब की बोतल फेंकी। सिर में चोट लगने से काफी खून बहने लगा। परिवार के लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

मेले में गए दो भाइयों पर ईंट-पत्थर से हमला, 6 पर केस
दो भाइयों के साथ मारपीट करने वाले छह आरोपियों पर बृहस्पतिवार को भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सुदामापुर के रहने वाले रोहन कुमार सोनकर की तहरीर पर उनके भाई अविनाश और सुजल सोनकर से मारपीट करने वाले गप्पू, ईशान, लोदु, श्याम, कल्लू और काजू पर मारपीट, गालीगलौज सहित अन्य मामलों में केस दर्ज किया गया।

आरोप है कि उसके दोनों भाई बुधवार को मेला देखने गए थे। इस दौरान शंकुलधारा पोखरे के पास आरोपियों ने बिना वजह ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। जिससे भाई की नाक और शरीर के अन्य जगहों पर गहरी चोट आई। थाना प्रभारी भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

महिला से मारपीट के आरोप में तीन भाइयों पर केस
चौबेपुर के महासीपुर गांव में पारिवारिक विवाद में तीन सगे भाइयों पर चौबेपुर थाने में मारपीट का केस दर्ज किया गया। पीड़िता धर्मा देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पड़ोसी अजय, अश्विंद और अर्जुन ने पिटाई और गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। बुधवार को वह अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। रात में भी वे घर पर चढ़ आए और डराने-धमकाने लगे। आरोपी अकसर स्कूल जाते समय उन्हें और बच्चों को गालियां देते हैं। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

धोखाधड़ी में बिल्डर पति-पत्नी सहित 3 पर केस
नवादा इलाके में धोखाधड़ी के मामले में बिल्डर पति-पत्नी सहित तीन पर चितईपुर थाने में केस दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल के 24 परगना के राहुल शुक्ला की शिकायत और पुलिस आयुक्त के निर्देश पर नदेसर निवासी संतोष कुमार, धनंजय कुमार और उनकी पत्नी शिल्पा सिंह पर केस दर्ज किया गया है।

राहुल शुक्ला का आरोप है कि पिता प्रसाद शुक्ल की पैतृक जमीन चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा इलाके में है। आरोपियों ने 2017 में 3 साल में बनाकर देने का एग्रीमेंट किया था। 15 लाख रुपये देने के लिए कहा था, लेकिन तीन लाख का ही भुगतान किया गया। 2018 में राहुल शुक्ला के पिता की मौत हो गई। आरोपी ने धोखाधड़ी कर पूरी संपत्ति दूसरों को बेच दी और बाकी का पैसा भी नहीं लौटाया। 

सफाई बस्ती में दो पक्षों में चाकूबाजी, 3 पर केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र दुर्गाकुंड में सफाई बस्ती में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष आकाश और दूसरे पक्ष के गोलू के परिवार से किसी बात को लेकर मारपीट हो गई, जिसमें जमकर लाठी-डंडे चले। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच चाकू से भी हमला किया गया। कुल छह लोग घायल हुए हैं। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि आकाश के पक्ष से गोलू समेत तीन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। गोलू के पक्ष से तहरीर दी गई है। 

कुत्ते ने 8 साल के बच्चे को काटा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव संदहा में आठ साल के बच्चे विपिन राजभर को कुत्ते ने काट लिया। पिता राम सिंह राजभर ने बताया कि दोपहर में घर के पास विपिन खेल रहा था। उसी समय कुत्ते ने उसे बुरी तरह से काट लिया। घर वालों की अचानक नजर पड़ गई तो कुत्ते को हटाकर बच्चे की जान बचाई। बच्चे को परिजन चिरईगांव पीएचसी पर ले गए जहां प्राथमिक उपचार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुत्ता कई दिनों से लोगों को दौड़ाकर काटने का प्रयास कर रहा है। लोगों ने उसे पकड़ने की मांग उठाई है। 

खनन अधिकारी ने दो ट्रैक्टर, जेसीबी सीज की
चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज चौराहे के पास से बृहस्पतिवार को जिला खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा ने अवैध खनन में शामिल ट्रैक्टर और जेसीबी को सीज कर दिया। बताया कि चोलापुर में अवैध खनन की सूचना मिली थी। खुद मौके पर पहुंचा और कार्रवाई की।

टायर फटने से खंभे से टकराई कार, दंपती घायल
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बेदूपारा कट के पास बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे वाराणसी जा रही एक कार का अगला दाहिना टायर फट गया। कार बेकाबू होकर डिवाइडर व खंभे से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में कार सवार वाराणसी के अर्दली बाजार निवासी हिमांशु बरनवाल (45), उनकी पत्नी शिप्रा बरनवाल (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। कार हिमांशु चला रहे थे। शिप्रा उनके बगल की सीट पर बैठी थीं। 

राहगीरों की मदद से हिमांशु और शिप्रा को कार से निकाल कर लंभुआ सीएचसी ले जाया गया। वहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संदीप राय ने बताया कि हिमांशु दिल्ली पोस्ट ऑफिस में सिविल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। 

बेवजह पत्रावलियां रोकने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल ने बृहस्पतिवार को राजातालाब थाने का निरीक्षण कर अनियमिताओं को ठीक करने के लिए निर्देश दिया। थाना परिसर के साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव की हिदायत दी। कहा कि अनावश्यक रूप से पत्रावलियां रोकने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शस्त्रागार, मेस, बैरक, महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। राजातालाब बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त भी की। शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी निर्देश दिए। दुकानदारों को सीसी कैमरे लगाने, अतिक्रमण न करने को कहा। 

दहेज प्रताड़ना, दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज करने का कोर्ट ने दिया आदेश
विवाहिता को दहेज के लिए मारने-पीटने, प्रताड़ित करने और दुष्कर्म के मामले में अदालत ने बृहस्पतिवार को चौबेपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने आदेश चौबेपुर निवासिनी पीड़िता की प्रार्थना पत्र पर दिया। वादिनी ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसकी शादी 25 जनवरी 2003 को धौरहरा, चौबेपुर निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में पति, सास, ससुर, देवर, देवरानी आए दिन कम दहेज का ताना देते हुए पीटते थे। उसके ममेरे भाई व उसकी पत्नी भी साथ देते थे। 

देवर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर कमरे में बंद कर खाना-पीना नहीं दिया जाता था। 17 जुलाई 2025 को ससुराल वालों ने बुरी तरह से मारा पीटा। उसे गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गई। उपचार के बाद चौबेपुर थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद अदालत की शरण ली। 

वाराणसी से चित्रकूट और खजुराहो के बीच वंदे भारत ट्रेन से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन (टीडब्लूए) के सदस्यों ने वाराणसी से चित्रकूट और खजुराहो के बीच वंदे भारत चलाने की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। सदस्यों ने कहा कि खजुराहो के सांसद विष्णु दत्त शर्मा के प्रयास से ट्रेन की घोषणा हुई है। वाराणसी-खजुराहो के बीच 3 वर्षों से दोनों शहरों के पर्यटन उद्यमियों की ओर से स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन चलाने की मांग की जा रही थी। अब संचालन तिथि का इंतजार है। 

अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन चलने से वाराणसी से प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो को जोड़ते हुए एक स्पेशल टूर पैकेज तैयार किया जाएगा, जिसका लाभ यात्रियों को मिल सकेगा। महासचिव प्रदीप राय और उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि वाराणसी से बड़ी संख्या में पर्यटक पन्ना टाइगर रिजर्व जाना चाहते हैं। सचिव शैलेंद्र सिंह ने कहा प्रधानमंत्री काशी के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। 

मजलिस में समर, तफसीर ने कलाम पेश किए 
आज भी दुनिया में जिस प्रकार से हर तरफ जुल्म व सितम का सिलसिला जारी है और लोग मासूम और बेगुनाहों का कत्ल कर रहे हैं। ऐसे मौके पर शहीदे करबला इमाम हुसैन की याद आती हैै। उन्होंने अजीम कुर्बानी पेश की, जुल्म के खिलाफ अवाज बुलंद की और सारी दुनिया में इंसानियत का परचम लहराया।

उक्त बातें शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहीं। वह बृहस्पतिवार को दरगाह ए फातमान में मजलिस को खिताब कर रहे थे। मजलिस में समर बनारसी, तफसीर जौनपुरी ने कलाम पेश किया। हाजी आलिम साहब भाई, हैदर मौलाई शब्बीर हुसैन, शाहीन हुसैन ने नौहा मातम किया। इस अवसर पर बड़ी सख्या में मर्द और ख्वातिन ने देश और दुनिया में शांति व खुशहाली के लिए दुआख्वानी की। दरगाह के मुतवल्ली शफक रिजवी ने जायरीन का इस्तकबाल  किया। 

कालीमहल के अजाखाना- इमदाद-फुरकान में मजलिस का आयोजन आबिद नकवी के संयोजन में किया गया। मौलाना युसूफ मशहदी ने इमाम हुसैन व करबला वालों का किरदार बताते हुए कहा कि सभी को इमाम हुसैन के नाना हजरत मोहम्मद के बताए हुए रास्ते पर चलना चाहिए। इस अवसर पर कई शायरों ने कलाम पेश किया और अंजुमनों ने नौहाख्वानी की। शहर के विभिन्न इलाकों में दरगाहों और इमामबाड़ों में मजलिस व दुआख्वानी का आयोजन पूरी अकीदत के साथ किया गया। 

डीह भदऊबीर का हुआ वार्षिक शृंगार
भदऊचुंगी के भदऊबीर बाबा का गुरुवार को दो दिवसीय वार्षिक शृंगार हुआ। मंदिर में विशेष पूजन, भजन संध्या और बाबा की महाआरती की गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों के दर्शन पूजन का क्रम रात 11 बजे तक चलता रहा। वार्षिक शृंगार महोत्सव के प्रथम दिन बाबा का राजशाही शृंगार कर भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर का पट खोला गया। अनुष्ठान की शुरुआत पंचामृत स्नान और सिंदूर लेपन से हुई। 

इसके बाद रजत मुखौटा धारण कर बाबा को राजसी शृंगार में सजाया गया। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, विद्युत झालरों और लाइटों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शाम को बाबा को हलुवा, पूड़ी, नमकीन, मिष्ठान और कारन का भोग अर्पित किया गया। रात्रि दस बजे महा आरती के दौरान मंदिर परिसर “जय भदऊबीर बाबा की” के जयकारों से गूंज उठा। 

आरती के उपरांत आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमते रहे। समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को विशेष हवन-पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 

कलश विसर्जन के साथ पांच दिनी महालक्ष्मी पूजनोत्सव संपन्न
युवा अग्रवाल सम्मेलन की ओर से श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय श्री महालक्ष्मी पूजनोत्सव बृहस्पतिवार को संपन्न हुआ। पंच प्रतिमाओं के पुष्प शृंगार, अन्नकूट पूजन के पश्चात कलश विसर्जन किया गया। पंडित विकास महाराज ने विधि विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पंच प्रतिमाओं के समक्ष विभिन्न प्रकार के व्यंजन, पंचमेवा, मिष्ठान्न एवं फल का भोग लगाकर अन्नकूट पूजन किया। इसके बाद विसर्जन पूजा संपन्न हुई।

श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ने पंच प्रतिमाओं का दर्शन पूजन किया और महाआरती कर राष्ट्र एवं समाज की सुख समृद्धि एवं शांति के लिये आशीर्वाद मांगा। विद्यालय प्रांगण में महाबली हनुमान, माता सरस्वती, माता श्री महालक्ष्मी, माता काली एवं भगवान गणेश की प्रतिमाएं अपने पूर्व स्थान पर रखी गई। 

चालो रे चालो भक्तों खाटू धाम चाला...
श्री श्याम मंडल की ओर से 11 दिवसीय निशान शोभा यात्रा के दूसरे दिन मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से श्री श्याम निशान यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर जाकर समाप्त हुई। श्रद्धालुओं ने प्रभु के चरणों में निशान अर्पण किया। प्रभु की आरती उतारी गई और श्याम चालीसा के पाठ के बाद भक्तों में प्रसाद वितरण किया। बृहस्पतिवार को श्याम प्रभु की रंग-बिरंगे फूलों से झांकी सजाई गई। 

इसके पूर्व सर्वप्रथम श्याम ध्वजा  का पूजन संस्था के वरिष्ठ सदस्यों  ने की। भक्तों को ध्वजा देकर यात्रा का शुभारंभ किया। रास्ते भर भक्त भजन चालो रे चालो भक्तों खाटू धाम चाला..., आएगा आएगा नीले चढ़  सांवरा आएगा... गाते चल रहे थे। वाहन पर कृष्ण रूपी प्रभु श्याम चित्र फूलों से सजाया गया था। इसके पीछे समाज की महिलाएं, पुरुष, बच्चे, श्याम ध्वजा लिए चल रहे थे। संयोजन पवन कुमार अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, मुकेश गाड़ोदिया, पवन कुमार पांडेय, जागृत गाड़ोदिया, शिवांग शर्मा उपस्थित थे। 

शिव महापुराण से समस्त पापों का होता है नाश
दानगंज नियार वनस्पति गोमती घाट के किनारे शिव महापुराण कथा का शुभारंभ बृहस्पतिवार को किया गया। सुबह 9 बजे महिलाओं के द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं जल लेकर कथा स्थल वनस्पति मंदिर घाट तक पहुंचीं। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए पहुंचीं। शिव महापुराण कथा के पहले दिन कथावाचक रतन वशिष्ठ महाराज ने कहा कि शिव का अर्थ होता है कल्याण। शिव महापुराण कथा का पाठ सुनने से कलयुग में समस्त पापों का नाश होता है। शिव महापुराण में 24000 श्लोक हैं। 

भगवान झूलेलाल की ध्वजा यात्रा निकाली 
झूलेलाल भक्त सेवा समिति की ओर से कार्तिक मास में बृहस्पतिवार को भगवान झूलेलाल की ध्वजा यात्रा निकाली गई। सर्वप्रथम लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर में भक्तों ने दीपदान किया। इसके बाद सिंधी समाज के प्रमुख जय प्रकाश बालानी ने भगवान झूलेलाल की ध्वजा उठाकर यात्रा की शुरूआत की। बृहस्पतिवार को ध्वजा यात्रा लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर से संकीर्तन करते हुए प्रेम प्रकाश आश्रम, सिंधु नगर तक निकाली गई। ध्वजा यात्रा का स्वागत जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ किया गया। प्रेम प्रकाश आश्रम में भगवान विष्णु जी एवं भगवान झूलेलाल जी की भव्य आरती करके यात्रा का समापन किया गया। 

संस्था के कार्यों को बताने का लिया संकल्प
मां कर्मा जन कल्याण समिति का स्थापना दिवस समारोह बृहस्पतिवार को पराड़कर भवन में मनाया गया। इस दौरान समाज सेवकों को संस्था का प्रमाणपत्र वितरित किया गया। पदाधिकारियों ने संस्था के प्रति आस्था, विश्वास और भरोसा जताते हुए संस्था के कार्यों का जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी व्यापर मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने की। 

उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि विधायक जय किशन साहू ने प्रमाण पत्र का वितरण कर सभी को शुभकामना एवं बधाई दी। उन्होंने संस्था के मिशन को बताते हुए बताया कि मां कर्मा  जगन्नाथ मंदिर में ठाकुर जी को खिचड़ी का भोग लगाया करती थीं। 

राम की अयोध्या वापसी पर गूंजा जय श्रीराम
भारत विकास परिषद की ओर से बृहस्पतिवार को दीपावली मिलन एवं डांडिया रास का आयोजन पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में किया गया। राम, लक्ष्मण जानकी, हनुमान जी की अयोध्या वापसी पर जय श्रीराम से पूरा हाल गूंज उठा। छोटे बच्चों ने राम लक्ष्मण जानकी हनुमान का मनमोहक चित्रण प्रस्तुत किया।

उनकी आरती उतारी गई। बृहस्पतिवार को आयोजित डांडिया रास में विभिन्न राज्यों के परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। उपाध्यक्ष महिला सहभागिता रीता जायसवाल ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रभु राम के अयोध्या लौटने की खुशी के साथ ही दीपावली पर अंधकार पर प्रकाश की विजय, त्याग धर्म और कर्तव्य का संदेश मिलता है। 

डॉ. संध्या यादव लक्ष्मी श्री सम्मान से सम्मानित
शिक्षा, चिकित्सा एवं समाजसेवा  के क्षेत्र में किये गए उत्कृष्ट  के लिए एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संध्या यादव को दीपोत्सव के पावन पर्व पर टीजीटी लक्ष्मी श्री सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान ऑनलाइन प्रदान किया गया। गौरतलब है कि डॉ. संध्या समय-समय पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गरीब बस्तियों में सेवा भाव के साथ निशुल्क चिकित्सा शिविर में महिलाओं को मुफ्त मेडिकल परामर्श, जांच व दवाइयां उपलब्ध करवाती हैं। 

लक्ष्मी गणेश का किया पूजन दीपावली की दी बधाई
मारवाड़ी समाज एवं मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से बृहस्पतिवार को दीपावली मिलन समारोह मनाया गया। महमूरगंज स्थित शुभम लान में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में लक्ष्मी गणेश पूजन के बाद सभी ने एक दूसरे को दीपावली की बधाइयां दीं। राजस्थानी लोकगीत नृत्य के साथ ही एक दीपक शहीदों के नाम का आयोजन किया गया।

बृहस्पतिवार को राजस्थान से आए कलाकारों ने गणेश वंदना के पश्चात राजस्थानी लोकगीत नृत्य की प्रस्तुति दी। मारवाड़ी महिला संगठन की सदस्यों ने एक दीपक शहीदों के नाम कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद मेघा आर्केस्ट्रा म्यूजिकल बैंड ने आर्केस्ट्रा फोक डांस के साथ अद्भुत आतिशबाजी की। अंत में निशुल्क मेगा लकी ड्राॅ निकाला गया। 

संरक्षक मंडल के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि मारवाड़ी समाज का स्वर्णिम इतिहास रहा है हम समर्पण के साथ राष्ट्र के निर्माण और विकास में हर संभव योगदान करते आ रहे हैं। संस्था के प्रधानमंत्री मनोज जाजोदिया ने बताया कि समाज में जो बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं उन्हें आगे पढ़ने के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था की गई है और जो बच्चे पढ़ लिखकर नौकरी तलाश में है उन्हें संस्था के लोगों द्वारा नौकरी दिलाने में सहायता की जा रही है। संस्था द्वारा रमेश कुमार चौधरी, उमाशंकर अग्रवाल, दीपक बजाज, प्रदीप तुलस्यान सहित वरिष्ठ लोगों का अंगवस्त्र के साथ स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। 

कोनिया के नक्कटैया जुलूस में निकले 45 लाग विमान
श्री नवयुवक बाल सभा रामलीला ट्रस्ट कोनिया राजघाट का नक्कटैया जुलूस बृहस्पतिवार की रात को निकला। शोभायात्रा में 45 लाग विमान पर निकली झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ऊंट, घोड़े, मां काली की झांकी, शिव पार्वती, मां दुर्गा और महिषासुर की झांकी देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही। देर रात तक लोगों ने नक्कटैया जुलूस का आनंद उठाया। 

बृहस्पतिवार को नक्कटैया की शुरूआत रात्रि नौ बजे राजघाट स्थित काशी रेलवे स्टेशन से हुई। लक्ष्मण द्वारा नाक काटने के बाद शूपर्णखा खर दूषण से अपनी व्यथा कहती है। इसके बाद खर दूषण अपनी सेना लेकर राम और लक्ष्मण पर हमला करने निकलते हैं। इसके साथ ही लाग विमानों का भी सिलसिला शुरू हो गया। 

समिति के अध्यक्ष रमाशंकर सिंह ने बताया कि नक्कटैया के लाग विमान नया महादेव से भैंसासुर, जीटी रोड होते हुए पंचायती कुआं, सहदेव राम मुखिया मार्ग से, कोनिया सट्टी से गेंदा फैक्ट्री, कोनिया गांव, कोनिया धोबी घाट होते हुए कोनिया कज्जाकपुरा पर भगवान श्री राम के मंच के पास पहुंचे। नक्कटैया मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। इस दौरान व्यवस्थापक बेचन लाल मौर्य, संस्थापक मोतीलाल मौर्य, प्रेमचंद कुशवाहा, सूचना मंत्री चंदन मौर्य, धर्मचंद मौर्य, उपाध्यक्ष सोमनाथ मौर्य, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह मौर्य सहित समिति के लोग मौजूद थे।

तरना उपकेंद्र से दो घंटे नहीं रहेगी बिजली
तरना उपकेंद्र में मरम्मत के चलते शुक्रवार की सुबह 10 से 12 बजे के बीच बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली निगम के अनुसार तरना से पोषित शिवपुर, पार्वती मिल, गणेशपुर और एयरटेल फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान पैनलों के आवश्यक अनुरक्षण, मरम्मत की जाएगी।  साथ ही बिजली तारों के निकट आने वाली पेड़ों की डालियां की कटाई-छटाई के लिए बंद रहेगी। 

ट्रॉमा सेंटर में अब डिजिटल पेमेंट सिस्टम
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने ट्राॅमा सेंटर में डिजिटल पेमेंट सिस्टम और कियोस्क का शुभारंभ किया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को बिल भुगतान और पंजीकरण में लगने वाली लंबी लाइन से निजात मिलेगी। इस दौरान ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन का भी उद्घाटन किया गया। इससे मरीजों को कैशलेस सिस्टम से पीने का साफ पानी और खाने-पीने का सामान मिल सकेगा। इस दौरान प्रो. एसएन संखवार और डाॅ. साैरभ सिंह मौजूद रहे। 

नागनथैया की लीला 25 अक्तूबर को
अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास की ओर से होने वाली नागनथैया लीला (कालियदमन) 25 अक्तूबर को होगी। काशी के लक्खा मेले में शुमार नागनथैया लीला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने बताया कि तुलसी घाट पर गोस्वामी तुलसीदास द्वारा स्थापित श्रीकृष्ण लीला की यह सबसे बड़ी एवं प्रसिद्ध लीला है। नागनथैया की लीला सायं 3:00 बजे आरंभ होगी और भगवान श्रीकृष्ण ठीक समय 4:40 पर कदंब के पेड़ से कूदेंगे और कालियानाग को नाथकर उसके फन पर विराजमान नृत्य मुद्रा में वेणु वादन करते हुए जल से बाहर होकर भक्तों को दर्शन देंगे। 

पांच सितारा होटल का नक्शा 3 दिन में स्वीकृत
वीडीए ने आईएचसीएल (ताज) गेट-वे सारनाथ लक्जरी पांच सितारा होटल का मानचित्र स्वीकृत किया। सारनाथ के पर्यटक क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 192 उच्च श्रेणी के कमरों का होटल बनेगा। यह होटल अकथा में बनाया जा रहा है। वीडीए की ओर से तकनीकी परीक्षण पूर्ण कर मात्र 03 दिन में अनुमोदन प्रदान किया। इस होटल में 9471.07 वर्ग मीटर भूमि पर 44.75 मीटर ऊंचाई वाले भवन का निर्माण प्रस्तावित है। 10 मंजिल होटल में हर प्रकार की सुविधा होगी। प्रत्येक तल पर 24 कुल 192 कमरे होंगे। भवन के बेसमेंट व ओपेन पार्किंग मिलाकर 190 कार पार्किंग है। 

वरुणा और असि नदी का तैयार होगा डिजिटल नक्शा
गंगा की सहायक नदियां वरुणा और असि नदी के दिन अब जल्द बहुरने वाले हैं। इसके लिए प्रशासन ने ड्रोन सर्वे शुरू करा दिया है। बृहस्पतिवार से शुरू हुए सर्वेक्षण के लिए वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग (वीटीओएल) ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। सर्वे के बाद दोनों नदियों का डिजिटल मानचित्र तैयार किया जाएगा। इससे इनके कायाकल्प में सभी परिस्थितियों और बाधाओं को स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। 

नदियों का यह हवाई सर्वेक्षण हरहुआ (वाराणसी) से प्रारंभ होकर प्रयागराज के मैलहन झील तक किया जाएगा। सर्वे ऑफ इंडिया के सर्वेक्षण अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस सर्वे से वरुणा और उसकी सहायक नदियों का सटीक डिजिटल मानचित्र तैयार होगा। यह डेटा नदी संरक्षण, तट विकास, अतिक्रमण रोकथाम और शहरी नियोजन से जुड़ी योजनाओं के लिए आधार तैयार करेगा। यदि सभी एनओसी समय से मिले तो सर्वे 10 नवंबर तक पूरा हो जाएगा। 

बीएचयू के छात्र का विश्व के सबसे बड़े टेलीस्कोप पर रिसर्च के लिए चयन
बीएचयू के छात्र रहे डॉ. योगेश कुमार यादव विश्व के सबसे बड़े टेलीस्कोप एटलास्ट-2 प्रोजेक्ट में रिसर्च का काम करेंगे। बीएचयू के भौतिक विज्ञान विभाग से पीएचडी कर चुके डॉ. योगेश कुमार यादव का चयन विश्व के सबसे बड़े सब मिलीमीटर टेलीस्कोप एटलास्ट 2 प्रोजेक्ट के लिए चयन किया गया। डॉ. योगेश को इस अनुसंधान के लिए करीब 4.57 लाख रुपये (4500 यूरो) की फेलोशिप भी दी गई है। 

यह अत्याधुनिक दूरबीन दक्षिण अमेरिका के चिली स्थित अटाकामा मरुस्थल में स्थापित की जाएगी। डॉ. योगेश ने हाइड्रोजन ऊर्जा पर अपना शोध कार्य बीएचयू के भौतिकी विभाग से पूरा किया है। उनके शोध निर्देशक प्रो. एम अबु शाज और प्रो. टीपी यादव हैं। उन्होंने बीएचयू के भौतिक विज्ञानी हाइड्रोजन मैन के नाम से विख्यात पद्मश्री प्रो. ओएन श्रीवास्तव की लैब में काम सीखा है। हाइड्रोजन स्टोरेज पर कई रिसर्च पेपर प्रकाशित कर चुके हैं। 

प्रोफेसर बने कार्डियोथोरेसिक सर्जन ऑफ द ईयर
बीएचयू के प्रो. संजय कुमार को नई दिल्ली में कार्डियक सर्जन ऑफ द ईयर राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। नेशनल कार्डियोवस्कुलर समिट एंड अवार्ड्स बीट में यह अवार्ड पाने वाले वह प्रदेश के इकलौते और देश के पांचवें डॉक्टर रहे। इस सम्मान कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र सिंह रहे। प्रो. संजय कुमार को एडवांस कार्डियक केयर के क्षेत्र में निरंतर प्रतिबद्धता, निष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के चलते ये सम्मान मिला। 

आज 100 युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र
डाक विभाग के ओर से शुक्रवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में 100 से अधिक युवाओं को रोजगार का नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इसके लिए विभाग के ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल  उपस्थित रहकर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। वह युवाओं को संबोधित कर करियर के लिए प्रोत्साहित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री कमलेश पासवान युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले के विधायकों और मंत्रियों को भी डाक विभाग के ओर से आमंत्रित किया गया है। 

कुलपति को भेंट की विष्णु अवतारों की किताब
बीएचयू के कुलपति को भारतीय कला और शास्त्र में विष्णु के स्वरूपों और उनके रूपांकन से संबंधित किताब भेंट की गई। मूर्तिकला विशेषज्ञ प्रो. मारुतिनंदन तिवारी और कला इतिहास के डॉ. शांति स्वरूप सिन्हा ने ‘विष्णु : फॉर्म्स एंड आइकोनोग्राफी’ शीर्षक की किताब कुलपति को देते हुए बताया कि इस किताब में भगवान विष्णु के अलग अलग स्वरूपों की विवेचना की गई है। साथ ही ये भी बताया कि शिल्पशास्त्रों में विष्णु के विभिन्न स्वरूपों और उनके भारत वर्ष के विभिन्न मंदिरो और संग्रहालयों में अभिव्यक्ति की शास्त्रसम्मत विवेचना और वर्तमान में उन स्वरूपों की मूर्तियों की उपासना की जरूरत की भी बात कही। 

Varanasi News Comment on dimple yadav Doctor says phone was hacked three bodies found separately
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू में डेटा एंड एआई लैब का उद्घाटन
आईआईटी बीएचयू में बृहस्पतिवार को डेटा एंड एआई लैब का उद्घाटन किया गया। आईडीएपीटी भवन में बना यह लैब इनोवेशन और प्रैक्टिकल शिक्षा को बढ़ावा देने वाले छात्रों के कॅरिअर को बेहतर करेगी। इस लैब में 32 उच्च-स्तरीय एप्पल  डेस्कटॉप, एज्योर क्लाउड एक्सेस, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा और क्यूरेटेड लर्निंग मॉड्यूल्स की सुविधाएं दी गईं हैं। 

इससे आईआईटी बीएचयू के छात्र और शोधकर्ता एक लाइव, इंटरप्राइज-ग्रेड वातावरण में रियल लाइफ अनुभव मिलेगा। वास्तविक दुनिया की एआई और डेटा साइंस एप्लीकेशन की खोज कर सकेंगे। यह लैब चार रिसर्च प्रोजेक्ट का समर्थन करेगी जो बड़े सामाजिक जरूरतों को पूरा करेगी। 

एआई आधारित सिलेबस और स्टडी मटेरियल तैयार किया जाएगा। इस दौरान निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस भविष्य की ताकत है। यह विकसित और विकासशील दोनों देशों में औद्योगीकरण की अगली बड़ी क्रांति का प्रतिनिधित्व कर रहा है। तकनीकी संस्थानों को युवा पीढ़ी में एआई शिक्षा को तेजी से आगे बढ़ाने में नेतृत्व करना चाहिए। 

164 विद्यालयों में ही लग सके ओपन जिम व झूले
जिले के सभी 1143 प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के शारीरिक विकास व मनोरंजन के लिए ओपन जिम और झूले लगाए जा रहे हैं। इसके लिए पर्याप्त संख्या में उपकरण उपलब्ध हैं, लेकिन कागजी औपचारिकताएं पूरी होने में हो रही देरी के कारण अभी तक महज 164 विद्यालयों में ही इन्हें लगाया जा सका है। शेष उपकरण बीएसए कार्यालय परिसर में पानी, कीचड़ और धूल खा रहे हैं।

प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सरकार व शासन की ओर से कई प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन देने के साथ ही समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जांच भी कराई जाती है। इसी क्रम में उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत और सेहतमंद बनाने के लिए विद्यालयों में ओपन जिम की सुविधा दी जा रही है।

बच्चे कसरत कर सकें, इसके लिए विद्यालय परिसर में ओपन जिम और उनके मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए जा रहे हैं। लेकिन टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण उपकरण लगाने की गति सुस्त पड़ गई है। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि ओपन जिम और झूले लगाने की प्रक्रिया में तेज हो गई है। जल्द से जल्द इन उपकरणों को कार्यालय परिसर से हटाकर संबंधित विद्यालयों में इंस्टाल कर दिया जाएगा। 

अयोध्या के दीपोत्सव में बीएचयू के छात्रों ने बनाया था तिलक द्वार
अयोध्या में दीपोत्सव पर बीएचयू के छात्रों ने तिलक द्वार बनाकर क्रिएटिविटी दिखाई। दृश्य कला संकाय के अप्लाइड आर्ट्स विभाग के अध्यक्ष के प्रो. मनीष अरोड़ा और शोधार्थी राहुल कुमार शॉ के डिजाइन पर गेट को तैयार किया गया था। 

यह विशाल द्वार हनुमान गुफा मार्ग पर 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पास स्थापित किया गया था। आर्ट टीम ने पिछले साल हुई ग्लोबल डिजाइन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया था। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने राम मंदिर के मुख्य द्वार के लिए डिजाइन आमंत्रित किया था। टीम ने दीपोत्सव के भाव को मूर्त रूप देने के विचार पर काम शुरू किया। 

2025 में हुए दीपोत्सव में राम की पैड़ी पर 26 लाख दीये जलाए जाने और 9वें दीपोत्सव में दो नए विश्व रिकॉर्ड बनाए गए। इसके अलावा, तैयारियों के हिस्से के रूप में एक तिलक प्रवेश द्वार बनाया गया था। इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करने के लिए बनाया गया था। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर भी 1.89 करोड़ की लागत से एक भव्य तिलक प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया। इसको लेकर महीनों पहले से ही तैयारियां चल रहीं थीं। 

समाजसेवी की मां का मरणोपरांत नेत्रदान
आई बैंक सोसाइटी के आजीवन सदस्य समाजसेवी अनुराग चन्द्रा की मां मीरा रानी चन्द्रा का मरणोपरांत नेत्रदान हुआ। उनके मृत्यु की सूचना पर डाॅ. ऋषभ साह व डाॅ. अजय मौर्या द्वारा नेत्रदान की प्रक्रिया को पूर्ण कराया गया। इस अवसर पर शान्तनु चन्द्रा व परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

चन्द्रा परिवार ने नेत्रदान को अपने परिवार की परम्परा बनाकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर वाराणसी आई बैंक सोसाइटी के कार्यालय में आयोजित शोक सभा में मीरा रानी चन्द्रा को श्रद्धाजलि अर्पित की गई। जिसमें अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार साह, उपाध्यक्ष बृजेश माहेशवरी, सचिव डाॅ. सुनील साह, अर्चना साह, डाॅ. श्रेया केशरी व अन्य सदस्य सम्मिलित हुए। 

पूर्व मंत्री व विधायक ने जताया शोक
सेवापुरी ब्लॉक के सिखड़ी गांव के समाजवादी शिक्षक सभा वाराणसी के जिलाध्यक्ष केशनाथ यादव के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक राजित राम यादव (75) का बीमारी के चलते मंगलवार की शाम निधन हो गया। भदोही विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक जाहिद बैग व पूर्व लोक निर्माण मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने शोक जताया। शोक व्यक्त करने वालों में अली शेर खान, अखिलेश सिंह मुन्ना आदि शामिल रहे। 

सेचू लाल के निधन पर जताया शोक
संत गाडगे धर्मशाला चौबेपुर स्थित धोबी धर्म संसद में धर्मशाला प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष सेचू लाल कन्नौजिया के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। गोसाईपुर छोटा चोलापुर के रहने वाले सेचू लाल का 20 अक्तूबर को निधन हो गया था। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अध्यक्षता नंदलाल और संचालन दयाराम ने किया। शोक सभा में प्रवीण चंद, संतलाल, बंशलोचन, छांगुर चौधरी, सोहन चौधरी, सदर अमीन शामिल रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed